कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात लगातार दो हादसों से अफरातफरी मच गई। दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि भीड़ पर कार चढ़ने से आरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मारपीट भी हुई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
पहला हादसा नवलपुर के पास हुआ। दो बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर में युवक धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी, जिसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुकी। बताया जा रहा है कि यदि कार गश्ती वाहन से न टकराती तो हादसा और भी भीषण हो सकता था। जानकारी के अनुसार कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी इस हादसे में घायल हो गया।
धनेश्वर की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में हाईवे पर हुए इस घटनाक्रम से अफरातफरी का माहौल रहा।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक की मौत हुई है, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।