फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world-news-updates-hindi-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria-Afghanistan TTP

दुनिया की खबरें: दक्षिण कोरिया में जेजू एयर क्रैश मामला, परिवहन मंत्रालय के 7 अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

Thu, 27 Aug 2026 09:45 AM IST
Devesh Tripathi वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Devesh Tripathi Updated Thu, 27 Aug 2026 09:45 AM IST
विज्ञापन
world-news-updates-hindi-bangladesh-gaza-war-israel-pakistan-us-syria-Afghanistan TTP
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लॉस एंजिलिस क्षेत्र स्थित गोल्फ कोर्स पर गोला-बारूद और वाहन में बंदूक के साथ गिरफ्तार किए गए पूर्व अमेरिकी मरीन पर लगे आपराधिक आरोपों को एक न्यायाधीश ने बुधवार को निलंबित कर दिया। आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन


लॉस एंजिलिस काउंटी के न्यायाधीश जॉन लोनर्गन जूनियर ने 38 वर्षीय जीनिन जॉन टेल को हॉलीवुड की मानसिक स्वास्थ्य अदालत भेज दिया। यह फैसला सुनवाई से पहले कराए गए मूल्यांकन में सामने आई उन बातों के आधार पर लिया गया, जिनसे संकेत मिला कि टेल मुकदमे का सामना करने के लिए मानसिक रूप से सक्षम नहीं है। मूल्यांकन के दौरान टेल ने गलत तरीके से दावा किया था कि वह 14 साल तक विदेश विभाग का अधिकारी रहा है।
विज्ञापन


टेल को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसे ईयरपीस लगाए और गोल्फ कोर्स की तस्वीरें लेते देखा गया था। उस समय ट्रंप वहां रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के रात्रिभोज में शामिल होने वाले थे। यह कार्यक्रम लॉस एंजिलिस के दक्षिण में रैंचो पालोस वर्डेस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स लॉस एंजिलिस में आयोजित होना था।
विज्ञापन
विज्ञापन

गाजा में युद्धविराम प्रयास के प्रभारी अधिकारी ने इस्राइल के हमलों की आलोचना की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा युद्धविराम योजना की अगुवाई कर रहे अधिकारी ने बुधवार को युद्ध से तबाह फलस्तीन क्षेत्र पर इस्राइल के हमलों की आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका के प्रस्ताव का विकल्प अगला युद्ध होगा। बोर्ड ऑफ पीस के उच्च प्रतिनिधि निकोलाय म्लादेनोव ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से कहा कि ट्रंप की 20 सूत्री योजना रुकी नहीं है और ‘‘बातचीत की मेज से आगे बढ़कर योजना को अमल में लाने की तैयारी के चरण में पहुंच गई है।’’

उन्होंने कहा कि चरमपंथी संगठन हमास योजना की प्रमुख शर्त पर सहमत हो गया है, जिसके तहत उसे हथियार छोड़ने और गाजा का नियंत्रण नागरिक प्रशासन को सौंपने की बात कही गई है। हालांकि, पिछले साल अक्टूबर में हुए युद्धविराम के बाद से इस्राइल के हमले जारी हैं। इन हमलों में फलस्तीनी मारे जा रहे हैं, हालांकि संख्या पहले की तुलना में काफी कम है। म्लादेनोव ने कहा कि गाजा के लोग यह महसूस नहीं कर पा रहे हैं कि संघर्ष खत्म हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘तीन साल के युद्ध और 20 साल के सैन्य अभियानों के बाद मैं पूछता हूं, क्या हथियारों के भंडार पर एक और हमला हमास को फिर से हथियार जुटाने या गाजा पर अपनी पकड़ मजबूत करने से रोक देगा?’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा नहीं होगा। इससे केवल उस निरस्त्रीकरण में देरी होगी, जो होना है’’ और नागरिक सरकार को सत्ता हस्तांतरित करने में बाधा आएगी।

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्य लापता
बांग्लादेश के चांदपुर जिले में एक हिंदू कारोबारी अपनी पत्नी, दो किशोर बेटों और परिवार के एक अन्य सदस्य के साथ 20 अगस्त से लापता है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी पिंटू दास को कुछ लोगों से धमकियां मिलने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, दास चांदपुर शहर में दुकान चलाते हैं और सोने के आभूषण गिरवी रखकर कर्ज देने का काम भी करते हैं।

थाना प्रभारी अधिकारी फोएज अहमद ने कहा कि दास के पास सोने के आभूषण गिरवी रखने वाले कुछ लोगों के कथित तौर पर उन्हें वापस नहीं मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि परिवार स्वेच्छा से कहीं गया है या कोई अन्य घटना हुई है।

हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद की चांदपुर इकाई की नेता और दास की रिश्तेदार उपमा डे ने बताया कि दास शहर स्थित अपने किराये के मकान से पत्नी और दो बेटों के साथ लापता हुए। दोनों बेटे कक्षा 10 में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को पता चला है कि कर्ज के दबाव के बीच दास को धमकियां मिली थीं। दास का पैतृक घर दक्षिण-पूर्वी चटगांव में है। 

चीनी हैकरों का अमेरिकी संस्थानों पर साइबर हमला
अमेरिका ने बुधवार को अपनी अहम सरकारी एजेंसियों में सेंध लगाने वाले एक बड़े चीनी हैकिंग नेटवर्क को नाकाम कर दिया। इस साइबर हमले में चीनी हैकरों ने अमेरिकी न्याय विभाग, नासा, फेडरल रिजर्व और अमेरिकी सीनेट समेत कई संवेदनशील संस्थानों में घुसपैठ की।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, साइबर हमले के पीछे चीन की नानजिंग शिनजियवाई नेटवर्क टेक्नोलॉजी कंपनी का हाथ था। इस कंपनी की ओर से संचालित क्यूस्कैन व क्यूटीराउटर नाम के दो हैकिंग प्लेटफॉर्म के डोमेन अमेरिकी साइबर विशेषज्ञ अधिकारियों ने जब्त कर लिए हैं। इस बारे में अधिकारियों ने बताया कि इस कंपनी के ग्राहकों में चीन की नागरिक खुफिया एजेंसी और उसकी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी शामिल हैं।

दक्षिण कोरिया की चार कंपनियां भी शिकार: अमेरिका में इस कंपनी के साइबर हैकरों के निशाने पर ऊर्जा विभाग, स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान रहे। इसके अलावा अमेरिका और दक्षिण कोरिया की चार अज्ञात कंपनियां भी इस हमले का शिकार बनीं। 

आक्रामक साइबर सेवाएं देने वाली कंपनियां बढ़ीं: साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला चीन की साइबर गतिविधियों में निजी कंपनियों की बढ़ती भागीदारी को भी उजागर करता है। साइबर सुरक्षा कंपनी सेंटिनलवन के चीन मामलों के विश्लेषक डकोटा कैरी ने कहा कि एक दशक में आक्रामक साइबर सेवाएं देने वाली कंपनियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।  ये कई देशों के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरे हैं।

दक्षिण कोरिया में जेजू एयर क्रैश मामला, परिवहन मंत्रालय के 7 अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

दक्षिण कोरिया की पुलिस ने गुरुवार को कहा कि वे 2024 में हुए जेजू एयर क्रैश के मामले में ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के सात अधिकारियों पर आरोप तय करने की मांग कर रहे हैं। इस हादसे में विमान में सवार 181 लोगों में से दो को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो गई थी। जेजू एयर का बोइंग 737-800 विमान दक्षिण कोरिया के दक्षिणी हिस्से में स्थित मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय रनवे से फिसल गया था। विमान का लैंडिंग गियर नहीं खुला था, जिससे वह कंक्रीट के एक ढांचे से टकराया और उसमें आग लग गई।

अधिकारियों को विमान के इंजन में पक्षी के टकराने (बर्ड स्ट्राइक) के निशान मिले हैं और विमान के दोनों ब्लैक बॉक्स ने क्रैश से लगभग चार मिनट पहले रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। कई जानकारों का कहना है कि क्रैश के लिए उस कंक्रीट के ढांचे को भी जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, जिसमें 'लोकलाइजर' नाम के एंटीना लगे थे। ये एंटीना लैंडिंग के दौरान विमान को रास्ता दिखाते हैं। जानकारों का मानना है कि इन्हें आसानी से टूटने वाली सामग्री से बनाया जाना चाहिए था।

पुलिस ने गुरुवार को कहा कि ये सात अधिकारी ऐसे मीडिया बयान तैयार करने में शामिल थे जिनमें कहा गया था कि लोकलाइजर को संबंधित घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार लगाया गया था, जबकि असल में ऐसा नहीं था।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने ये मामले सरकारी वकीलों (प्रॉसिक्यूटर) को सौंप दिए हैं और मांग की है कि इन सात अधिकारियों पर सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर करने का आपराधिक आरोप लगाया जाए। दोषी पाए जाने पर सात साल तक की जेल हो सकती है। ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने पुलिस की इस घोषणा पर कोई टिप्पणी नहीं की।

यह क्रैश 1997 के बाद से दक्षिण कोरिया का सबसे घातक विमान हादसा था। लेकिन क्रैश की कोई सटीक, आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है और अभी तक किसी पर कानूनी तौर पर मुकदमा नहीं चलाया गया है।

क्या फ्रांस में कार चालक ने जानबूझकर रौंदा: दो लोगों की मौत, नौ घायल
फ्रांस के उत्तरी शहर कान में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। रेलवे स्टेशन के ठीक सामने वाली सड़क पर एक कार ने राहगीरों के समूह को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रारंभिक जांच के बाद स्थानीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह घटना कोई आतंकी हमला नहीं है। मेयर और पुलिस के अनुसार, यह हादसा आपसी विवाद और कहासुनी के तूल पकड़ने का नतीजा लग रहा है। पुलिस ने मौके से ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया संदिग्ध चालक रूसी मूल का नागरिक बताया जा रहा है और फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सेंट पीटर्सबर्ग में कार बम धमाका, रूसी सैन्यकर्मी की मौत, पत्नी भी घायल
सेंट पीटर्सबर्ग में गुरुवार को कार बम धमाके में एक रूसी सैन्यकर्मी की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। यह घटना शहर के बाहरी इलाके पुश्किन्स्की उपनगर में हुई। रूस की जांच समिति की स्थानीय शाखा ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन मृतक की पहचान और सैन्य पद की जानकारी नहीं दी। जांचकर्ताओं ने यह भी नहीं बताया कि हमले के पीछे किसका हाथ होने का संदेह है और न ही किसी समूह ने जिम्मेदारी ली है। यह रूस में यूक्रेन युद्ध से जुड़े सैन्यकर्मियों और अन्य लोगों को निशाना बनाकर हुए कई हमलों की ताजा घटना है। मॉस्को पहले ऐसे कुछ हमलों के लिए कीव को जिम्मेदार ठहरा चुका है।

इससे पहले पांच अगस्त को येकातेरिनबर्ग के पास रूसी सेना को ड्रोन की आपूर्ति करने वाले एक कारखाने के प्रमुख की कार में धमाका हुआ था। उसमें कारखाना प्रमुख गंभीर रूप से घायल हुआ और उसके चालक की मौत हो गई थी। दिसंबर 2024 में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने रूसी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उनके मॉस्को स्थित आवास के बाहर स्कूटर में छिपाए गए बम से उनकी मौत हुई थी। हालांकि, कई अन्य मामलों में यूक्रेन ने अपनी भूमिका से इनकार किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed