विश्व सफाई दिवस पर नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था द्वारा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। स्थानीय महम रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग परिसर में आयोजित अभियान के दौरान परिसर की साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का नेतृत्व संस्था के पर्यावरण रक्षक एवं जेई बिजेश जावला ने किया। उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जावला ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है। यदि हम अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की आदत डालें तो स्वच्छता को एक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके उसका उचित निपटान करें।