देहरादून में पार्षद के घर परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नेपाल के रहने वाले नौकर ने वारदात को अंजाम दिया और घर से सामान लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई। तीनों को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पार्षद अमिता सिंह के घर करीब 25 दिन पहले नेपाल निवासी एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए नौकर रखा गया था। आरोप है कि बुधवार को उसने परिवार के सदस्यों को खाने-पीने की किसी वस्तु में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में चले गए। इसी दौरान नौकर ने घर में रखे नकदी, जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गया। परिवार के सदस्यों के होश में आने के बाद घटना की जानकारी हुई। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल सिनर्जी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने नौकर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि नौकर को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन कराया गया था या नहीं। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। फरार नौकर की गिरफ्तारी के बाद ही लूटे गए सामान और घटना में इस्तेमाल किए गए नशीले पदार्थ के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।