फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Congo wedding party explosion Iran oil tanker blast west asia russia ukraine pak china politics

विदेश के समाचार: चीन में भारी बारिश का कहर, लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत; जर्मनी में दक्षिणपंथी AfD को बढ़त

Sun, 06 Sep 2026 03:52 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 06 Sep 2026 03:52 PM IST
विज्ञापन
World Updates Congo wedding party explosion Iran oil tanker blast west asia russia ukraine pak china politics
दुनिया की प्रमुख सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की राजधानी किंशासा के लिंगवाला इलाके में एक शादी समारोह के दौरान शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। क्षेत्रीय मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा के अनुसार, आग एक इमारत में लगी थी जो शनिवार सुबह तक धधकती रही। इमारत के संकरे गलियारों में भगदड़ मचने के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

कांगो के उप प्रधानमंत्री जैक्वेमिन शबानी ने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और इसे बेहद दुखद त्रासदी करार दिया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, किंशासा के घनी आबादी वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा तंत्र की कमी और शुष्क मौसम के कारण ऐसी घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं।

विज्ञापन
चीन में तूफान 'साउदेल' से तबाही, भूस्खलन में तीन की मौत और कई लापता
पूर्वी चीन में तूफान 'साउदेल' के कारण हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जियांग्शी प्रांत में हुए भीषण भूस्खलन के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसमें दबकर मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में फंसे नौ लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। प्रांत में बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 5,300 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। इसके अलावा पड़ोसी हुनान प्रांत में भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दो लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

अमेरिका: कैलिफोर्निया में विमान हादसा; चार सीटर प्लेन क्रैश, दो बच्चों की मौत

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के फ्रेस्नो शहर में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान सवार दो बच्चों की मौत हो गई जबकि दो घायल अस्पताल पहुंचाए गए। अभी मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हुई है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने रविवार को इसकी जानकारी दी। 

विमान हादसा शनिवार दोपहर हादसे का शिकार हुआ। हादसे के बाद आग की ऊंची लपटें उठीं। स्थानीय प्रशासन को आग फैलने की चिंता थी लेकिन उस पर काबू पा लिया गया। फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ कार्यालय ने एक बयान में कहा कि बचाव दल को "सैन जोकिन नदी के किनारे एक ऊंची जगह पर आग की लपटों में घिरा एक फिक्स्ड-विंग सिंगल-इंजन विमान मिला।" रिपोर्ट के अनुसार, "दमकलकर्मियों ने आग बुझा दी और उसे आस-पास के घरों तक फैलने से रोक दी।"

बयान के अनुसार, विमान में चार लोग सवार थे। घटनास्थल पर ही दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया और गंभीर हालत में दो वयस्कों को अस्पताल ले जाया गया। अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने दुर्घटना स्थल पर जांचकर्ता को रवाना कर दिया। शेरिफ कार्यालय ने घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही रोकने और जांचकर्ताओं के लिए सबूत सुरक्षित रखने के लिए एक सुरक्षा घेरा बना दिया है।
 

शांति वार्ता के लिए मॉस्को के बाद कीव पहुंचे अमेरिकी दूत
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को रोकने की कोशिशों के तहत अमेरिकी दूत स्टीव विटकाफ और जेरेड कुश्नर रविवार को कीव पहुंचे। यह उनका यूक्रेन का पहला आधिकारिक दौरा है। इससे एक दिन पहले दोनों नेताओं ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तीन घंटे से भी ज्यादा समय तक अहम बैठक की थी। अब वे यूक्रेन के शीर्ष नेतृत्व के साथ शांति योजना पर बातचीत कर रहे हैं।

यूक्रेन ने फिलहाल रूस की उन शर्तों को मानने से साफ इनकार कर दिया है, जिनमें पूर्वी डोनेट्स्क और लुहान्स्क के कुछ हिस्सों से यूक्रेनी सेना हटाने की मांग की गई थी। बीते छह महीनों से अमेरिका का मुख्य ध्यान ईरान युद्ध पर केंद्रित होने के कारण यूक्रेन में शांति के प्रयास धीमे पड़ गए थे, लेकिन इस नए दौरे से अब एक बार फिर कूटनीतिक हल की उम्मीदें जग गई हैं।

पाकिस्तान ने सऊदी, तुर्की और मिस्र के साथ रक्षा व क्षेत्रीय मुद्दों पर की चर्चा
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्रियों से फोन पर अलग-अलग बातचीत की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। हाल ही में इस्तांबुल में हुई 'रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति' की पहली बैठक के फैसलों को आगे बढ़ाने पर भी नेताओं के बीच सहमति बनी।

बातचीत के दौरान 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया गया, जिस पर अगस्त में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के अनुसार तीनों में से किसी भी एक देश पर हुआ सशस्त्र हमला बाकी दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। इसके अलावा, मिस्र के विदेश मंत्री के साथ हुई वार्ता में संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर एक द्विपक्षीय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

नेपाल की मित्र देशों से अपील: सिर्फ बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए जारी करें ट्रैवल एडवाइजरी
नेपाल सरकार ने सभी मित्र देशों से आग्रह किया है कि वे अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को केवल बाढ़ प्रभावित इलाकों तक ही सीमित रखें। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश के बाकी सभी हिस्से पूरी तरह सुरक्षित हैं और पर्यटक वहां बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकते हैं। यह अपील अमेरिका द्वारा नेपाल को प्राकृतिक आपदाओं के कारण जोखिम भरी सूची में डालने के बाद आई है।

नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती इलाकों में भारी नुकसान के कारण अमेरिका ने वहां न जाने की सख्त सलाह दी थी। इस बीच, नेपाल सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की रिपोर्टिंग करने वाले विदेशी पत्रकारों के लिए ऑनलाइन प्रेस पास लेना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही चीन में फंसे 431 नेपाली नागरिकों को तातोपानी सीमा के जरिए सुरक्षित वापस स्वदेश बुला लिया गया है।

बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: मस्तुंग में छह बेकसूर नागरिकों की हत्या, गोलियों से छलनी मिले शव
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेला है। रविवार को प्रांत के मस्तुंग जिले में 6 बेकसूर नागरिकों के गोलियों से छलनी शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मस्तुंग शहर के पुलिस अधिकारी अब्दुल रऊफ के अनुसार, शवों के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, लेकिन शुरुआती जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है कि मारे गए सभी लोग आम नागरिक थे। फिलहाल किसी भी उग्रवादी या अलगाववादी गुट ने इस निर्मम हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान में सुरक्षा बल और पुलिस प्रशासन इस समय हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अलगाववादी समूह अक्सर बाहर के राज्यों से आए निर्माण श्रमिकों का अपहरण कर लेते हैं और बाद में उनकी हत्या करके शव सुनसान इलाकों में फेंक देते हैं। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकी गतिविधियों और हिंसा में भारी इजाफा देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

इंडोनेशिया में फटा अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी: आसमान में फैला राख का गुबार, जकार्ता समेत कई एयरपोर्ट बंद
इंडोनेशिया के सुंडा जलडमरूमध्य में स्थित प्रसिद्ध अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी रविवार तड़के अचानक जोरदार विस्फोट के साथ फट गया। ज्वालामुखी फटने से आसमान में कई हजार फीट की ऊंचाई तक राख और धुएं का गुबार फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंडोनेशिया प्रशासन ने जकार्ता के सोएकार्नियो-हत्ता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित देश के 8 प्रमुख एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। एहतियात के तौर पर एयरस्पेस बंद होने से उड़ानों पर ब्रेक लग गया है।

ज्वालामुखी विस्फोट के कारण अकेले जकार्ता एयरपोर्ट पर लगभग 467 उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे करीब 1.5 लाख यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंडोनेशियाई भूवैज्ञानिक एजेंसी ने बताया कि ज्वालामुखी में हलचल लगातार जारी है और आसमान में 50,000 फीट तक राख देखी गई है। हालांकि, इस आपदा में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों को ज्वालामुखी के क्रेटर से कम से कम 3 किलोमीटर दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी है।

अमेरिका में मेल बैलेट पर छिड़ा कानूनी संग्राम, ट्रम्प प्रशासन फिर पहुंचा सुप्रीम कोर्ट
अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले मेल-इन बैलेट (डाक मतदान) पर नए प्रतिबंधों को लेकर घमासान तेज हो गया है। एक संघीय अदालत द्वारा नए डाक नियमों पर रोक लगाए जाने के बाद, ट्रम्प प्रशासन ने रविवार को एक बार फिर देश की सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अमेरिकी जिला न्यायाधीश इंदिरा तलवानी ने राष्ट्रपति ट्रम्प के कार्यकारी आदेश को लागू करने पर रोक बढ़ा दी थी, जिसके खिलाफ सॉलिसिटर जनरल ने शीर्ष अदालत से तुरंत हस्तक्षेप करने और निचली अदालत के फैसले पर रोक लगाने की मांग की है।

ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि नॉर्थ कैरोलिना समेत कई राज्यों में मतदाताओं को मेल बैलेट भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऐसे में अगर नियमों पर स्पष्टता नहीं हुई, तो चुनावों के दौरान भारी भ्रम और अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं दूसरी ओर, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं और मतदान अधिकार समूहों का तर्क है कि चुनाव से ठीक पहले नियमों में बदलाव करना असंवैधानिक है और इससे आम जनता के मताधिकार पर असर पड़ेगा। अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

जर्मनी में दक्षिणपंथी AfD को बड़ी बढ़त
जर्मनी के सैक्सोनी-आनहाल्ट राज्य में हुए क्षेत्रीय चुनाव के एग्जिट पोल में दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) को बड़ी बढ़त मिली है। एग्जिट पोल के अनुसार AfD को करीब 44 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं, चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (CDU) को करीब 18.5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। लेफ्ट पार्टी लगभग 9 प्रतिशत वोट के साथ तीसरे स्थान पर रह सकती है। AfD पूर्ण बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे बताई जा रही है। ऐसे में उसके लिए अकेले सरकार बनाना मुश्किल हो सकता है। अगर AfD सरकार बनाने में सफल रहती है, तो यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी में पहली दक्षिणपंथी राज्य सरकार होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed