देहरादून के मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में सोमवार को फर्नीचर की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल के कुल छह वाहन लगाए गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से कॉम्प्लेक्स में आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया था। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।