1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के जिन गुमनाम नायकों को अंग्रेजों ने पेड़ों पर लटकाकर गोलियां मारीं और कोल्हू चलवाए, उनकी आत्मिक शांति के लिए शनिवार को शहीद स्मारक में हवन-यज्ञ किया गया। इसके साथ ही 600 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह भव्य स्मारक आम जनता के लिए खोल दिया गया है। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने हवन में आहुति डालने के बाद यह जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत में मंत्री विज ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना से 28 वर्ष पूर्व अंबाला छावनी से शुरू हुई आजादी की पहली लड़ाई के इतिहास को भुला दिया गया था। उन्हीं वीर शहीदों की स्मृति में यह देश का इकलौता ऐसा स्मारक बनाया गया है, जहां 1857 की क्रांति के सभी शहीदों की गाथा प्रदर्शित है। गृह मंत्री अमित शाह ने पांच नवंबर को इसका लोकार्पण किया था। आधार बिना बुकिंग रद्द, रोजाना 500 दर्शकों को प्रवेश विज ने बताया कि ट्रायल रन के तहत फिलहाल प्रतिदिन केवल 500 लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रवेश निशुल्क रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना आधार कार्ड के की गई कुछ शुरुआती बुकिंग रद्द कर दी गई हैं और अब ऑनलाइन बुकिंग के लिए आधार अनिवार्य है। इन खाली हुए स्लॉट्स पर नए लोग बुकिंग कर सकते हैं। जल्द ही पेड बुकिंग भी शुरू की जाएगी। 23 गैलरी और श्रद्धांजलि कक्ष बने आकर्षण स्मारक में कुल 23 गैलरी हैं, जिन्हें देखने में करीब छह घंटे का समय लगता है। रात में लाइट एंड साउंड शो भी होगा। विज ने दर्शकों से विशेष रूप से उस गैलरी में जाने का आह्वान किया, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का नाम भी दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को स्मारक दिखाने के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है, ताकि युवा पीढ़ी सही इतिहास जान सके। विज ने देखी खुद की बनाई फिल्म, पहले दर्शकों का स्वागत हवन के बाद मंत्री विज ने टिकटिंग व्यवस्था का जायजा लिया और स्वयं द्वारा निर्मित फिल्म देखी, जिसमें अंबाला की क्रांति में बलिदान हुए 135 लोगों (जिनमें 33 बंदी शामिल थे) की गाथा दर्शाई गई है। वहीं, स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने बताया कि पहले दिन स्लॉट के अनुसार पहुंचे दर्शकों का फूल भेंटकर स्वागत किया गया।