गुरुग्राम में सरहौल स्थित आंबेडकर भवन का नवीनीकरण कर विस्तार किया जाएगा। नगर निगम की ओर से शुरू कराए गए कार्य के बाद भवन की क्षमता बढ़कर 300 लोगों की हो जाएगी। अभी यहां 100 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था नहीं है, जिससे बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी होती है। स्थानीय पार्षद ज्योत्सना यादव और विपिन यादव ने बताया कि नवीनीकरण के तहत भवन के पुराने सीमेंट के फर्श को हटाकर विट्रीफाइड टाइल्स लगाई जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर के मुख्य हॉल का आकार बढ़ाया जाएगा। वहीं, बाहर बैठने की व्यवस्था के लिए छत पर शेड लगाया जाएगा। प्रथम तल के हॉल का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर एक साथ दो छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।