फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Russia Ukraine West Asia Crisis PAK China Nepal Bangladesh Politics Crime and other big news

World: ट्रंप के बेटे की हत्या पर ईरान में 95 करोड़ इनाम; प्रशांत महासागर में ड्रग्स तस्करों पर US का हमला

Tue, 25 Aug 2026 06:40 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 25 Aug 2026 06:40 AM IST
विज्ञापन
World Updates Russia Ukraine West Asia Crisis PAK China Nepal Bangladesh Politics Crime and other big news
world updates - फोटो : अमर उजाला

ईरान की सरकारी टीवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन ट्रंप की हत्या करने वालों को 1 करोड़ डॉलर (करीब 95 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित करने के दावे वाला वीडियो प्रसारित किया है। इस वीडियो को आईआरजीसी से संबद्ध चैनल 3 ने प्रसारित किया है। सरकारी चैनल पर प्रसारित एक वीडियो में 20 वर्षीय बैरन ट्रंप को निशाना बनाया गया। इस वीडियो में ग्राफिक के जरिये बैरन की सुरक्षा, ठिकानों और दैनिक गतिविधियों का विवरण दिखाया गया है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। उल्लेखनीय है कि ट्रंप के परिवार को ईरान ने पहले भी धमकी दी है।

विज्ञापन

प्रशांत महासागर में ड्रग्स तस्करों पर US का हमला
अमेरिकी सेना ने सोमवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में एक पोत पर हमला किया। इसमें ड्रग्स तस्करी के आरोपी दो लोग मारे गए। यह लगभग दो महीने में घोषित पहला ऐसा हमला है। करीब एक साल से चल रहे इस अभियान में 60 से अधिक हमलों के बाद 210 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। US सदर्न कमांड ने इसे "घातक काइनेटिक स्ट्राइक" बताया। पेंटागन ने पोत में ड्रग्स होने का कोई सबूत नहीं दिया। जनरल फ्रांसिस डोनोवन ने "नारको-आतंकवादियों" को खत्म करने की प्रतिबद्धता जताई। ट्रंप प्रशासन लैटिन अमेरिकी देशों में अपनी कार्रवाई बढ़ाने के लिए समझौते कर रहा है। आलोचकों ने इन हमलों की वैधता और प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं। पेंटागन का वॉचडॉग हमलों के लक्ष्य निर्धारण ढांचे की जांच करेगा।

विज्ञापन


चीन को एआई सर्वर के अवैध निर्यात करने का मामला, ताइवान ने कंपनियों के कर्मचारियों पर आरोप लगाया
ताइवान में नौ लोगों पर चीन को उच्च-स्तरीय एआई सर्वर के अवैध निर्यात का आरोप लगाया गया है। अभियोजकों के मुताबिक आरोपियों में एनवीडिया (Nvidia) से एक और सुपर माइक्रो (Super Micro) से दो कर्मचारी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद चीन और अमेरिका के बीच एआई प्रतिस्पर्धा में नए सिरे से टकराव की आशंका है। अमेरिका ने 2022 में एनवीडिया के उन्नत चिप्स के चीन को निर्यात पर प्रतिबंध लगाए थे। अभियोजकों ने बताया कि इसमें शामिल सर्वर B300 ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट थे, जिनकी चीन को बिक्री प्रतिबंधित है। कुल 74 सर्वर चीन पहुंचे, जिनमें से 50 इंडोनेशिया के रास्ते, 16 सीधे और आठ जापान व हांगकांग के माध्यम से भेजे गए। 56 सर्वर के एक अन्य प्रयास में विफलता मिली और वे ताइवान में ही रह गए। अभियोजक नौ में से चार आरोपियों के लिए अधिकतम पांच साल की सजा की मांग कर रहे हैं, जिनमें एनवीडिया प्रबंधक चांग भी शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

इटली : 120 किमी के तूफान   में गुलाटियां मारने लगे विमान
इटली में 120 किलोमीटर घंटा की रफ्तार से आए एक भीषण तूफान ने जबरदस्त तबाही मचाई है। तूफान के कारण के फोर्ली एयरपोर्ट पर पार्किंग में खड़े कई हल्के व ट्रेनिंग विमान खिलौनों की तरह गुलाटियां मारने लगे और फिसलने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है।

अमेरिका के नियाग्रा एयरपोर्ट पर खत्म हुआ जेट फ्यूल, विमान खड़े
अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के चीकटोवागा शहर में स्थित बफेलो नियाग्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तेल खत्म हो गया है। इस वजह से वहां मौजूद किसी भी प्लेन में फ्यूल भरने का काम नहीं हो पा रहा है। एयरपोर््ट अथॉरिटी के मुताबिक प्लेन जहां थे, वहीं रुक गए हैं। इसके बारे में विमानन कंपनियों को सूचित कर दिया गया है।

दुर्लभ ब्रेन-ईटिंग अमीबा से 8 साल की बच्ची की मौत
अमेरिका के लुइसियाना में झील में तैरने के बाद दुर्लभ और घातक ब्रेन-ईटिंग अमीबा से संक्रमित आठ वर्षीय बच्ची लिलियन स्मार्ट की मौत हो गई। रस्टन निवासी लिलियन ने हाल ही में शनिवार को अपना जन्मदिन मनाया था। संक्रमण की आशंका क्लेबोर्न पैरिश स्थित लेक क्लेबोर्न में तैरने के दौरान जताई गई थी। लिलियन 15 अगस्त से अस्पताल में भर्ती थी।

इंडोनेशिया में जंगलों की आग से कोहराम, दक्षिण सुमात्रा में बारिश के लिए 3,000 लोगों ने की विशेष प्रार्थना
इंडोनेशिया के दक्षिण सुमात्रा प्रांत में भीषण जंगलों और पीटलैंड (पीट की भूमि) में लगी आग और उससे फैले जहरीले धुएं से निपटने के लिए लोगों ने आध्यात्मिक सहारा लिया है। मंगलवार को प्रांतीय राजधानी पालेमबांग में गवर्नर कार्यालय के प्रांगण में लगभग 3,000 लोग कंधा से कंधा मिलाकर एकत्र हुए और बारिश के लिए 'सलात इस्तिक्का' नामक विशेष इस्लामिक प्रार्थना की। दक्षिण सुमात्रा इस समय देश में सबसे अधिक 1,429 हॉटस्पॉट के साथ आग से सर्वाधिक प्रभावित प्रांत बना हुआ है, जहां अकेले जुलाई के महीने में सैकड़ों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर खाक हो चुके हैं।

धुएं से मलेशिया-ब्रुनेई तक सांसों का संकट
अल नीनो और लंबे सूखे मौसम के कारण भड़की इस आग का धुआं अब पड़ोसी देशों मलेशिया और ब्रुनेई तक पहुंच गया है। शहर में धुंध के कारण विजिबिलिटी इतनी घट गई है कि दिन में भी वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। दक्षिण सुमात्रा के गवर्नर हरमन डेरून ने कहा कि हमने हर संभव प्रशासनिक कदम उठाए हैं, लेकिन एक विश्वासी समाज के नाते हम ईश्वर से बारिश की प्रार्थना भी कर रहे हैं। 

श्रीलंका ईस्टर संडे ब्लास्ट मामला: 22 सितंबर को आएगा मुख्य आपराधिक केस का फैसला, 279 लोगों की हुई थी मौत

कोलंबो उच्च न्यायालय ने साल 2019 के भयावह ईस्टर संडे आत्मघाती बम धमाकों के मुख्य मामले में फैसला सुनाने के लिए 22 सितंबर की तारीख तय की है। तीन सदस्यीय ट्रायल बार ने 547 दिनों की सुनवाई और 2,309 गवाहों के बयानों के बाद यह निर्णय सुरक्षित रखा। 21 अप्रैल 2019 को हुए इन सिलसिलेवार हमलों में 45 विदेशी नागरिकों समेत 279 लोगों की जान गई थी। मामले में मुख्य आरोपी नौफर मौलवी समेत 24 अभियुक्तों पर मुकदमा चल रहा है। इससे पहले, लापरवाही के आरोप में पूर्व पुलिस प्रमुख और पूर्व रक्षा सचिव को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।

रोहिंग्या संकट पर संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी, फंडिंग कटौती से संकट में 10 लाख लोगों की जान
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 2017 की भयानक हिंसा के करीब एक दशक बाद रोहिंग्या संकट पर दुनिया से तुरंत सख्त कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि म्यांमार और बांग्लादेश में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थी भारी असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय सहायता में हो रही कटौती ने उनके भोजन और दवाइयों के जीवन रक्षक मदद को रोक दिया है। म्यांमार से जान बचाकर भागे करीब 10 लाख रोहिंग्या आज भी बांग्लादेश के कॉक्स बाजार शिविरों में रहने को मजबूर हैं। यूएन प्रमुख ने साफ कहा कि जब तक म्यांमार में हालात सुधरते नहीं, तब तक शरणार्थियों की सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी संभव नहीं है। उन्होंने वैश्विक समुदाय से एकजुट होकर म्यांमार में राजनीतिक समाधान निकालने और वित्तीय सहायता जारी रखने की जोरदार मांग की है।

कोलंबो में चीनी सिगरेट की तस्करी करते दो भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका के बंदरनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पुलिस ने दो भारतीय नागरिकों को अवैध चीनी सिगरेट ले जाते हुए पकड़ा है। पकड़े गए लोगों में एक 33 साल का निर्माण मजदूर और एक 38 साल की शिक्षिका शामिल है। दोनों आरोपी चीन से 278 कार्टन में भरी 55,600 सिगरेट खरीदकर सिंगापुर के रास्ते श्रीलंका पहुंचे थे। उन्होंने इन सिगरेटों को तीन बैगों में छिपा रखा था, जिनकी कुल कीमत लगभग 8,34,000 श्रीलंकाई रुपये बताई जा रही है। एयरपोर्ट पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उन्हें नेगोम्बो मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed