कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूटी में आग लगी। आग लगते ही चालक वाहन खड़ा कर मौके से भाग निकला। कुछ ही देर में स्कूटी धू-धू कर जलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी चालक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और दूर भाग गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। आने-जाने वाले लोग रुक गए और कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर 112 और दमकल वाहन को बुलाया गया, वहीं कटघोरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन पूरी तरह जल चुका था, नंबर प्लेट भी नहीं दिख रहा था, इसलिए मालिक का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन चालक गाड़ी छोड़कर जा चुका था। शिकायत आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग कैसे और किन परिस्थितियों में लगी, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।