नोएडा के सेक्टर-134 स्थित जेपी विशटाउन के कॉसमॉस सोसाइटी के निवासियों का बढ़ते मेंटेनेंस शुल्क और अन्य समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने विरोध जताने के लिए अपना खुद का गीत भी तैयार किया है। इसके जरिए वे एकजुट होकर अपनी मांगें उठा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि एसएएम शुल्क, प्लास्टर-पेंटिंग, सुरक्षा और मेंटेनेंस से जुड़ी समस्याएं किसी एक व्यक्ति या टावर की नहीं, बल्कि पूरी सोसाइटी के परिवारों से जुड़ी हैं। उन्होंने अन्य निवासियों से भी धरने में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि सभी के एकजुट होने से उनकी आवाज और मजबूत होगी।