भिवानी। सिवानी में गधे की मौत के मामले में गो रक्षा दल ने सोमवार को लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गो रक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने आरोप लगाया कि सिवानी में एक गधे को डंडों से पीटकर उसकी टांग तोड़ दी गई और सिर में गंभीर चोट पहुंचाई गई। इसके बाद घायल गधे ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि बेजुबान जानवर के साथ हुई क्रूरता के दोषी को सजा मिलनी चाहिए। संजय परमार के मुताबिक, गौ रक्षा दल ने 27 सितंबर को सिवानी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दो दिनों तक एसएचओ से कार्रवाई की मांग की गई, मगर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद डीएसपी सिवानी से शिकायत की गई, जिसके बाद 30 सितंबर को गधे का मेडिकल कराया गया और आरोपी को इलाज कराने के लिए कहा गया।