फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Pakistan Politics Asia Europe US UK UN West Asia Crime and Global events

World Updates: डोनाल्ड ट्रंप का दावा- मैंने कांगो में युद्ध खत्म करा दिया; स्थानीय लोगों ने दावे को बताया झूठा

Tue, 26 Aug 2025 10:49 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Tue, 26 Aug 2025 10:49 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Pakistan Politics Asia Europe US UK UN West Asia Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि जून में कांगो और रवांडा के बीच शांति समझौता कराने के बाद, पूर्वी कांगो में चल रहा युद्ध उन युद्धों में से एक है जिन्हें उन्होंने रोका है। लेकिन स्थानीय निवासियों, संघर्ष शोधकर्ताओं और अन्य लोगों का कहना है कि यह सच नहीं है। ट्रंप ने सोमवार को दशकों पुराने संघर्ष को समाप्त करने का दावा दोहराया और कांगो को अफ्रीका का सबसे अंधकारमय और गहरा हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, 35 वर्षों तक यह एक क्रूर युद्ध था। 90 लाख लोगों को कुल्हाड़ियों से मार डाला गया। मैंने इसे रोका। ... मैंने इसे रुकवाया और कई लोगों की जान बचाई।' एक समाचार एजेंसी ने ट्रंप के दावे की फैक्ट-चेक की थी और पाया था कि युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। अब स्थानीय निवासी कई जगहों पर झड़पों की रिपोर्ट कर रहे हैं, अक्सर रवांडा समर्थित एम23 विद्रोहियों के बीच, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में प्रमुख शहरों पर कब्जा कर लिया था, और कांगो सेना के साथ लड़ रहे मिलिशिया के बीच। कतर की मदद से कांगो और विद्रोहियों के बीच अंतिम शांति समझौता रुका हुआ प्रतीत होता है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर शांति शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन


आइल ऑफ वाइट में हेलीकॉप्टर हादसा, तीन की मौत
इंग्लैंड के दक्षिणी तट से दूर आइल ऑफ वाइट में सोमवार को उड़ान प्रशिक्षण के दौरान एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई साथ ही एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना सुबह 9:30 बजे हुई। उस वक्त रॉबिन्सन R44 II हेलीकॉप्टर में एक पायलट और तीन यात्री सवार थे।

विज्ञापन

लीबिया के कोस्ट गार्ड ने बचाव दल पर की गोलीबारी
लीबिया के कोस्ट गार्ड ने एक मानवतावादी संगठन के बचाव जहाज पर उस समय गोलीबारी कर दी जब वह समुद्र में एक संकटग्रस्त प्रवासी नौका की तलाश कर रहा था। यह घटना रविवार को हुई और इसे अब तक की सबसे हिंसक घटनाओं में से एक माना जा रहा है जिसमें यूरोपीय बचाव जहाज और लीबियाई कोस्ट गार्ड आमने-सामने आए हों। मामले में मानवता की सेवा में लगा संगठन एसओएस मेडिटेरेनी ने बताया कि यह घटना लीबिया के तट से करीब 40 नॉटिकल मील उत्तर में हुई। इस दौरान उनके जहाज Ocean Viking को गंभीर क्षति पहुंची, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह जहाज नॉर्वे के झंडे के तहत चलता है और इसे रेड क्रॉस और रेड क्रीसेंट की अंतरराष्ट्रीय संस्था के सहयोग से चार्टर्ड किया गया है। घटना के समय ओशन वाइकिंग ने दो प्रवासी नौकाओं से 87 लोगों को बचाया था, जिनमें से कई युद्धग्रस्त सूडान से थे। जब जहाज तीसरी संकटग्रस्त नाव की तलाश कर रहा था, तभी लीबियाई कोस्ट गार्ड का एक गश्ती पोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पहुंचा और 15 से 20 मिनट तक गोलीबारी की।

विज्ञापन

नग्न होकर सड़क पर घूम रहे  लिल नास एक्स पर पुलिस पर हमला करने के आरोप
मशहूर अमेरिकी रैपर और सिंगर मोन्टेरो लामार हिल जो कि लिल नास एक्स के नाम से जाने जाते हैं। उनपर पुलिस अधिकारियों पर हमला करने और विरोध करने के आरोप में चार आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई जब वे पिछले हफ्ते लॉस एंजेलिस की एक सड़क पर नग्न हालत में घूमते पाए गए। लॉस एंजिलिस जिला अटॉर्नी ऑफिस के मुताबिक, 26 वर्षीय  लिल नास एक्स पर तीन बार पुलिस अधिकारी को चोट पहुंचाने और एक बार अधिकारी का विरोध करने की गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को उन्हें मामूली अपराध (मिस्डीमीनर) के तहत हिरासत में लिया गया था।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे स्टूडियो सिटी इलाके की व्यस्त वेंचुरा बुलेवार्ड पर उन्हें नग्न हालत में टहलते देखा गया। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो उन्होंने अधिकारियों पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को शक था कि वह किसी नशे की हालत में हो सकते हैं, इसलिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटे बिताने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। तब से वह पुलिस हिरासत में हैं।

विज्ञापन

चीन में काजिकी तूफान से पहले 20 हजार लोग हटाए गए
चीन के सान्या शहर में काजिकी नामक तूफान से मंगलवार सुबह तक 320 मिमी (12.6 इंच) तक बारिश होने की आशंका है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने दुकानें और सार्वजनिक परिवहन को बंद कर दिया है। तूफान के चीन के द्वीपीय प्रांत हैनान के दक्षिणी तट से गुजरने के दौरान तेज हवा-बारिश की आशंका है। इसे दखेते हुए 20,728 लोगों को क्षेत्र से हटाया गया है।  हैनान में 2,800 से ज्यादा बचावकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी 30,769 मछली पकड़ने वाली नौकाएं बंदरगाह पर लौट आई हैं। वहीं, वियतनाम में तूफान के मद्देनजर लाखों लोगों को सुरक्षित हटाया गया है। सोमवार सुबह तूफान की गति 166 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। इसके असर से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। 

पीएम मोदी के दौरे से पूर्व जापानी संसद के अध्यक्ष से मिले राजदूत जॉर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने सोमवार को प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा से मुलाकात की। इस दौरान जॉर्ज और नुकागा ने भारत-जापान के द्विपक्षीय विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा, बातचीत में मानव संसाधन के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जॉर्ज ने सुमितोमो मित्सुई ट्रस्ट ग्रुप के अध्यक्ष तोरू ताकाकुरा से मिलकर दोनों देशों के वित्तीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की। उन्होंने टोक्यो के त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर में धार्मिक मामलों के उप-प्रमुख तोमोहीरो किमुरा से भी भेंट की। पीएम मोदी 29 से 30 अगस्त तक जापान दौरा करेंगे। यह उनकी बतौर पीएम जापान की 8वीं यात्रा होगी। 

नौ मई दंगा केस में इमरान के 75 समर्थकों को जेल
पाकिस्तान की एक आतंक-रोधी कोर्ट ने सोमवार को इमरान खान की पार्टी के 75 नेताओं व कार्यकर्ताओं को नौ मई, 2023 के दंगों का दोषी पाते हुए तीन से 10 साल जेल की सजा सुनाई। मामले में कुल 109 आरोपी थे।  फैसलाबाद एटीसी ने यह फैसला राणा सनाउल्लाह के घर पर हमले के मामले में सुनाया। सनाउल्लाह पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज  की पंजाब इकाई के अध्यक्ष हैं। पीटीआई पार्टी के 59 नेताओं और कार्यकर्ताओं को 10-10 साल और 16 अन्य को तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई है। दोषी ठहराए गए प्रमुख लोगों में नेशनल असेंबली के पूर्व नेता प्रतिपक्ष उमर अयूब, पूर्व नेता प्रतिपक्ष शिबली फराज, पूर्व सांसद जरताज गुल अहमद चट्ठा शामिल हैं।  

ग्वादर-कराची से छह को उठाया 
बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक ग्वादर व कराची में लोगों को गिरफ्तार कर गायब करने की घटनाएं बढ़ गई हैं। सुरक्षा बलों ने रविवार देर रात तक ग्वादर के कुलदान, गुब्द व सिंध के कराची से छह लोगों को उठा लिया। इस दौरान सैनिकों ने उनके साथ मारपीट भी की। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग आतंकी हमलों में पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए और 17 अन्य घायल हुए हैं। 

म्यांमार में भूकंप के झटके

म्यांमार में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इन भूकंप के झटकों की तीव्रता 3.5 रही। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन में 25 किलोमीटर नीचे था। इससे पहले भी म्यांमार में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिनकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.9 थी। म्यांमार भूकंप के लिहाज से संवेदनशील इलाके में स्थित है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इस साल 28 मार्च को भी यहां 7.7 और 6.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 
 

ताइवान की सीमा में घुसे चीनी विमान

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि चीनी सेना के छह विमानों और सात युद्धक जहाजों ने ताइवान की सीमा का उल्लंघन किया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 'छह पीएलए विमानों और सात युद्धक जहाजों के साथ ही चीनी सेना के एक आधिकारिक जहाज को सुबह छह बजे ताइवान की सीमा के पास देखा गया। छह विमानों में से एक ने मीडियन लाइन को पार कर ताइवान की सीमा में प्रवेश किया। हम हालात की समीक्षा कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।'  गौरतलब है कि चीन, ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और इसके चलते अक्सर उसके विमान और युद्धक जहाज ताइवान की सीमा का उल्लंघन करते दिख जाते हैं। 

ओली भारत-चीन की यात्राओं पर लिपुलेख मुद्दे को उठाएंः आरएसपी
नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने मंगलवार को लिपुलेख दर्रे के जरिए व्यापार फिर से शुरू करने के लिए नई दिल्ली और बीजिंग के बीच हुए हालिया समझौते पर चिंता जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से आग्रह किया कि वे अपनी आगामी भारत और चीन यात्राओं के दौरान इस मुद्दे को उठाएं। बता दें कि नेपाल इस क्षेत्र को अपना बताता है। भारत ने इस दावे को न उचित ठहराया है, न ऐतिहासिक तथ्यों और साक्ष्यों पर आधारित बताते हुए सिरे से खारिज किया है। आरएसपी ने दावा किया कि ये क्षेत्र नेपाल के अभिन्न अंग हैं। पार्टी के विदेश संबंध विभाग के प्रमुख शिशिर खनल ने कहा, नेपाली भूमि पर किसी भी देश की कोई गतिविधि या समझौता नेपाल की सहमति बिना वैध नहीं है। ओली इस महीने के अंत में चीन और 16 सितंबर को भारत की यात्रा करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed