Update: तुर्की में उतरने के बाद रूसी विमान में लगी आग, अफ्रीकी लेखक का निधन; पाकिस्तान में पोलियो के केस बढ़े
तुर्किये से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दक्षिणी तुर्की के एंटाल्या हवाई अड्डे पर एक रूसी विमान के इंजन में आग लग गई। तुर्की के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी तुर्की के एंटाल्या हवाई अड्डे पर एक रूसी विमान के इंजन में आग लग गई, जिसमें 95 लोग सवार थे। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए। मंत्रालय के अनुसार, यह विमान अजीमुथ एयरलाइंस द्वारा संचालित सुखोई सुपरजेट 100 था, जो रविवार को सोची से उड़ान भरकर आ रहा था। इसमें 89 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य थे।
परिवहन मंत्रालय का बयान
परिवहन मंत्रालय के द्वारा जारी बयान में कहा गया कि विमान ने स्थानीय समयानुसार रात 9:34 बजे लैंडिंग की, और पायलट ने आपातकालीन कॉल किया। हवाई अड्डे के बचाव और अग्निशमन दल ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। बयान में यह भी कहा गया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया हैं।
पाकिस्तान में पोलियो वायरस के तीन नए मामले, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55 हुई
पाकिस्तान में बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में पोलियो वायरस के तीन नए मामले सामने आए हैं। इससे इस साल संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ में पोलियो उन्मूलन के लिए क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने वाइल्ड पोलियो वायरस टाइप 1 (डब्ल्यूपीवी 1) के तीन मामलों की पुष्टि की है। पीड़ितों में आठ और 20 महीने की दो लड़कियां और पांच महीने का एक लड़का शामिल है। प्रयोगशाला के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामले डेरा इस्माइल खान, झोब और जाफराबाद जिलों से सामने आए हैं। इन तीनों जिलों में इस साल पोलियो वायरस का एक मामला सामने आ चुका है।
डेरा इस्माइल खान, जिसने इस साल पोलियो के छह मामलों की सूचना दी है, दक्षिणी खैबर पख्तूनख्वा के सात पोलियो-स्थानिक जिलों में से एक रहा है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों को पिछले तीन वर्षों के दौरान जिले के सभी कमजोर बच्चों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसी तरह की चुनौतियां बलूचिस्तान में हैं, जहां 2024 में झोब और जाफराबाद जिलों में क्रमशः तीन और दो मामले दर्ज किए गए हैं।
अब तक सामने आए 55 मामलों में से 26 बलूचिस्तान से, 14 खैबर पख्तूनख्वा से, 13 सिंध से और एक-एक पंजाब और इस्लामाबाद से सामने आए हैं। नए मामले ऐसे समय सामने आए हैं जब कुछ दिन पहले ग्लोबल पोलियो उन्मूलन पहल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर 'पोलियो वायरस के प्रकोप से निपटने और उभरती चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों' पर चर्चा की।
अफ्रीकी लेखक और कवि ब्रेयटेन ब्रेयटेनबाक का निधन
दक्षिण अफ्रीकी लेखक और कवि ब्रेयटेन ब्रेयटेनबाक का पेरिस में निधन हो गया। परिवार ने बताया कि 85 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। ब्रेयटेनबाक को दक्षिण अफ्रीका की पूर्व श्वेत अल्पसंख्यक सरकार की रंगभेद नीति का कट्टर विरोध करने के लिए जाना जाता है।
अफ्रीकी भाषा में साहित्य की बने आवाज
अफ्रीकी भाषा में साहित्य की अग्रणी आवाज रहे ब्रेयटेनबाक को पेरिस में निर्वासन का जीवन भी देखना पड़ा। यहां से अफ्रीका लौटने पर उन्होंने 1970 के दशक में देशद्रोह के आरोप में सात साल जेल में काटे। उनका जन्म 1939 में पश्चिमी केप प्रांत में हुआ था, लेकिन उन्होंने अपना अधिकांश जीवन विदेश में बिताया। उनके परिवार में उनकी पत्नी योलांडे, बेटी डेफनी और दो पोते हैं।
प्रसिद्ध लेखक अमिताव घोष को जलवायु परिवर्तन संकट के इर्द-गिर्द ‘अकल्पनीय की कल्पना’ विषय पर योगदान के लिए मंगलवार को एम्स्टर्डम के रॉयल पैलेस में एक भव्य समारोह में इरास्मस पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। घोष दक्षिण एशिया के पहले व्यक्ति हैं, जिन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। कोलकाता में जन्मे अमिताव घोष ने कहा कि वह ऐसे पुरस्कार के लिए चुने जाने पर बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
स्वच्छ ऊर्जा अनुसंधान में निवेश करेंगे भारत व ईयू
भारत-ईयू ऊर्जा पैनल की 10वीं बैठक ब्रसेल्स में आयोजित हुई। इसमें भारत और ईयू ने स्वच्छ ऊर्जा अनुसंधान और परियोजनाओं के लिए संयुक्त रूप से निवेश करने पर सहमति जताई। दोनों ने अपनी साझेदारी के अगले चरण (2025-2028) के लिए लक्ष्य निर्धारित किए, जिसमें हरित हाइड्रोजन, अपतटीय पवन ऊर्जा, बिजली बाजार, स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों पक्षों की ऊर्जा बदलाव योजनाओं पर ध्यान देना और भारत-ईयू स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु साझेदारी (2021-2024) के दूसरे चरण के तहत हुए कार्यों की समीक्षा करना था। यह बैठक 21 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल और यूरोपीय आयोग की ऊर्जा महानिदेशक डिट्टे जुल जोर्गेंसन की सह-अध्यक्षता में हुई। दोनों पक्षों ने हरित हाइड्रोजन (ग्रीन हाइड्रोजन) के लिए एक ढांचा तैयार किया।
सैन जुआन (प्यूर्टो रिको)। दक्षिण-पूर्वी मेक्सिको में रविवार को एक बार में गोलीबारी के कारण छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में बताया कि गोलीबारी विलेहरमोसा में हुई। अभी किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। गोलीबारी किस वजह से हुई इसका भी पता नहीं चल पाया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में लोग बार से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बता दें कि अमेरिका में घुसपैठ को लेकर पिछले काफी समय से मेक्सिको की आलोचना हो रही है और यहां अशांति है। इस महीने की शुरुआत में भी एक बार में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें 10 लोग मारे गए थे।
खुर्रम में सात दिनों तक रहेगा संघर्ष विराम
प्रांत सरकार द्वारा क्षेत्र में हिंसा को कम करने के लिए किए गए गहन प्रयासों के बाद रविवार को खुर्रम जिले में दो संघर्षरत जनजातियों के बीच सात दिवसीय संघर्ष विराम पर सहमति बनी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस संघर्ष विराम को हिंसा को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें हाल के हफ्तों में 64 लोगों की जान जा चुकी है।
यह समझौता खैबर पख्तूनख्वा (केपी) सरकार द्वारा जनजातियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवादों को निपटाने के उद्देश्य से एक उच्चाधिकार प्राप्त आयोग बनाने के फैसले के बाद हुआ है। सूचना पर मुख्यमंत्री के सलाहकार बैरिस्टर मुहम्मद अली सैफ ने पुष्टि की कि संघर्ष विराम सात दिनों तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि दोनों कबीले संघर्ष विराम के तहत एक-दूसरे के शव और कैदियों को लौटाने पर सहमत हुए थे। बैरिस्टर सैफ ने कहा, 'दोनों जनजातियों के बीच सात दिनों के लिए संघर्ष विराम पर सहमति बनी थी, दोनों ने एक-दूसरे के शवों और कैदियों को वापस करने का भी फैसला किया।'
इस सप्ताह की शुरुआत में इस क्षेत्र में हिंसा उस समय बढ़ गई थी जब लगभग 200 वाहनों के काफिले पर गुरुवार को बागान शहर में भारी गोलीबारी हुई थी, जिसमें कम से कम 43 लोग मारे गए थे। शनिवार को ताजा झड़पों में 21 और लोगों की मौत हो गई, जिससे आगे अशांति की आशंका बढ़ गई है। शुक्रवार को, जनजातियों के बीच तेज गोलाबारी में 30 से अधिक लोग घायल हो गए। संघर्ष विराम समझौते के बावजूद, शनिवार शाम तक लोअर कुर्रम में छिटपुट गोलीबारी जारी रही, जिससे निवासियों में लगातार भय बना रहा।