दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए बीएस-6 से नीचे वाले पेट्रोल व डीजल वाहनों की बॉर्डर पर जांच की जा रही है, ताकि उक्त वाहन राजधानी दिल्ली में प्रवेश न कर सकें। गुरुग्राम पुलिस द्वारा दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख प्रवेश मार्गों एमजी रोड स्थित आया नगर, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित ग्वाल पहाड़ी, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सरहोल बॉर्डर, गुरुग्राम-नजफगढ़ रोड स्थित बजघेड़ा, ओल्ड दिल्ली रोड स्थित कापसहेड़ा बॉर्डर पर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जैसे ही कोई बीएस-4 वाहन या पुराना प्रतिबंधित वाहन मिल रहा है, उसे तुरंत बॉर्डर से वापस गुरुग्राम की ओर मोड़ दिया जा रहा है।