सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गोबिंद नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धार्मिक समागम की शुरुआत हो गई है। समागम के दौरान गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति का अलौकिक माहौल बना हुआ है,जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। समागम का शुभारंभ करते हुए महिला स्त्री सत्संग जत्थे ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में गुरबाणी का मनोहर जाप और कीर्तन प्रारंभ किया। मधुर कीर्तन और वाहेगुरु के सिमरन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। दूसरी ओर, गुरु घर की निस्वार्थ सेवा में सिख संगत का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रकाश पर्व पर आयोजित होने वाले विशाल लंगर के लिए युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने मिलकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेवादारों की टोलियां सब्जी काटने, रोटियां बेलने, बर्तन संभालने और गुरुद्वारा परिसर की साफ-सफाई व सजावट की व्यवस्था में पूरी श्रद्धा के साथ जुटी हुई हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरबंस सिंह सिद्धू ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कीर्तन दरबार और कथा विचार का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्त संगत से परिवार सहित समागम में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने और लंगर छकने की अपील की है।