नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल चार दिन बढ़ी, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप - सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर, चारों ओर फैल रही है गंदगी गुरुग्राम। हरियाणा सरकार के अड़ियल रवैये और वादाखिलाफी के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने अपनी हड़ताल चार दिन और बढ़ा दी है। यह हड़ताल अब 27 से 30 अगस्त तक जारी रहेगी। बुधवार को कर्मचारी 21वें दिन भी हड़ताल पर रहे। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल का असर है कि चारों ओर गंदगी फैल रही है। सैकड़ों की संख्या में हड़ताली सफाई कर्मचारी सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पुराना नगर निगम कार्यालय से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। उन्होंने उपमंडल अधिकारी हितेंद्र शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार को ज्ञापन सौंपा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के कार्यकारी राज्य अध्यक्ष अनूप धानक ने हड़ताल का समर्थन किया। लोक निर्माण विभाग मैकेनिकल वर्कर यूनियन 41 ने भी कर्मचारियों को समर्थन दिया। कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर गलत बयान प्रचारित कर आम जनता और कर्मचारियों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को शहर में फैल रही गंदगी और बीमारियों की चिंता नहीं है। अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी राज्य उप प्रधान बसंत कुमार ने सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि 30 अगस्त तक मानी गई मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं होते, तो यह हड़ताल पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हो जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने पुलिस दमन और कर्मचारियों की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। सीटू और सर्व कर्मचारी संघ गुरुग्राम सहित कई अन्य संगठनों ने भी हड़ताल को समर्थन दिया।