अंबाला। हरियाणा के बिजली निगमों में कार्यरत मीटर रीडरों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को ऊर्जा मंत्री अनिल विज से मुलाकात की। पिछले 16-17 वर्षों से निजी कंपनियों के अधीन काम कर रहे कर्मचारियों ने ठेकेदारी प्रथा को खत्म कर पक्की नौकरी और जॉब सिक्योरिटी की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि हर दो-तीन साल में टेंडर बदलने से नई कंपनियां कम रेट पर ठेका लेती हैं।इसका सीधा असर उनके वेतन पर पड़ता है। मीटर रीडर बिजली निगमों का राजस्व जुटाने वाली रीढ़ हैं, लेकिन आज तक उन्हें न तो सम्मानजनक वेतन मिला और न ही रोजगार सुरक्षा। कर्मचारियों का ज्ञापन लेते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा, यह मांग पत्र मेरे लिए केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रेम पत्र है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और सकारात्मक समाधान निकालने का भरोसा दिया।