ब्रह्मपुरी स्थित गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीबीएसएसएस) के छात्रों ने साबित कर दिया है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल के मैदान में भी किसी से पीछे नहीं हैं। स्कूल के चार होनहार छात्र वंशू कुमार, नैतिक, श्रेयांश जैन और हरीश का चयन प्रतिष्ठित दिल्ली स्टेट अंडर-19 फुटबॉल टीम में हुआ है। इससे पहले इन खिलाड़ियों ने जोनल स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था। ये सभी होनहार खिलाड़ी स्कूल के कोच अमित कुमार के मार्गदर्शन में नियमित और कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। कोच अमित ने छात्रों की तारीफ करते हुए बताया कि ये चारों बच्चे न केवल खेल की बारीकियों में माहिर हैं, बल्कि पढ़ाई में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।