गुरुग्राम में सुशांत लोक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अलग पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित सिग्नेचर टावर से साउथ सिटी फेज-1 तक करीब 200 मीटर पाइपलाइन डाली जा रही है। इसका कुछ हिस्सा बिछाया जा चुका है। बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ था, जिसे अब तेजी से पूरा किया जा रहा है। योजना के तहत सिग्नेचर टावर के पास पानी की मुख्य लाइन पर वाल्व लगाया जाएगा। दरअसल, वर्तमान में सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन से उद्योग विहार, एमजी रोड (डीएलएफ) और सुशांत लोक क्षेत्र में एक ही मास्टर लाइन से पानी की आपूर्ति होती है। लाइन में लीकेज या किसी तकनीकी समस्या के कारण तीनों क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। इसे देखते हुए जीएमडीए तीनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पाइपलाइन बिछा रहा है। नई पाइपलाइन से सेक्टर-29, सेक्टर-30 के साउथ सिटी फेज-1, सैनीखेड़ा और सिलोक्हेरा, सेक्टर-31, सेक्टर-39 पार्ट, सेक्टर-40, सेक्टर-41 के साउथ सिटी फेज-1 और सेक्टर-43 के सुशांत लोक-1 क्षेत्र को लाभ मिलेगा।