Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates UN committee Shivani Gupta Space visual west asia russia ukraine crisis pak china politics news

वर्ल्ड अपडेट्स: UN की बजट सलाहकार समिति में भारतीय राजनयिक; अंतरिक्ष में खगोलविदों को दिखा अनोखा नजारा

Sun, 08 Nov 2026 05:04 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 08 Nov 2026 05:04 AM IST
विज्ञापन
World Updates UN committee Shivani Gupta Space visual west asia russia ukraine crisis pak china politics news
विदेश की समाचार सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला

किसी तारे की मौत के बाद उसके ग्रहों का क्या होता है? खगोलविदों ने इसका एक अनोखा नजारा देखा है। उन्हें एक मृतप्राय तारे के बचे हुए घने केंद्र यानी सफेद बौने के चारों ओर ग्रहों के मलबे से बने दो छल्ले मिले हैं। यह खोज अरबों साल बाद हमारे सौरमंडल के भविष्य की झलक दे सकती है। जे1328-1450 नाम का यह सफेद बौना तारा पृथ्वी से 1,600 प्रकाश वर्ष दूर कन्या तारामंडल में है। चिली स्थित यूरोपीय दक्षिणी वेधशाला की दूरबीन से हुए अध्ययन में इसके आसपास धूल व गैस के दो अलग-अलग छल्ले दिखाई दिए। इससे पहले ऐसे 21 तारों के आसपास मलबे की एक ही चक्राकार संरचना देखी गई थी। वैज्ञानिकों के मुताबिक, तारा पहले लाल दानव में बदला और फिर बाहरी परतें खोकर सफेद बौना बन गया। इस दौरान कुछ ग्रह नष्ट हो गए, जबकि कुछ चट्टानी पिंड बच गए। इनमें से कुछ तारे के गुरुत्वाकर्षण के करीब पहुंचकर टूट गए और मलबा फैल गया। बचे हुए दो बड़े पिंडों ने मलबे को छल्लों का आकार दे दिया।

विज्ञापन

संयुक्त राष्ट्र की बजट सलाहकार समिति में चुनी गईं शिवानी गुप्ता

भारतीय राजनयिक शिवानी गुप्ता को संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक और बजटीय प्रश्नों संबंधी सलाहकार समिति (एसीएबीक्यू) का सदस्य चुना गया है। वह जनवरी 2027 से 2029 तक तीन साल के कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र के बजट और संसाधनों से जुड़े प्रस्तावों पर सलाह देंगी। समिति में 21 सदस्य होते हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा अलग-अलग देशों के व्यापक भौगोलिक प्रतिनिधित्व के आधार पर चुनती है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के योगदान के पारदर्शी और प्रभावी इस्तेमाल को सुनिश्चित करना है।

विज्ञापन
Trending Videos

World Updates UN committee Shivani Gupta Space visual west asia russia ukraine crisis pak china politics news
पार्टी कार्यकर्ता के रूप में आडवाणी के साथ नरेंद्र मोदी (फाइल) - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
न्यूजीलैंड चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं
न्यूजीलैंड के आम चुनाव में शनिवार को 80 फीसदी से ज्यादा मतों की गिनती के बाद भी किसी दल या गठबंधन को स्पष्ट जीत नहीं मिली। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की नेशनल पार्टी और उसके सहयोगी दलों को संसद में बहुमत के लिए जरूरी 65 सीटों से सिर्फ एक अधिक यानी 66 सीटें मिलने के संकेत हैं। विदेश में रहने वाले और चुनाव के दिन यात्रा पर गए मतदाताओं के विशेष मतों की गिनती बाकी है, जो पहले के चुनावों में वामपंथी दलों के पक्ष में रही है। नेशनल पार्टी को 41, एसीटी को 13 और न्यूजीलैंड फर्स्ट को 12 सीटें मिलने का अनुमान है। क्रिस हिपकिंस के नेतृत्व वाला लेबर पार्टी गठबंधन बहुमत से पीछे दिखा। हिपकिंस ने हार स्वीकार नहीं की और कहा कि नतीजे पूरी तरह समझने में अभी समय लगेगा। चुनाव में 38 वर्षीय किउले वॉग की नई अपॉच्युनिटी पार्टी ने भी पहली बार संसद में जगह बनाने के संकेत दिए हैं। पार्टी को पांच फीसदी से अधिक मत और सात सीटें मिलती दिख रही हैं। वोंग ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह किसी भी पक्ष के साथ सरकार बनाने के लिए बातचीत कर सकती हैं।
विज्ञापन

अमेरिका के फोर्सिथ में 26 साल में 160 से 52 हजार हुई भारतीय आबादी
अमेरिका के जॉर्जिया स्थित फोर्सिथ काउंटी का इतिहास नस्ली हिंसा से जुड़ा रहा है। करीब दो सदी पहले यहां चेरोकी मूल अमेरिकियों को बेदखल किया गया, जबकि 1912 में हिंसा के बाद अश्वेतों को भी इलाका छोड़ना पड़ा। अब इसी जमीन पर करीब 52 हजार भारतीय बस चुके हैं। वर्ष 2000 में इनकी संख्या महज 160 थी। आज वे काउंटी की आबादी का 16 फीसदी हैं। भारतीय परिवारों ने यहां बड़े घर खरीदे हैं और मंदिर, दुकानें व रेस्तरां खोलकर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी औसत सालाना आय करीब 1.5 लाख डॉलर है। अच्छे स्कूल और भारतीय बाजार उन्हें यहां आकर्षित करते हैं, लेकिन स्थानीय लोगों से मेलजोल अब भी चुनौती है। वेणु चल्ला के मुताबिक, पहली पीढ़ी के प्रवासियों को स्थानीय समाज में घुलने-मिलने में समय लगता है।
विज्ञापन

पैराशूट उलझे, हवा में टकराए दो स्काइडाइवरों की मौत
कैलिफोर्निया में स्काइडाइविंग के दौरान हवा में टकराने से दो अनुभवी स्काइडाइवरों की मौत हो गई। उतरने की तैयारी के दौरान जमीन से करीब 46 मीटर ऊपर दोनों के पैराशूट आपस में उलझ गए और वे नीचे गिर पड़े। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वे लाइसेंसधारी स्काइडाइवर थे। हादसा शुक्रवार को एक संगठित स्काइडाइविंग कार्यक्रम के दौरान हुआ।

गाजा में राहत सामग्री रोकने का आरोप, हमास ने इस्राइल और 'बोर्ड ऑफ पीस' को ठहराया जिम्मेदार
गाजा में मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है। इस्राइल पर राहत सामग्री की आपूर्ति रोकने का आरोप लगाते हुए हमास ने कहा है कि जानबूझकर गाजा के लोगों की मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं। संगठन ने 'बोर्ड ऑफ पीस' और उसके उच्च प्रतिनिधि निकोलाई म्लादेनोव को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। हमास का कहना है कि सर्दियों का मौसम नजदीक है, लेकिन विस्थापित फिलिस्तीनियों तक जरूरी राहत सामग्री नहीं पहुंच पा रही है।

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) के अनुसार, हमास ने रविवार को जारी बयान में कहा कि गाजा में राहत सामग्री के प्रवेश को रोका जा रहा है। इससे पहले से मुश्किल हालात में रह रहे लोगों की परेशानी और बढ़ रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि 'बोर्ड ऑफ पीस' और उसके उच्च प्रतिनिधि निकोलाई म्लादेनोव की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसका खामियाजा गाजा में विस्थापित लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

हमास ने मध्यस्थ देशों और संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस्राइल पर मानवीय सहायता से जुड़े नियमों का पालन करने का दबाव बनाएं। संगठन ने कहा कि गाजा पट्टी में राहत सामग्री पहुंचाने का रास्ता सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को जरूरी मदद मिल सके।

बारिश ने बढ़ाई विस्थापितों की परेशानी
इस बीच, फिलिस्तीनी सूचना केंद्र ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार से जारी भारी बारिश और तूफानी मौसम के कारण गाजा के कई इलाकों में विस्थापित लोगों के टेंट पानी में डूब गए हैं। इससे पहले से कठिन परिस्थितियों में रह रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दरअसल, लंबे समय से जारी संघर्ष में बड़ी संख्या में फिलिस्तीनियों के घर तबाह हो चुके हैं। ऐसे में लाखों लोग अपने घरों से दूर टेंटों, अस्थायी शिविरों और क्षतिग्रस्त इमारतों में रहने को मजबूर हैं। उनके पास ठंड और बारिश से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं।

बारिश के कारण अस्थायी ठिकानों में पानी भरने और सर्दी बढ़ने से लोगों के सामने रहने और जरूरी सुविधाएं जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। गाजा में लंबे समय से जारी संघर्ष ने आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे में वहां मानवीय सहायता की जरूरत लगातार बनी हुई है।

ओमान सागर में जहाज में  लगी आग: यूएई कोस्ट गार्ड ने 22 लोगों को बचाया
ओमान सागर में एक मालवाहक जहाज में अचानक आग लग गई। घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के कोस्ट गार्ड ने जहाज पर सवार चालक दल के सभी 22 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया। अमीरात समाचार एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी। बचाए गए सभी लोग अरब देशों के नागरिक थे। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

यूएई नेशनल गार्ड के मुताबिक, कोस्ट गार्ड को जहाज से संकट संदेश मिलने के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। संदेश में बताया गया था कि जहाज में आग लग गई है। बचाव दल ने सभी 22 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। हालांकि, जहाज में आग लगने की वजह और उसे हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में आग लगने का दावा
इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने रविवार तड़के दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से कथित तौर पर अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकरा गए

अमेरिका की यूनिवर्सिटी में दो अलग-अलग गोलीबारी, एक की मौत और तीन घायल
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना स्थित विंस्टन-सलेम स्टेट यूनिवर्सिटी में घर वापसी समारोह के दौरान दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं हुईं। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के सहायक प्रमुख जेसन स्वैम के मुताबिक, दोनों घटनाएं शनिवार को यूनिवर्सिटी परिसर में हुईं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों गोलीबारी की घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिसर में लगाया गया लॉकडाउन भी हटा दिया गया है और फिलहाल कैंपस सुरक्षित है। यूनिवर्सिटी की चांसलर बोनिटा जे. ब्राउन ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हिंसा से पूरे विश्वविद्यालय समुदाय को झटका लगा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर वापसी समारोह से जुड़े बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्रों और जरूरतमंद लोगों के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed