ग्रेटर नोएडा में यूजीसी को वापस लेने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सवर्ण स्वाभिमान मंच ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर तीन घंटे का मौन उपवास किया। उपवास के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मंच पदाधिकारियों ने मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारी और समर्थक सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे। सुबह 10 बजे मौन उपवास शुरू हुआ, जिसमें धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दोपहर एक बजे तक प्रदर्शनकारी मौन उपवास पर बैठे रहे। इस दौरान धरनास्थल पर देशभक्ति के गीत बजते रहे। मौन उपवास समाप्त होने के बाद मंच के संयोजक कपिल शर्मा ने कहा कि सरकार ने मनमाने तरीके से यूजीसी लागू किया है। इसे वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर लागू करने, एससी-एसटी एक्ट में कानूनी संशोधन करने और ईडब्ल्यूएस की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए दादरी पुलिस ने वरिष्ठ नेता पीतांबर शर्मा के आवास पर परमानंद शर्मा और रामकुमार शर्मा को दोपहर दो बजे तक रोके रखा। इसके अलावा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी उनके घरों पर रोके जाने का आरोप लगाया गया। दोपहर दो बजे के बाद उन्हें छोड़ा गया।