World Updates: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पद पर पीटर पेलेग्रिनी का कब्जा, दर्ज की जीत; पढ़ें दुनिया की अहम खबरें
स्लोवाकिया के संसद अध्यक्ष पीटर पेलेग्रिनी ने शनिवार को हुए चुनाव में स्लोवाक राष्ट्रपति पद के लिए पश्चिम समर्थक इवान कोरकोक के खिलाफ जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के सत्तारूढ़ गठबंधन को सरकार की कार्यकारी और विधायी शाखाओं पर पूर्ण नियंत्रण देता है। 99.9 प्रतिशत मतपत्रों की गिनती हो चुकी है, पीटर पेलेग्रिनी को 53 प्रतिशत वोट मिले, जबकि कोरकोक को 47 प्रतिशत वोट मिले। पेलेग्रिनी ने कहा, यह जीत मेरे लिए बहुत बड़ा समर्थन है। कोरकोक ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मैं निराश हूं और हताश हूं, लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर मुझे नतीजे का सम्मान करना होगा। विशेष रूप से, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के पास सीमित शक्तियां हैं जिनमें राजदूतों की नियुक्ति, संसद में कानून वापस करना और माफी जारी करना शामिल है।
हंगरीः पीएम ओर्बान के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
हंगरी के शहर बुडापेस्ट में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर पड़े। लोग प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सरकार के पूर्व सहयोगी पीटर मग्यार ने किया। भीड़ ने ओर्बान इस्तीफा दो और हम डरे हुए नहीं हैं के नारे लगाए। कई लोगों ने हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए हुए थे। माग्यार ने जनवरी 2023 की अपनी पूर्व पत्नी वर्गा से की गई बातचीत की रिकॉर्डिंग को मार्च में पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि कैसे ओर्बान के कैबिनेट प्रमुख एंटल रोगन के सहयोगियों ने न्याय मंत्रालय के पूर्व राज्य सचिव पाल वोल्नर से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में फाइलों के साथ छेड़छाड़ करने का कोशिश की थी।