विदेश के समाचार: ट्रंप के बचपन का घर 20 लाख डॉलर में बिका; ब्रिटिश पायलटों को फास्ट जेट उड़ाना सिखाएगा भारत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बचपन का घर करीब 20 लाख डॉलर में बिक गया है। नवीनीकरण के बाद यह क्वींस का घर आधुनिक बन गया। ट्रंप चार साल की उम्र तक जमैका एस्टेट्स में इस घर में रहे थे। उनके पिता फ्रेड ट्रंप ने इसे 1940 में बनवाया था। शुक्रवार को इसका बिक्री मूल्य 19.3 लाख डॉलर दिखा। विक्रेता टॉमी लिन ने पिछले साल इसे 8.35 लाख डॉलर में खरीदा था। लिन ने आठ महीने में 5 लाख डॉलर खर्च कर इसका नवीनीकरण कराया, जिसमें आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गईं। यह घर 2017 में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद 21.4 लाख डॉलर में भी बिका था। 2019 में इसे 29 लाख डॉलर में बेचने की कोशिश हुई, पर यह बिका नहीं। इस दौरान घर में पानी का नुकसान, सांचा और जंगली बिल्लियां रहने लगी थीं।
ब्रिटिश पायलटों को फास्ट जेट उड़ाना सिखाएगा भारत
भारतीय वायु सेना के पायलट ब्रिटेन में रॉयल एयर फोर्स के युवा पायलटों को फास्ट-जेट (लड़ाकू विमान) उड़ाने की ट्रेनिंग देंगे। इसके लिए भारतीय वायु सेना के तीन क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स वैली बेस पर पहुंच गए हैं। भारतीय वायु सेना के अनुसार, 1932 में ब्रिटिश रॉयल एयर फोर्स ने भारत के पहले सैन्य पायलटों को प्रशिक्षण दिया था। करीब सदी भर बाद भारतीय पायलट ब्रिटेन के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान पायलटों को तैयार करेंगे।
नेपाल जलप्रलय के दो हफ्ते बाद भी बचाव कार्य जारी हैं। चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में टीमें सुरंग के अंदर दाखिल हो गई हैं और कीचड़, पत्थर व अन्य मलबा हटाते हुए लगभग 115 मीटर आगे बढ़ चुकी हैं। नेपाली सेना के अनुसार, टीम टनल में लगभग 400 मीटर अंदर तक पहुंच गई है। रसुवागढ़ी, रसुवा भोटेकोशी, लांगटांग, त्रिशूली-3ए और अपर त्रिशूली-3बी जलविद्युत परियोजना स्थलों पर भी तलाशी अभियान जारी है।
इंसानों नशे के लिए ड्रग्स का इस्तेमाल 25 हजार साल पहले से कर रहे थे। एक नए शोध में यह दावा किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के ग्रिफिथ विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर मिले दो इंसानों के प्राचीन अवशेषों का अध्ययन किया। इनके दांतों पर गहरे और गोल निशान मिले। शोध के मुताबिक, ये निशान एक खास सुपारी को मुंह में रखकर चूसने की वजह से बने थे। इसे सुपारी को खाने से हल्का नशा और शरीर को ज्यादा उत्साह महसूस हो सकती है। यह इंसानों द्वारा किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल का सबसे पुराना सबूत हो सकता है।
एथेंस। 21 साल के बेटे को सड़क हादसे में खोने के कुछ ही महीनों बाद ग्रीस के एक दंपती के घर फिर किलकारी गूंजी। 54 वर्षीय क्रिस्टीना राप्टी-त्जेलेपी और उनके 60 वर्षीय पति कांस्टेंटिनोस ने 22 साल से अधिक समय से फ्रीज किए गए भ्रूण की मदद से बुधवार को एक बच्ची का स्वागत किया। दंपती ने उसका नाम जॉर्जिया रखा है, जो उनके दिवंगत बेटे जियोर्गोस की याद में है। जियोर्गोस की बीते साल अक्तूबर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस गहरे सदमे के बीच दंपती ने परिवार में फिर से एक नई जिंदगी लाने का फैसला किया। एथेंस के अस्पताल में जन्मी बच्ची का वजन 3.49 किलोग्राम है और वह स्वस्थ है।