World News: पाकिस्तानी PM से मिले जयशंकर;ब्रिटिश मंत्री बोले- भारत के साथ व्यापार समझौता सरकार की प्राथमिकता
ब्रिटेन के व्यापार सचिव जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौता ब्रिटेन के लिए 'प्राथमिकता' बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा करना एक नए औद्योगिक रणनीति ग्रीन पेपर के लॉन्च के साथ मेल खाता है। जोनाथन लंदन में लेबर पार्टी के नेतृत्व वाली कीर स्टार्मर सरकार के शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय निवेश शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लिए खाड़ी और भारत प्राथमिकता हैं। मुझे लगता है कि इसके स्पष्ट आर्थिक और वाणिज्यिक कारण हैं। व्यापार और अंतरराष्ट्रीय निवेश को बढ़ावा देने पर सरकार का विशेष जोर है। ऐसा इसलिए क्योंकि ब्रिटेन सबसे बड़ी होने के साथ-साथ सबसे खुली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। यहां अपार संभावनाएं हैं। निवेश के लिए सबसे मजबूत सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। नवाचार को भी प्रोत्साहन मिलता है। आव्रजन प्रणाली के तहत दुनिया भर से प्रतिभाशाली लोगों को ब्रिटेन में काम करने का मौका मिलता है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से मिले विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में भाग लेने से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। मंगलवार को पाकिस्तान की राजधानी पहुंचने के कुछ घंटों बाद जयशंकर और शरीफ ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और बहुत संक्षिप्त बातचीत की। बता दें कि लगभग नौ वर्षों में यह पहली बार है जब भारत के विदेश मंत्री पाकिस्तान यात्रा पर हैं। दोनों पड़ोसियों के बीच कश्मीर मुद्दे और पाकिस्तान से उत्पन्न सीमा पार आतंकवाद को लेकर संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रधानमंत्री शरीफ ने एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के सम्मान में अपने आवास पर रात्रिभोज आयोजित किया।
पंजाब प्रांत के कॉलेज कैंपस में छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म, विरोध का दायरा बढ़ा
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में छात्रों के उग्र विरोध प्रदर्शन की खबर है। लाहौर के एक कॉलेज में कथित दुष्कर्म की वारदात से आक्रोशित छात्रों ने बड़ी संख्या में पंजाब विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। कॉलेज कैंपस के भीतर हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध में सड़क पर उतरे छात्रों का गुस्सा मंगलवार को प्रांत के अन्य शहरों में भी देखा गया। विरोध रैली में शामिल लोगों ने पंजाब के कॉलेज में कथित दुष्कर्म और उत्पीड़न मामले की जांच के लिए समिति बनाने की मांग की। आक्रोशित लोगों का कहना है कि समिति छात्राओं के खिलाफ हाल ही में हुई हिंसा की जांच करेगी। समिति के सदस्यों में स्वतंत्र मानवाधिकार निकाय के सदस्य, छात्र प्रतिनिधि और न्यायाधीशों को भी शामिल करने की मांग की गई। बता दें कि सोशल मीडिया पर लाहौर के गुलबर्ग गर्ल्स कैंपस की एक छात्रा के साथ संस्थान के बेसमेंट में कथित दुष्कर्म की खबर सामने आई। इसके बाद सोमवार सुबह पंजाब ग्रुप ऑफ कॉलेज के कम से कम चार कैंपस में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस ने दावा किया कि उन्होंने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, जांच के दौरान दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि होनी बाकी है।
मालदीव ने भारत में महिला को नियुक्त किया राजदूत
वरिष्ठ महिला राजनयिक ऐशथ अज़ीमा को भारत में मालदीव की शीर्ष राजदूत नियुक्त किया गया है। अजीमा इब्राहिम शाहीब की जगह लेंगी। नई दिल्ली में नए राजदूत की नियुक्ति का कदम ऐसे समय में सामने आया है जब द्वीपीय देश भारत के साथ अपने संबंधों को सुधारने और मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। खुद देश के राष्ट्रपति मुइज्जू ने हालिया दौरे पर भारत को मालदीव के "सबसे करीबी द्विपक्षीय साझेदारों" में से एक बताया था। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्ज़ू ने सोमवार को संसद की विदेश संबंध समिति को एक पत्र भेजकर अज़ीमा की नियुक्ति के लिए संसदीय अनुमोदन मांगा, जिसे मंगलवार को मंजूरी मिल गई।
बिरला बोले- भारत सदियों से बहुपक्षवाद का समर्थक, नवाचार को देना होगा बढ़ावा
बस हादसे में मिस्र के विश्वविद्यालय से जुड़े 40 से अधिक हताहत
मिस्र के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में विश्वविद्यालय के छात्रों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। बस दुर्घटना में 33 लोगों के घायल होने की भी खबर है। समाचार एजेंसी एपी के हवाले से आई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
श्रीलंका में बाढ़ से 1.34 लाख प्रभावित
श्रीलंका में भारी बारिश के कारण कई हिस्सों में बाढ़ आने से कोलंबो और उपनगरीय क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। भारी बारिश ने देश के कई हिस्सों में तबाही मचा दी है और घर, खेत तथा सड़कें जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ से एक लाख 34 हजार लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
पन्नू मामले में साजिश की जांच के लिए समिति जाएगी वाशिंगटन
खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की विफल साजिश में भारत संलिप्तता की जांच कर रही भारतीय सरकारी समिति मंगलवार को वाशिंगटन का दौरा करेगी। समिति अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात कर जांच में मिले सबूत और अन्य जानकारी साझा करेगी। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से दावा किया गया है कि अज्ञात भारतीय खुफिया अधिकारी ने पिछले साल पन्नू की हत्या का निर्देश दिया था। पन्नू अमेरिकी और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखता है। इन आरोपों के बाद भारत ने जांच समिति बनाई है।
Visit By the Indian Enquiry Committee to the United States of America | An Indian Enquiry Committee that was established to investigate activities of certain organized criminals is actively investigating the individual who was identified last year in the Department of Justice’s… pic.twitter.com/WyEcB0RBa5
— ANI (@ANI) October 15, 2024
खराब मौसम के कारण नेपाल में1300 पर्यटक फंसे
खराब मौसम के कारण माउंट एवरेस्ट के प्रवेशद्वार लुकला के लिए उड़ानें रद्द होने के कारण 1,300 विदेशी पर्यटक रामेछाप जिले के मंथाली में फंसे हुए हैं। लुकला दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर जाने वाले ट्रेकर्स के लिए बेस कैंप के रूप में कार्य करता है। सरकारी दैनिक गोरखापत्र ने खराब मौसम के कारण दर्जनों उड़ानें रद्द होने की पुष्टि की है। गोरखापत्र ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि कुछ पर्यटकों ने फाप्लू के जरिये भूमि मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना है, जबकि अन्य ने हेलिकॉप्टर से सुरखेत तक यात्रा की है। मंथाली में नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि फंसे हुए पर्यटक निजी एयरलाइनों के जरिये वहां पहुंचे थे। बता दें कि शरद ऋतु में बड़ी संख्या में एवरेस्ट क्षेत्र में ट्रेकर्स आते हैं।
भारत में मालदीव की नई राजदूत होंगी अजीमा
भारत में मालदीव के शीर्ष दूत के रूप में इब्राहिम शाहीब का स्थान वरिष्ठ राजनयिक ऐशथ अजीमा लेंगी। समाचार पोर्टल सन डॉट एमवी के मुताबिक, नई दिल्ली में एक नए राजदूत की नियुक्ति का कदम तब उठाया गया है जब भारत के साथ मालदीव अपने संबंधों को सुधारने और मजबूत करने के प्रयास में जुटा है। यह घटनाक्रम राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के इस माह के शरू में भारत की राजकीय यात्रा के बाद आया है।
पख्तून जिरगा की पाकिस्तानी सत्ता को चुनौती
पाकिस्तान में प्रतिबंधित पख्तून तहफुज मूवमेंट (पीटीएम) द्वारा हाल में हुई जिरगा (पंचायत) ने पाकिस्तानी सेना और आतंकियों को कड़ी चुनौती देते हुए दो माह में पख्तून इलाके खाली करने को कहा है। डॉन के अनुसार, तीन दिनी सभा ने पख्तून समुदाय में असंतोष भी उजागर किया, जो पाकिस्तानी शासन-सुरक्षा नीतियों में गहरी दरार दर्शाता है। पख्तून जिरगा ने क्षेत्र को अधिक स्वायत्तता देने की मांग की। खैबर-पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की मौजूदगी में जिरगा-प्रस्तावों ने आदिवासी क्षेत्रों में पाकिस्तानी सरकार के घटते असर को दिखाया है। एजेंसी
हैरिस का दृष्टिकोण सबके लिए प्रेरणादायक : रहमान
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की व्हाइट हाउस के लिए दावेदारी को भारतीय संगीतकार एआर रहमान ने समर्थन दिया है। उन्होंने वोटरों को प्रेरित करने के लिए ‘जय हो’ जैसे कुछ गीतों के साथ वीडियो बनाया है। रहमान ने ‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक एमआर रंगासामी से कहा, हममें से किसी एक को आगे बढ़ते व नेतृत्व करते देखना सबके लिए प्रेरक है। अच्छा होगा हमें अमेरिका में प्रथम महिला राष्ट्रपति मिले। एजेंसी
सिंगापुर : भारतीय मूल की जज और धावक सम्मानित
सिंगापुर में भारतीय मूल की जज जूडिथ प्रकाश (72) को कानून के क्षेत्र में उनके अग्रणी कार्य व राष्ट्रीय धावक शांति परेरा (28) को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। स्थानीय फैशन और स्टाइल पत्रिका ‘हर वर्ल्ड’ ने जूडिथ प्रकाश को ‘हर वर्ल्ड वूमन ऑफ द ईयर 2024’ से और शांति परेरा को ‘वर्ल्ड यंग वूमन अचीवर 2024’ के पुरस्कार से नवाजा।
जस्टिस प्रकाश सिंगापुर की पहली महिला अपील जज हैं और 31 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने करीब 645 निर्णय लिखे, जिनमें आधे से अधिक विधि रिपोर्टों में शामिल हुए। परेरा कई असफलताओं के बाद भी राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने में सफल रहीं। एजेंसी
श्रीलंका के राष्ट्रपति संसदीय चुनावों के बाद भारत आएंगे
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके पीएम नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इस वर्ष नवंबर के बाद ही दिल्ली की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने कहा, नई सरकार बनने के बाद ही हम यात्रा की तारीखों पर चर्चा करेंगे। संसदीय चुनाव के लिए इस बार मतदान निर्धारित समय से करीब 10 माह पूर्व 14 नवंबर को होना है। दिसानायके 21 सितंबर को निर्वाचित हो चुके हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर राष्ट्रपति दिसानायके से मिलने वाले पहले विदेशी मंत्री रहे हैं। एजेंसी
डीजीसीए ने स्पाइसजेट को विशेष निगरानी व्यवस्था से बाहर किया
विमानन नियामक डीजीसीए ने मंगलवार को कहा कि उसने स्पाइसजेट को विशेष निगरानी व्यवस्था से बाहर कर दिया है। दरअसल, एयरलाइन ने कमियों को दूर करने के लिए कदम उठाए हैं और अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए धन जुटाया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 13 सितंबर को वित्तीय संकट के बाद स्पाइसजेट को विशेष निगरानी व्यवस्था के तहत रखा, जो विमान रखरखाव से संबंधित एयरलाइन के अनिवार्य दायित्वों को प्रभावित कर सकता था।