1857 की क्रांति के अमर बलिदानियों की गौरवगाथा को जीवंत करने वाला अंबाला छावनी का भव्य शहीद स्मारक आज से आमजन के लिए विधिवत रूप से खोल दिया गया। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में आयोजित विशेष समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की पावन आहुतियों के साथ इस ऐतिहासिक धरोहर को जनता को समर्पित किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की उद्गम स्थली रहा है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को हमारे वीर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता रहेगा। उन्होंने इसे न केवल अंबाला बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का प्रतीक बताया। अत्याधुनिक तकनीक, लाइट एंड साउंड शो और ऐतिहासिक दीर्घाओं से सुसज्जित यह स्मारक पर्यटकों और युवाओं में देशभक्ति का संचार करेगा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अब आम नागरिक और पर्यटक प्रतिदिन इस भव्य स्मारक का भ्रमण कर गौरवशाली इतिहास से रूबरू हो सकेंगे।