फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम: एक आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, दूसरे का मकान सील

गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने दो आदतन अपराधियों के अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए मकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान एक मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया और दूसरे को सील कर दिया गया। प्रशासन के दस्ते के साथ पुलिस ने यह अभियान चलाया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम सहित कुल दस मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दावा किया कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई। गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अशोक विहार फेज-3 के रहने वाले आरोपी आजाद उर्फ कालू के अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। यह मकान एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास लगभग 50 वर्ग गज में अवैध रूप से कब्जाया गया था। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संबंधित विभागों के समन्वय से यह कार्रवाई की। वहीं, दूसरे आरोपी गुरुग्राम गांव छोटी माता मंदिर के पास 12 बिस्वा निवासी बीरू कुमार के मकान को सील किया गया। यह मकान लगभग 100 वर्ग गज में अवैध रूप से कब्जाया गया था। एंटी नारकोटिक्स सेल की गुरुग्राम टीम ने संबंधित विभागों के समन्वय से इसे सील किया। आजाद उर्फ कालू के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट और अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। ये मामले पुलिस थाना सेक्टर-5 और पुलिस थाना उद्योग विहार में दर्ज हैं। दूसरे आरोपी बीरू कुमार के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या, अपहरण और मारपीट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। ये मामले पुलिस थाना सेक्टर-14, पुलिस थाना सिटी और पुलिस थाना सेक्टर-9ए में दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस नागरिकों को अपराध और अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने के लिए संकल्पित है। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था कायम रखी गई। पुलिस ने कहा कि आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ ऐसे सख्त अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य गुरुग्राम को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाना है। यह कार्रवाई संबंधित विभागों के समन्वय से पूरी की गई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें