रियाद में सुपुर्द-ए-खाक किए गए यूसुफ अली: हूती के हमले में गई थी जान, अंतिम विदाई में भारतीय राजदूत रहे मौजूद
रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में भारतीय नागरिक को रियाद में अंतिम विदाई दी गई। उनके सुपुर्दे खाक की प्रक्रिया में सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल शामिल हुए और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
विस्तार
#Update regarding Riyadh airport attack on Oct 10. The family of late Mr. Mohammed Yousuf Ali, who passed away in the attack on Riyadh airport, has decided to conduct the funeral in Riyadh itself. Mission is providing all assistance to the bereaved family including completion of all formalities for the funeral. Mission officials have visited the hospitals where injured nationals are undergoing treatment. Three persons continue to be in ICU, and two more have been admitted in the ICU, two remain in the normal ward, and rest have been discharged. The Embassy remains in constant touch with their family members and providing all possible support. @MEAIndia @DDNewslive
— India in Saudi Arabia (@IndianEmbRiyadh) October 12, 2026
अंतिम संस्कार में शामिल हुए भारतीय राजदूत
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। दूतावास के मुताबिक, राजदूत विपुल और मिशन के अधिकारी मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए। राजदूत ने परिवार से मुलाकात कर दुख जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार को यह भी भरोसा दिया कि दूतावास की ओर से आगे भी हर संभव सहायता जारी रहेगी।
एयरपोर्ट पर हमले में गई थी भारतीय नागरिक की जान
मोहम्मद यूसुफ अली की मौत 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में हुई थी। इस हमले में कई लोग घायल भी हुए थे, जिनमें 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं। सऊदी अरब ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
परिवार की मदद के लिए आगे आया भारतीय दूतावास
दूतावास ने बताया कि मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार को जरूरी सहायता दी गई। साथ ही, अंतिम संस्कार से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने में भी मदद की गई, ताकि परिवार को इस कठिन समय में प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए परेशान न होना पड़े। दूतावास ने कहा कि वह प्रभावित परिवार के संपर्क में बना हुआ है और जरूरत के मुताबिक मदद उपलब्ध करा रहा है।
अस्पतालों में भर्ती घायलों का भी लिया जा रहा हाल
हमले में घायल भारतीय नागरिकों की स्थिति जानने के लिए भारतीय दूतावास के अधिकारी अस्पतालों का दौरा भी कर रहे हैं। वहां इलाज करा रहे लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। इसके साथ ही, घायलों के परिवारों से भी लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। दूतावास का कहना है कि प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
भारत ने हमले को बताया पूरी तरह अस्वीकार्य
भारत ने रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। भारत ने कहा कि सऊदी अरब में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर बार-बार किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। भारत ने ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग भी की है। भारत का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है और नागरिक ठिकानों पर हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।
भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। दूतावास ने लोगों को जरूरत पड़ने पर घरों के भीतर रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही, लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों की हिदायतों का पालन करें।
ये भी पढ़ें: इल्हान उमर के घर एफबीआई की छापेमारी: भारत विरोधी हैं अमेरिकी सांसद, ट्रंप लगा चुके हैं भाई से शादी का आरोप
हमले में कई देशों के नागरिकों की भी हुई मौत
इस हमले में मोहम्मद यूसुफ अली के अलावा कई अन्य देशों के नागरिकों की भी जान गई। मृतकों में सऊदी अरब के चार नागरिक, बांग्लादेश के दो नागरिक, फिलिस्तीन, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान का एक-एक नागरिक शामिल था। हमले में अलग-अलग देशों के लोगों की मौत ने इस घटना की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। वहीं, घायल भारतीय नागरिकों के इलाज और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय दूतावास लगातार काम कर रहा है।