फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Updates in Hindi Asia Europe US UK UN West Asia Pakistan China Politics Crime and Global events

World Updates: इस्राइली हमलों में मारे गए 60 से ज्यादा फलस्तीनी, भारत ने दोहराई UNSC में सुधार की मांग

Wed, 17 Jul 2024 05:21 AM IST
विशांत श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: विशांत श्रीवास्तव Updated Wed, 17 Jul 2024 05:21 AM IST
सार

 पाकिस्तान में सैन्य छावनी पर हुए हमले मे 8 सैनिकों की मौत हो गई। गाजा में इस्राइली हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 24 लोग मारे गए हैं। मरने वालों में 10 महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। 


 

विज्ञापन
World News Updates in Hindi Asia Europe US UK UN West Asia Pakistan China Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार

पाकिस्तान में सैन्य छावनी पर हमला, 8 सैनिकों की मौत 
विज्ञापन

पाकिस्तान के अशांत खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में एक सैन्य छावनी पर आतंकी हमले में आठ सैनिकों की मौत हो गई। सेना ने जवाबी कार्रवाई में 10 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया है। आतंकियों ने बन्नू छावनी को निशाना बनाया। एक अन्य घटना में डेरा इस्माइल खान जिले में आतंकियों ने स्वास्थ्य केंद्र पर हमला किया। इसमें दो सुरक्षाकर्मियों सहित सात लोग मारे गए। 

गाजा पर इस्राइली हमलों में साठ से अधिक फलस्तीनियों की मौत
मध्य गाजा पट्टी में मंगलवार को इस्राइली हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 24 लोग मारे गए। नुसीरात और जवैदा में 10 महिलाएं और चार बच्चे मारे गए हैं। खान यूनिस पर एक कार पर इस्राइली हवाई हमले में 17 की मौत हुई जबकि 26 घायल हो गए। गत वर्ष 7 अक्तूबर के बाद से हुए इस्राइली हमलों में अब तक 38,600 मौतें हो चुकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

भारत ने फिर दोहराई यूएनएससी में सुधार की मांग
संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि आर रवींद्र ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में खुली बहस में भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा, भले ही हम एक और विश्व युद्ध रोकने में सफल रहें, लेकिन ऐसा करना जटिल वैश्विक चुनौतियों का माकूल जवाब देने में संयुक्त राष्ट्र की अक्षमता की असलियत को नहीं छिपा सकता। राजदूत रवींद्र ने आतंकवाद, महामारी, जलवायु परिवर्तन, उभरती प्रौद्योगिकियों से पैदा होने वाले खतरों, साइबर हमलों और राज्य विरोधी तत्वों की विघटनकारी भूमिका को बेहद जटिल चुनौती करार दिया।

राजदूत रवींद्र ने कहा, हम संयुक्त राष्ट्र के मंच पर बहुध्रुवीयता के बारे में बात कर रहे हैं। बहुपक्षीय प्रणाली के विफल होने का प्राथमिक कारण अभी भी 1945 के पुराने बाइनरी आउटलुक में फंसा हुआ होना है। यह यूएनएससी के वर्तमान ढांचे में स्पष्ट रूप से दिखता है। इसलिए बहुपक्षवाद पर भारत यूएनएससी में सुधार पर जोर दे रहा है। यह आज की समसामयिक असलियत को भी दिखाता है। उन्होंने कहा, बड़े देश या समूह स्वयं के संकीर्ण हित में वार्ता की प्रक्रियाओं और तंत्रों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। यह बहुपक्षीय भावना के लिए हानिकारक है। जहां भी जरूरी हो, इसका विरोध किया जाना चाहिए।

विज्ञापन

भारत-ब्रिटेन ने मुक्त व्यापार समझौते पर की चर्चा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इटली में ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता आगे बढ़ाने की योजना पर चर्चा की। यह द्विपक्षीय बैठक रेजियो कैलाब्रिया में जी-7 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई।

मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए भारत-ब्रिटेन वार्ता जनवरी 2022 में शुरू हुई थी। चुनाव के चलते दोनों देशों के बीच 14वें दौर की बातचीत बीच में ही रुक गई थी। अब इसे बहाल करने की कवायद चल रही है। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, गोयल ने जोनाथन रेनॉल्ड्स को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को गहरा करने पर चर्चा की। बातचीत में भारत और ब्रिटेन के बीच एफटीए पर चर्चा को आगे बढ़ाने की योजना भी शामिल थी। 

श्रुति ने मिस यूनिवर्सल पेटिट का खिताब जीता
पेशे से डॉक्टर श्रुति हेगड़े   मिस यूनिवर्सल पेटिट खिताब जीतने वाली देश की पहली महिला बन गई हैं। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले  की श्रुति ने अमेरिका के फ्लोरिडा में 40 देशों की सुंदर स्त्रियों को हराकर यह खिताब जीता। 2023 में वह मिस एशिया इंटरनेशनल इंडिया चुनी गई थीं। मिस यूनिवर्सल पेटिट सौंदर्य प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पोशाक, स्विम सूट, सवाल-जवाब, व्यक्तिगत साक्षात्कार के कई चरण थे। 

ओमान : शिया मस्जिद पर हमले की जिम्मेदारी आईएस ने ली
सुन्नी बहुल आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने मंगलवार को ओमान में एक शिया मस्जिद पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। इसमें तीन हमलावरों समेत 9 लोग मारे गए। मृतकों में एक भारतीय, चार पाकिस्तानी और एक पुलिस अधिकारी शामिल थे। हमले में 28 लोग घायल हुए थे। खाड़ी देशों में इस तरह की हिंसा असाधारण थी। समूह ने अपनी टेलीग्राम साइट पर हमले का एक वीडियो भी जारी किया। ओमान ने हमलावरों की पहचान जारी नहीं की है। धर्मस्थल को इमाम अली मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है।

 ब्रिटेन : विपक्षी नेता के लिए ऋषि की जगह ले सकती हैं प्रीति पटेल
ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में विपक्ष के नेता के रूप में ऋषि सुनक की जगह के लिए कंजर्वेटिव पार्टी में दावा रख सकती हैं। पटेल (52) आम चुनाव में अपनी पार्टी की करारी हार के बावजूद एसेक्स की वाइथम सीट पर जीत दर्ज कर चुकी हैं। प्रीति का भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन व रॉबर्ट जेनरिक जैसे नेताओं से मुकाबला हो सकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed