मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर तहसील अंतर्गत जनकपुर के भगवानपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान 31 वर्षीय वंश बहादुर सिंह ने अपने पिता बिरन सिंह पर लाठी से हमला कर दिया। सिर के पीछे गंभीर चोट लगने से बिरन सिंह की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी गांव में ही छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जनकपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रकरण में अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के बाद आरोपी भगवानपुर के बघवार मोहल्ले में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने इलाके की घेराबंदी की और वंश बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाठी घर के सामने खेत से बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।