बवानीखेड़ा कस्बे में रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 83 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका बवानरीखेड़ा के वार्ड नंबर 13 की 83 वर्षीय बिमला देवी चार बच्चों की मां थी। भिवानी जीआरपी पुलिस चौकी प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सुबह जिला नागरिक अस्पताल चौकी से सूचना मिली थी कि बवानीखेड़ा निवासी बिमला देवी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतका के बेटे कृष्ण के बयान दर्ज किए गए हैं। बयानों में बताया गया कि बिमला देवी सामान्य अस्पताल से दवाई लाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनके बाएं हाथ की कलाई कट गई और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि बवानीखेड़ा में रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों को रेलवे लाइन पार करने से रोका जाए, ताकि इस तरह के हादसों को टाला जा सके। संवाद