नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे को स्वच्छ और बेहतर बनाने को कहा। सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने सीएंडडी वेस्ट डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) की अवैध डंपिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एनएचएआई को इसके लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी सीएंडडी वेस्ट डालते हुए पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों का रखरखाव, स्वच्छता और हरियाली सुनिश्चित करना एनएचएआई की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में नगर निगम गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के अधिकारी उपस्थित थे। प्रदीप दहिया ने सभी विभागों को अपनी सड़कों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने उद्योग विहार क्षेत्र में एचएसआईआईडीसी को सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।