बिसरख कोतवाली पुलिस ने कैपिटल एथेना सोसाइटी के फ्लैट में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोहेब (21) निवासी आनंद विहार कॉलोनी मसूरी-डासना गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की ज्वैलरी, अन्य सामान और 537 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी सोहेब सोसाइटी के एक फ्लैट में कारपेंटर का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने सामने वाले फ्लैट की रेकी की और घर खाली मिलने पर किचन के रास्ते अंदर घुसकर अलमारी से ज्वैलरी चोरी कर ली। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कैपिटल एथेना सोसाइटी निवासी मनुजपुरी ने शिकायत दी थी कि 1 सितंबर को अज्ञात चोर उनके फ्लैट में घुस गया। चोर घर से सोने के दो कंगन, एक अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की चेन व अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर दो सितंबर को बिसरख कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। गुरुवार को चौकी प्रभारी राइस सिटी उपनिरीक्षक धवल प्रताप श्रीवास्तव की टीम ने चेकिंग के दौरान बाबा इलायची प्लांट से पहले कट के पास से सोहेब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से मुकदमे से संबंधित चोरी का सामान बरामद हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह टावर-6 के फ्लैट नंबर-707 में कारपेंटर का काम कर रहा था। उसके सामने फ्लैट नंबर-702 था। 1 सितंबर को उसे पता चला कि फ्लैट में कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद वह किचन के रास्ते फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ। कमरे में रखी अलमारी से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी करने के बाद वह किचन के रास्ते ही बाहर निकल गया। यह सामान हुआ बरामद आरोपी के कब्जे से रोज गोल्ड सेट, जिसमें एक चेन, दो टॉप्स और डायमंड लगी एक अंगूठी बरामद की है। इसके अलावा पीली धातु की एक अंगूठी, छह कंगन, सफेद धातु का ब्रेसलेट, छोटी चेन, तीन बिछवे और एक लॉक बरामद हुआ। तीन मोरनुमा लॉकेट लगी एक चेन और मुकदमे से संबंधित 537 रुपये नकद भी मिले हैं। बरामद माल की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। आरोपी पिछले कई दिन से वहां काम कर रहा था। आरोपी मेंटेनेंस विभाग की तरफ से काम कर रहा था। घटना के वक्त पीड़ित परिवार घर से बाहर था।