फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world-news-updates-hindi-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria Iran West Asia Crisis

World: आईईडी विस्फोट में PAK के सात पुलिसकर्मियों की मौत; सूडान में ड्रोन हमले में 11 लोगों की मौत, 20+ घायल

Fri, 13 Mar 2026 01:54 PM IST
Devesh Tripathi वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Devesh Tripathi Updated Fri, 13 Mar 2026 01:54 PM IST
विज्ञापन
world-news-updates-hindi-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria Iran West Asia Crisis
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी टकराव को दो हफ्ते बीत चुके हैं। पश्चिम एशिया में  संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में गहराता संकट अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है। इसने आम नागरिकों को भारी पीड़ा पहुंचाई है। तनाव कम करना और बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। मैं सभी पक्षों से आग्रह करता हूं कि वे शत्रुता समाप्त करें, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करें, नागरिकों की रक्षा करें और तुरंत बातचीत की मेज पर लौटें।

विज्ञापन


पाकिस्तान: आईईडी विस्फोट में सात पुलिसकर्मियों की मौत 
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के लक्की मरवत जिले में शुक्रवार को एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए आईईडी धमाके में सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने ली है। यह घटना शादी खेल बेट्टानी इलाके में हुई, जब पुलिस की गाड़ी नियमित गश्त पर थी। सड़क किनारे रखे शक्तिशाली आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एसएचओ आजम और चालक सहित छह कर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आईजी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की ऐसी कायराना हरकतें सुरक्षा बलों के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


सूडान में ड्रोन हमले में 11 की मौत, 20 से अधिक घायल: एमएसएफ
फ्रांसीसी चिकित्सा संगठन मेडीसिंस सॉ फ्रोंटियर्स (एमएसएफ) ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी सूडान में ड्रोन हमले के बाद ईंधन भंडार में आग लगने से 11 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन


एमएसएफ के अनुसार, सूडान के पूर्वी सीमा के पास चाड में अडिकॉन्ग बाजार पर यह हमला हुआ और यह एक महीने से भी कम समय में दूसरा घातक ड्रोन हमला है। घायलों में सात बच्चे शामिल हैं, जिन्हें चाड के अस्पताल में लाया गया। संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने बताया कि 4 मार्च से सूडान के कुछ हिस्सों में ड्रोन हमलों में 200 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। हमलों में कई घर, स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य केंद्र भी नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए हैं।  

श्रीलंका ने ईरान को सौंपे US के हमले में मारे गए 45 नौसैनिकों के शव
श्रीलंका ने शुक्रवार को अमेरिकी पनडुब्बी हमले में मारे गए 45 ईरानी नाविकों की लाशें ईरान के दूतावास को सौंप दी। ये नाविक उस ईरानी युद्धपोत IRIS डेना पर सवार थे, जिस पर गाले के पास हमला हुआ था।इस जहाज को भारत के विशाखापत्तनम से ईरान लौटते समय निशाना बनाया गया था, जहां यह नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा ले चुका था। इससे पहले, श्रीलंका ने 84 नाविकों की लाशें बरामद की थीं और अब 45 शवों को शुक्रवार को मत्तला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ईरान भेजा जाएगा। हमले में बचे 32 नाविकों को रविवार को छुट्टी दे दी गई और गाले के निकट स्थित श्रीलंकाई एयरबेस कोग्गला भेजा गया। शवों को अस्थायी फ्रिज में रखा गया था, क्योंकि अस्पताल का शवगृह पर्याप्त नहीं था।

वांग यी ने मिस्र और क्यूबा के विदेश मंत्रियों से की फोन पर बात
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 12 मार्च को मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अबदलती के साथ फोन पर वार्ता की। इस मौके पर अबदलती ने क्षेत्रीय स्थिति और मिस्र के रुख की जानकारी दी और कहा कि मिस्र युद्ध के हालात को लेकर बहुत चिंतित है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हाल में प्रस्ताव पारित किया। मिस्र विभिन्न पक्षों से संयम बरतने का आग्रह करता है, ताकि क्षेत्रीय उथल-पुथल बिगड़ने से बच सके। मिस्र चीन के संतुलित व निष्पक्ष रुख और महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा करता है और चीन के साथ संपर्क घनिष्ठ बनाना चाहता है, ताकि स्थिति शीघ्र ही शिथिल हो सके।

वहीं, वांग यी ने चीन का सैद्धांतिक रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार देश होने के नाते चीन और मिस्र दोनों वार्ता के जरिये क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान करने के पक्ष में हैं और बल प्रयोग का विरोध करते हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध स्थानीय लोगों के लिए ज्यादा परेशानी लाएगा, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर बुरा असर डालेगा और अंतर्राष्ट्रीय व क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता को नुकसान पहुंचेगा। शीघ्र ही युद्धविराम अंतरराष्ट्रीय समुदाय की आम सहमति है। चीन मिस्र समेत क्षेत्रीय देशों के साथ संपर्क और समन्वय कायम रखना चाहता है, ताकि शांति साकार करने में रचनात्मक भूमिका निभाई जा सके।

उधर, वांग यी ने क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज के साथ फोन पर बात की। ब्रूनो रोड्रिगेज ने मौजूदा स्थिति का परिचय दिया और क्यूबा को चीन के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। दोनों पक्षों ने आपसी रिश्तों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) और राजदूत सिबी जॉर्ज ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क से मुलाकात की। उन्होंने मानवाधिकारों, भारत की डिजिटल यात्रा और हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन पर अपने विचार साझा किए।

मध्य अफ्रीकी गणराज्य में खदान धंसने से आठ की मौत, पांच घायल
मध्य अफ्रीकी गणराज्य के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक खदान में हुए हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह घटना औहम-पेंडे प्रीफेक्चर की राजधानी नौरौम के एक शहर में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान में काम कर रहे मजदूर गहरी खुदाई कर रहे थे जब अचानक खदान का एक हिस्सा ढह गया। मौके पर मौजूद एक खदान संचालक, अल्बान मौसा याकाता ने बताया कि वे सब हतप्रभ और असहाय थे। मध्य अफ्रीकी गणराज्य में इस तरह की दुर्घटनाएं असामान्य नहीं हैं। देश में हजारों लोग छोटे पैमाने पर खनन का काम करते हैं। यह कार्य अत्यंत जोखिम भरा होता है, क्योंकि श्रमिकों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं होते हैं।

तुर्किये में 5.5 तीव्रता का भूकंप

शुक्रवार को तुर्किये में मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटकों ने लोगों को झकझोर दिया। आपात सेवा एजेंसियों के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 रही। भूकंप के झटके लगते ही लोग घबराकर सड़कों पर आ गए। हालांकि इन झटकों से किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। भूकंप का केंद्र तोकात प्रांत के निक्सर शहर में करीब 6.4 किलोमीटर की गहराई में था। 

यह भूकंप तड़के 3:35 बजे आया और कई प्रांतों में महसूस किया गया। AFAD ने यह भी पुष्टि की है कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद, कई निवासियों को ठंड के बावजूद अपनी कारों या सड़कों पर इंतजार करते देखा गया, क्योंकि वे अपने घरों में लौटने से डर रहे थे। तुर्किये प्रमुख भूवैज्ञानिक फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंप आना एक आम बात है।

यह ध्यान देने योग्य है कि 2023 में, 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने तुर्किये में 53,000 से अधिक लोगों की जान ले ली थी और 11 दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में लाखों इमारतों को तबाह या क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके अतिरिक्त, पड़ोसी सीरिया के उत्तरी भागों में भी लगभग 6,000 लोगों की मृत्यु हुई थी।

बांग्लादेश : हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, कार्रवाई की मांग
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ ढाका में लोगों ने मानव शृंखला बनाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नव निर्वाचित बीएनपी की सरकार द्वारा हिंदुओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए कोई कार्रवाई न किए जाने पर अपनी निराशा जताई। राष्ट्रीय प्रेस क्लब के बाहर बनाई गई मानव शृंखला के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रही हत्याओं, लूटपाट और दुष्कर्म जैसी घटनाओं का विरोध किया। बांग्लादेश जातीय हिंदू महाजोते के महासचिव मृत्युंजय कुमार रॉय ने कहा, बीएनपी को सत्ता में आए करीब एक माह हो रहा है लेकिन हिंदुओं पर अत्याचार जारी हैं। मानवाधिकार समूह बांग्लादेश जातीय हिंदू महाजोते के अनुसार, 6-7 मार्च को बोगुरा और कॉक्स बाजार की अलग-अलग घटनाओं में दो हिंदू पुरुषों की हत्या कर दी गई। इसके बाद मंदिर में देसी बम धमाके में पुजारी समेत 4 घायल हो गए। 

अमेरिका को अपनी जमीन से ईरान पर हमले की नहीं देंगे इजाजत : यूएई
खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर ईरानी हमलों के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दो टूक कहा है कि अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए वह अपने हवाई क्षेत्र या जमीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा। हालांकि, यूएई ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की भी निंदा की है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राज्यमंत्री लाना नुसैबेह ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है। यूएई की राज्यमंत्री लाना नुसैबेह ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा करते हुए इसे बेहद गंभीर, गैरकानूनी और बिना उकसावे के किया गया हमला बताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला है कि ईरान ने इस संघर्ष में पूरे क्षेत्र को धकेल दिया है। हालांकि, नुसैबेह ने यूएई के ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कार्रवाई करने के सवाल पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का रास्ता हमेशा कूटनीति ही होना चाहिए। नुसैबेह ने यह भी कहा कि यूएई को आत्मरक्षा का अधिकार है, लेकिन अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए यूएई के हवाई क्षेत्र या उसकी जमीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed