राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों ने सोमवार को आंदोलन के दूसरे चरण के तहत काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार से समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग पूरी करने की अपील की। एनएचएम कर्मचारी संघ के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर काम किया और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में एमएमजी अस्पताल, सभी अर्बन पीएचसी, सीएचसी मुरादनगर, सीएचसी मोदीनगर, भोजपुर, बम्हेटा और डीसीएच संजय नगर समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने कहा कि एनएचएम के तहत लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन नहीं मिल रहा है। साथ ही नियमितीकरण की मांग भी लंबित है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन के तहत विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। एनएचएम कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष हिमानी कौशिक और जिला महामंत्री डॉ. चेतन वर्मा ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और सरकार से जल्द समाधान की उम्मीद है।