भिवानी। चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय लोहारू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प कार्यक्रम' के तहत जाने-माने समाजसेवी रामचंद्र स्वामी द्वारा चलाया गया दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान संपन्न हुआ। अभियान के दूसरे दिन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलजीत सिंह ने समाजसेवी रामचंद्र स्वामी के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं सफाई के प्रतीक स्वरूप झाड़ू भेंट कर सम्मानित किया। समाजसेवी रामचंद्र स्वामी पिछले करीब 14 वर्षों से सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों, बस स्टैंड, पुलिस थाने, न्यायालय परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। वे प्रतिदिन करीब 4 से 5 घंटे सफाई कार्य में लगाते हैं। क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए वे समय-समय पर अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाते रहते हैं। प्रधानमंत्री के गांव में भी चला चुके हैं सफाई अभियान रामचंद्र स्वामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी श्रद्धा के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के गांव बड़नगर में कई बार सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री से मिलने के उद्देश्य से वे दो बार करीब 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा भी कर चुके हैं। स्वच्छता और सेवा के प्रति उनके समर्पण के कारण क्षेत्र में उन्हें 'मोदी भगत' के नाम से भी जाना जाता है।