फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Mamdani govt-owned grocery stores Iran US War West Asia Nepal China Polity Crime and other news

World News Updates: अमेरिका से मुआवजा लेने वाले जहाजों को होर्मुज से निकलने की अनुमति नहीं : ईरान

Tue, 28 Jul 2026 10:40 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 28 Jul 2026 10:40 PM IST
विज्ञापन
World Updates Mamdani govt-owned grocery stores Iran US War West Asia Nepal China Polity Crime and other news
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

ईरान की सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक, ईरान के मुख्य सैन्य कमान, खात्म अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर्स ने मंगलवार को कहा कि जो भी देश या कंपनी ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों से मुआवजा स्वीकार करेगी, उसके जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कमान के एक प्रवक्ता ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि खाड़ी क्षेत्र में ईरान से हुए नुकसान का भुगतान ईरान के फ्रीज किए हुए धन से किया जाएगा।

विज्ञापन


प्रवक्ता ने कहा कि ईरान का मानना है कि इन जहाजों को नुकसान अमेरिका की सैन्य गतिविधियों से पैदा हुई असुरक्षा के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि जहाज होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में एक ऐसे समुद्री रास्ते का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसे ईरान गैरकानूनी और असुरक्षित मानता है। प्रवक्ता ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल उन सभी देशों या कंपनियों के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने से रोक देंगे, जो इस तरह का मुआवजा स्वीकार करेंगे।
विज्ञापन


सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका के नियंत्रण में मौजूद ईरानी धन का इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट में संघर्ष के दौरान क्षतिग्रस्त हुए जहाजों के नुकसान की भरपाई के लिए किया जाएगा। एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने पैसे से शिपिंग कंपनियों को मुआवजा नहीं देगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका सीधे कंपनियों को भुगतान करेगा, तो ट्रंप ने कहा, “नहीं। हम ईरान के पैसे का इस्तेमाल करेंगे ताकि उनकी ओर से किए गए नुकसान का भुगतान किया जा सके।”
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि दूसरे शब्दों में, ईरान का वह पैसा जो हमारे नियंत्रण में है, नुकसान की भरपाई के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। ट्रंप ने यह नहीं बताया कि अमेरिका के नियंत्रण में ईरान का कितना पैसा है, किन शिपिंग कंपनियों को मुआवजा मिलेगा और भुगतान किस तरीके से किया जाएगा।

टैरिफ से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुकसान नहीं होगा, इससे अरबों डॉलर का निवेश आएगा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि जबरन श्रम (फोर्स्ड लेबर) से जुड़े उत्पादों पर लगाए गए नए टैरिफ से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को कोई नुकसान नहीं होगा। उनका कहना है कि इन टैरिफ के कारण देश में सैकड़ों अरब डॉलर का निवेश आएगा।  ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि इस साल की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट द्वारा इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (आईईईपीए) के तहत लगाए गए शुल्क को रद्द किए जाने के बाद फोर्स्ड लेबर टैरिफ उसी उद्देश्य को हासिल करने का दूसरा तरीका है।

अर्थव्यवस्था पर हाल में लगाए गए टैरिफ के असर को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, "नहीं, क्योंकि इससे सैकड़ों अरब डॉलर आ रहे हैं।" पिछले सप्ताह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएस ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव) ने व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 के तहत 60 देशों पर 10 प्रतिशत से लेकर 12.5 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया था। अमेरिका का कहना है कि इन देशों ने जबरन श्रम से तैयार वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया।

ट्रंप ने कहा, "नहीं, नहीं, टैरिफ को लेकर अफसोस सिर्फ इतना है कि मुझे इसे लागू करने के लिए कठिन रास्ता अपनाना पड़ा, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने बहुत करीबी फैसले में मेरे खिलाफ फैसला दिया।" उन्होंने कहा, "अब मेरे पास वही काम करने के दूसरे तरीके हैं, लेकिन वे अधिक जटिल हैं। हालांकि, टैरिफ ने इस देश को बहुत संपन्न बनाया है। इसने अमेरिका को समृद्ध किया है।" ट्रंप ने दावा किया कि टैरिफ लगाने की चेतावनी से आठ में से पांच संघर्ष रुक गए, जिनमें पिछले वर्ष भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ संघर्ष भी शामिल है।

म्यांमार में आम नागरिकों पर बढ़े हमले
म्यांमार में नए सैन्य नेतृत्व के आने के बाद आम नागरिकों पर हमले तेज हो गए हैं। एक्लेड की रिपोर्ट के अनुसार, नए सैन्य प्रमुख ये विन ओ के पद संभालने के बाद से सैन्य दमन और हवाई हमले बढ़े हैं। जेट फाइटर विमानों द्वारा टारगेट्स पर बार-बार बमबारी की जा रही है। यह बदलाव तख्तापलट करने वाले नेता मिन आंग ह्लाइंग के राष्ट्रपति बनने से ठीक पहले सेना कमान में फेरबदल के बाद हुआ है। वर्ष 2026 की पहली छमाही में 12 से अधिक सामूहिक हत्याओं में 450 से अधिक नागरिक मारे गए हैं। इनमें से करीब 40 फीसदी मौतें मध्य शुष्क क्षेत्र अन्यायर में हुई हैं।

चीन के दूरदराज प्रांत में 20 मिनट के भीतर आए दो भूकंप, कोई हताहत नहीं
चीन के एक दूरदराज प्रांत में मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट के अंतराल में दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। 

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि चीन के छिंगहाई प्रांत में सुबह 11 बजकर 16 मिनट और 11 बजकर 34 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनकी तीव्रता क्रमशः 5.7 और 5.8 थी। दोनों भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आए। भूकंप से किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।

चीन के उत्तर-पश्चिम में स्थित छिंगहाई प्रांत कम आबादी वाला क्षेत्र है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के एक वीडियो में दिखाया गया कि जमीन हिलने के दौरान चट्टानों से धूल के बादल उठ रहे थे।

इन भूकंपों का असर पड़ोसी गांसू प्रांत के लानझोउ शहर में भी महसूस किया गया। यह इस इलाके के सबसे बड़े शहरों में से एक है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शहर के घरों के अंदर लगे लैंप हिलते हुए दिखाई दिए।

जेलेंस्की सीनेटर ग्राहम के अंतिम संस्कार से पहले ट्रंप से करेंगे मुलाकात
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की मंगलवार को सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार से पहले मुलाकात करेंगे। इस महीने दोनों नेताओं की यह दूसरी बैठक होगी। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति के करीबी माने जाने वाले एक दक्षिणपंथी कार्यकर्ता ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अपनी राय बदली हैं। 

ट्रंप व्हाइट हाउस में जेलेंस्की का स्वागत करेंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति ग्राहम को सम्मान देने के लिए वाशिंगटन पहुंच रहे हैं। ग्राहम के सार्वजनिक पद पर रहते हुए कीव का दौरा किया था और रूस से तेल, गैस और अन्य सामान खरीदने वाले देशों को दंडित करने के लिए प्रतिबंधों के एक पैकेज पर समझौता कराया था।

लेकिन अब जेलेंस्की को एक ऐसे व्यक्ति का समर्थन मिल रहा है, जिसकी उम्मीद कम थी। यह समर्थन लॉरा लूमर की ओर से आया है। लूमर अपने भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट और राष्ट्रपति ट्रंप पर अपने प्रभाव के लिए जानी जाती हैं। यूक्रेन की यात्रा के दौरान उन्होंने मॉस्को के हमलों को अपनी आंखों से देखा और जेलेंस्की का इंटरव्यू भी लिया। इस दौरान उन्होंने माना कि वह रूसी प्रचार से भ्रमित हो गई थीं।

दक्षिण चीन सागर में वियतनामी जहाज डूबने के बाद 48 लोग बचाए गए, 14 अब भी लापता
दक्षिण चीन सागर में चीन के कब्जे वाले एक समुद्री क्षेत्र के पास शनिवार को डूबे मालवाहक जहाज से बचाए गए लोगों की संख्या मंगलवार तक बढ़कर 48 हो गई है। वहीं, बचाव दल अभी भी उन लोगों की तलाश कर रहे हैं, जो जहाज के साथ समुद्र में डूब गए थे।

14 लापता लोगों की तलाश के लिए मंगलवार दोपहर तक बहुराष्ट्रीय खोज और बचाव अभियान जारी था। इसमें वियतनाम, फिलीपींस और चीन के बचाव दल शामिल थे। वियतनामी अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जहाज पर सवार 62 लोगों में से तीन और लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि, उन्होंने बचाव अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी नहीं दी।
 
फ्रांस में जंगल की आग के फैलने का खतरा, 4000 लोगों को पर्यटक स्थलों से निकाला गया
फ्रांस के अटलांटिक तट पर स्थित लेकानाउ के आसपास खराब मौसम के कारण जंगल की आग का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए फ्रांस के अधिकारियों ने मंगलवार को करीब 4,000 लोगों को कैंपसाइट, पर्यटक आवास, छुट्टी मनाने वाले गांवों और मनोरंजन पार्कों से बाहर निकालने का आदेश दिया।

गिरोंद क्षेत्र के प्रशासन ने बताया कि यह निकासी लेकानाउ महासागर और लेकानाउ झील के दोनों किनारों पर की गई है। लोगों से कहा गया है कि वे अपना जरूरी निजी सामान साथ ले जाएं, आपातकालीन निर्देशों का पालन करें और तब तक वापस न लौटें, जब तक अधिकारी लौटने की अनुमति न दें।

हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक नेता वू ची-वाई को ब्रिटेन में छह महीने रहने की अनुमति
हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक नेता वू ची-वाई को ब्रिटेन में छह महीने तक आगंतुक (विजिटर) के रूप में रहने की अनुमति मिल गई है। उनके वकील पॉल हैरिस ने मंगलवार को बताया कि ब्रिटिश आव्रजन अधिकारियों ने यह फैसला लिया है। वू पांच साल से अधिक समय तक हांगकांग की जेल में रहने के बाद हाल ही में रिहा हुए हैं और ब्रिटेन में अपने परिवार से मिले हैं। शुरुआत में उन्हें केवल सात दिन की इमिग्रेशन बेल पर प्रवेश दिया गया था, जिससे मानवाधिकार संगठनों और ब्रिटेन में रह रहे हांगकांग के लोगों ने चिंता जताई थी। वू 2021 में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत दर्ज सबसे बड़े मामले में आरोपित 47 लोकतंत्र समर्थक नेताओं में शामिल थे। उन्हें 2024 में सरकार के खिलाफ साजिश के आरोप में चार साल पांच महीने की सजा सुनाई गई थी। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि वू को देश छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा और उन्हें छह महीने तक रहने की अनुमति दी गई है।

ट्रंप व्हाइट हाउस में जेलेंस्की और नेतन्याहू की मेजबानी करेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार (स्थानीय समय) को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अलग-अलग बैठकों में मेजबानी करने वाले हैं। सीएनएन ने व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि इन बैठकों में यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा होने की उम्मीद है।

ट्रंप और नेतन्याहू की बैठक में ईरान से जुड़े युद्ध, लेबनान के साथ बातचीत में हुई प्रगति और अब्राहम समझौते के विस्तार के प्रयासों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। सोमवार (स्थानीय समय) को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने माना कि ईरान के मुद्दे पर उनके और नेतन्याहू के बीच पूरी सहमति नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा कि दोनों देश अब भी करीबी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं।

ट्रंप ने कहा, हमारे बीच थोड़ा अंतर है, लेकिन हम काफी करीब हैं। जेलेंस्की के साथ ट्रंप की बैठक में रूस और यूक्रेन के बीच चल रही शांति प्रक्रिया पर चर्चा होने की उम्मीद है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने सीएनएन को बताया, अब युद्ध खत्म करने का समय आ गया है।

इससे पहले सोमवार (स्थानीय समय) को ट्रंप ने जेलेंस्की के उस आरोप को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस अमेरिका के सैन्य ठिकानों से जुड़ी खुफिया जानकारी ईरान को दे रहा है। ट्रंप ने कहा, मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा कर रहे हैं, निश्चित तौर पर बड़े स्तर पर तो नहीं।  

लूमर ने कहा कि यूक्रेन में पिछले हफ्ते जेलेंस्की से मुलाकात के बाद उन्होंने ट्रंप से बातचीत की थी। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा से लौटने के बाद वह अमेरिकी राष्ट्रपति से दोबारा मिलने की उम्मीद रखती हैं। लूमर ने एसोसिएटेड प्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा, यूक्रेन के लिए हालात अच्छे दिख रहे हैं, है ना? अगले हफ्ते ओवल ऑफिस में होने वाली बैठक को देखते हुए स्थिति काफी अच्छी लग रही है। 

बैठक से पहले जेलेंस्की ने यह भी आरोप लगाया है कि रूस युद्ध के दौरान ईरान की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि रूस खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों की सैटेलाइट तस्वीरें जुटा रहा है, जो बाद में ईरान तक पहुंचती दिखाई देती हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि रूस की तस्वीरों और उसके बाद हुए ईरानी हमलों के बीच स्पष्ट संबंध है।

अमेरिका में सरकारी किराना स्टोर प्लान: न्यूयॉर्क सिटी मेयर बोले- खाद्य पदार्थों पर 30 फीसदी छूट
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने सरकारी किराना स्टोर खोलने की योजना बनाई है। सोमवार को उन्होंने फल, मांस व अन्य रसोई के सामान पर 30 फीसदी छूट की घोषणा की। उद्देश्य बढ़ती खाद्य कीमतों को कम करना है। पांच स्टोर शहर के पांचों बरो में खुलेंगे। पहला 2027 के अंत तक ब्रोंक्स में खुलेगा। ममदानी ने कहा, 30 फीसदी छूट से न्यूयॉर्क के लोगों को वास्तविक बचत होगी। दैनिक संचालन के लिए निजी ऑपरेटरों को चुनने की प्रक्रिया शुरू हुई है। प्रशासन स्टोरफ्रंट, किराया व संपत्ति कर का वहन करेगा। छोटे किराना व्यापारी व बोडेगा मालिक रियायती कीमतों से प्रतिस्पर्धा पर चिंतित हैं। ममदानी ने कहा, स्टोर गर्म भोजन, बीयर या सिगरेट नहीं बेचेंगे, ताकि निजी दुकानों से प्रतिस्पर्धा न हो। मैनहट्टन और ब्रोंक्स में जगह चुन ली गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed