बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के चाई-4 स्थित आदर्श विहार सोसाइटी में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार चालक ने स्कूल जा रही एक मासूम बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की चपेट में बच्ची के आने की घटना दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि बच्ची सुबह स्कूल जाने के लिए सोसाइटी परिसर से निकल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आई और बच्ची को टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर लगने से बच्ची सड़क पर गिर गई और उसके पैर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्ची को संभाला और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद सोसाइटी में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि आवासीय परिसर में बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही रहती है, ऐसे में वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखनी चाहिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।