फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events

World News: कनाडा में खालिस्तानी नेता इंद्रजीत गोसल गिरफ्तार; पश्चिमी नाइजर में हवाई हमले में 30 से अधिक मौतें

Fri, 26 Sep 2025 11:13 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 26 Sep 2025 11:13 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विज्ञापन

कनाडा के ओंटारियो में खालिस्तानी नेता इंदरजीत सिंह गोसल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ओंटारियो प्रांतीय पुलिस ने शुक्रवार को गोसल को लापरवाही से हथियार चलाने और अन्य अपराधों के आरोप में पकड़ा। पुलिस ने बताया कि गोसल हथियारों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामलों में आरोपी है। सोमवार को ओशावा की अदालत में गोसल के साथ अरमान सिंह (टोरंटो) और जगदीप सिंह (न्यूयॉर्क) पर भी आरोप तय किए गए। गौरतलब है कि गोसल खालिस्तान जनमत संग्रह अभियान चला रहे हैं, जिसे उन्होंने हर्डीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद संभाला था। गोसल प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) के सदस्य हैं। बता दें कि SFJ अलग सिख राष्ट्र की मांग करता है। इसके नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार ने आतंकवादी घोषित किया है। बता दें कि कनाडा में भारत के बाहर सबसे बड़ी सिख आबादी रहती है।

पश्चिमी नाइजर में हवाई हमले में 30 से अधिक मौतें
पश्चिमी नाइजर के टिल्लाबेरी क्षेत्र में सोमवार को हुए हवाई हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए। स्थानीय गवाहों के अनुसार मृतकों की संख्या 37 तक हो सकती है। यह हमला बुर्किना फासो और माली की सीमा के पास इंजार कस्बे के साप्ताहिक बाजार के पास हुआ। इस वर्ष पश्चिमी नाइजर में इस्लामिक स्टेट से जुड़े हमलों में 127 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। सरकार ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा से जुड़े समूह सक्रिय हैं। नाइजर, माली और बुर्किना फासो की सेनाओं को लगातार इन समूहों से संघर्ष करना पड़ता है। स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि बम बाजार के बाहरी इलाके में गिरा, जिससे आसपास खड़े लोग मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हुए। साल 2023 में जनरल अब्दूरहमाने टियानी के नेतृत्व में राष्ट्रपति मोहम्मद बाजूम को हटाने के बाद से सुरक्षा बलों की कार्रवाई बढ़ गई है।

विज्ञापन

यूरोप में गर्मी का कहर 2024 में 62 हजार से ज्यादा लोगों की गई जान
 यूरोप में गर्मी का पारा वैश्विक औसत से दोगुना तेजी से बढ़ रहा है। गर्मी के लिहाज यूरोप के लिए 2024 जानलेवा साबित हुआ है। नेचर मेडिसिन की इस सप्ताह जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने 62 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले ली। गर्मी मृतकों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक रही। रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी समय और भी खतरनाक साबित होगा। यूरोपीय संघ की कोपरनिकस जलवायु परिवर्तन सेवा के अनुसार, साल 2024 में यूरोप को अपने इतिहास की सबसे भीषण का सामना करना पड़ा है। बार्सिलोना इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ के शोधकर्ताओं ने 32 यूरोपीय देशों से मृत्यु दर के आंकड़े जुटाए हैं। इससे पता चलता है कि 2022 से 2024 की गर्मियों में बढ़ते तापमान के चलते 1.81 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई।  

विज्ञापन

श्रीलंका : केबल रेल पलटी, भारतीय समेत सात बौद्ध भिक्षु मरे
 श्रीलंकाई जंगल के एक मठ में केबल से संचालित रेलगाड़ी पलटने से एक भारतीय समेत 7 बौद्ध भिक्षु मारे गए व 6 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा, घटना ना उयाना आरण्य सेनासनाया में हुई, जहां निकावेरेटिया में स्थित एक प्रसिद्ध बौद्ध मठ है। यह मठ अपने ध्यान शिविरों के लिए प्रसिद्ध है और दुनिया भर से साधकों को आकर्षित करता है। पुलिस ने बताया कि सात मृतक बौद्ध भिक्षुओं में से एक भारतीय, एक रूसी और एक रोमानिया का नागरिक था।  

विज्ञापन

ब्रिटेन में तीन साल की बच्ची की हत्या के आरोप में भारतीय मूल के जोड़े पर केस
ब्रिटेन में एक तीन साल की बच्ची की हत्या के मामले में भारतीय मूल की महिला और पुरुष पर आरोप लगाया गया है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय मनप्रीत जताना और 36 वर्षीय जसकीरत सिंह उप्पल को शुक्रवार को वेस्ट लंदन के उक्सब्रिज मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि यह मामले लगभग दो साल पुराने हैं और पीड़िता की पहचान पेनेलोपी चंद्री के रूप में हुई है। बच्ची का शव 17 दिसंबर 2023 को हेस के पेनिन वे स्थित आवासीय घर में पाया गया था। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों को मुकदमे की कार्रवाई के तहत हत्या के आरोप में कोर्ट में पेश किया गया। आगे की कानूनी प्रक्रिया में रिपोर्टिंग पर प्रतिबंध रहेगा।

मेडागास्कर में बिजली-पानी कटौती के विरोध में हिंसक प्रदर्शन
मेडागास्कर में गुरुवार को बिजली-पानी कटौती के विरोध में हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया है। जिसके बाद सरकार ने रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया।  इससे पहले, सैंकड़ों प्रदर्शनकारी लगातार बिजली कटौती और पानी की समस्या के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर जलते टायर और पत्थर रखकर रास्ता बंद कर दिया। इतना ही नहीं द्वीप राष्ट्र की राजधानी में कई खुदरा दुकानों, उपकरण स्टोर और बैंकों में लूटपाट की घटनाएं भी दर्ज की गईं। आलम यह हो गया था कि प्रदर्शन को काबू में करने के लिए पुलिस को रबर बुलेट और आंसू गैस का उपयोग करना पड़ा। वहीं, पुलिस प्रमुख एंजेलो रावेलोनारिवो ने कहा कि गुरुवार रात 7 बजे से शुक्रवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा और स्थिति सामान्य होने तक इसे सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कदम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।

स्लोवेनिया ने इस्राइली पीएम के प्रवेश पर लगाई रोक
स्लोवेनिया ने इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के देश में प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके लिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के उनके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया गया है। विदेश मंत्रालय की अधिकारी नेवा ग्रासिक ने कहा कि यह फैसला इस बात को दर्शाने के लिए लिया गया है कि स्लोवेनिया अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थन करता है। स्लोवेनिया, जो लगभग दो मिलियन की आबादी वाला देश है और जिसने पिछले साल फलस्तीनी राज्य को मान्यता दी थी, इस्राइल की गाजा में की गई कार्रवाईयों का मुखर आलोचक रहा है। इसके पहले भी स्लोवेनिया ने इस्राइली रक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर और वित्त मंत्री बेजल स्मोटरिच के देश में प्रवेश से रोक लगा दी थी। स्लोवेनिया सरकार ने कहा कि उन सभी देशों को इस्राइल की फलस्तीनी इलाके में अवैध मौजूदगी को मान्यता नहीं देनी चाहिए जो आईसीसी से बंधे हैं।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में सड़क हादसा, एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हादसा गुरुवार देर रात डेरा इस्माइल खान जिले में हुआ, जब एक वाहन के ब्रेक फेल हो गए और वह गहरी खाई में जा गिरा। यह वाहन झोब जिले से डेरा इस्माइल खान की ओर जा रहा था। बचाव अधिकारियों के मुताबकि, घटनास्थल से सात शव बरामद किए गए, जिनमें पांच महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। वहीं तीन घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार से थे।

 हेगसेथ ने अचानक बुलाई शीर्ष कमांडरों की बैठक
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने अगले सप्ताह उत्तरी वर्जीनिया के क्वांटिको मरीन कॉर्प्स बेस पर सेना के शीर्ष अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया है। यह बैठक एक स्टार रैंक या उससे ऊपर के सभी वरिष्ठ कमांडर और उनके शीर्ष सलाहकारों के लिए है। वहीं, अचानक बुलाई गई इस बैठक के कारणों का विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।  जिसके कारण सैन्य विशेषज्ञों में  सस्पेंस की स्थिति बन गई है। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि हेगसेथ अगले हफ्ते अपने वरिष्ठ सैन्य नेताओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि अमेरिकी सेना में सभी रैंक के 800 से अधिक जनरल और एडमिरल हैं, जिनमें से कई हजारों सैनिकों का नेतृत्व करते हैं और दुनिया भर में विभिन्न देशों और समय क्षेत्रों में तैनात हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed