नोएडा के सेक्टर-150 में बढ़ते वायु प्रदूषण और सड़कों पर उड़ती धूल के विरोध में शनिवार को 15 आवासीय सोसाइटियों के निवासी प्रदर्शन कर रहे हैं। निवासियों ने एटीएस प्रिस्टीन के पास लगे हाइट बैरियर को हटाने और भारी वाहनों की आवाजाही पुश्ता रोड से सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि मिट्टी और निर्माण सामग्री से भरे ट्रकों के रिहायशी सड़कों से गुजरने के कारण धूल बढ़ रही है। इससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। निवासियों ने बिना नंबर प्लेट और तेज गति से चलने वाले ट्रकों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सड़कों की नियमित सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और अतिक्रमण हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नोएडा प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपील की।