{"_id":"6afaf25ed4920e0bd9018ab3","slug":"imran-khan-seeks-medical-treatment-for-himself-and-wife-bushra-bibi-in-letter-to-pakistan-top-judges-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"'शायद जिंदा वापस न लौट सकूं': इमरान खान ने जेल से पाकिस्तानी जजों को लिखी चिट्ठी; पत्नी के इलाज पर क्या कहा?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
'शायद जिंदा वापस न लौट सकूं': इमरान खान ने जेल से पाकिस्तानी जजों को लिखी चिट्ठी; पत्नी के इलाज पर क्या कहा?
Mon, 16 Nov 2026 05:39 PM IST
शिवम गर्ग
पीटीआई, इस्लामाबाद
पीटीआई, इस्लामाबाद
Published by: शिवम गर्ग
Updated Mon, 16 Nov 2026 05:39 PM IST
सार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र लिखकर अपने और पत्नी बुशरा बीबी के इलाज की मांग की है। उन्होंने अदालती आदेशों का पालन नहीं होने और जेल में चिकित्सा सुविधाएं न मिलने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
इमरान खान, पूर्व प्रधानमंत्री, पाकिस्तान
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों से अपने और पत्नी बुशरा बीबी के लिए उचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी बिगड़ती सेहत जानलेवा साबित हो सकती है। इमरान ने पहले दिए गए अदालती आदेशों को लागू करने और जेल में बेहतर सुविधाएं देने की मांग भी की है।
विज्ञापन
इमरान खान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनका यह खुला पत्र साझा किया। उन्होंने पिछले सप्ताह अदियाला जेल में इमरान खान से मुलाकात की थी।
विज्ञापन
'इस हालत में रहा तो जिंदा लौटना मुश्किल हो सकता है'
74 वर्षीय इमरान खान ने सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित पत्र में अपनी सेहत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, "74 साल की उम्र में यह लगातार बनी हुई स्थिति मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं।"
विज्ञापन
इमरान ने दावा किया कि लंबे समय तक एकांत कारावास में रखने और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ रही है। उनके मुताबिक, ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और हार्ट अटैक का खतरा भी बताया है।
पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी को लेकर जताई चिंता
इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुशरा की आंखों की रोशनी लगातार कमजोर हो रही है और उन्हें आगे भी आंखों की सर्जरी की जरूरत है।
बुशरा बीबी को अप्रैल में रेटिना डिटैचमेंट की समस्या हुई थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी की गई थी। इमरान ने दावा किया कि सर्जरी के बाद उन्हें फिर एकांत कारावास में भेज दिया गया और डॉक्टरों से मिलने तथा मेडिकल रिकॉर्ड तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने का आरोप
इमरान खान ने पत्र में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को अधिकारियों को उन्हें इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने उनकी जांच के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने और परिवार के सदस्यों से बातचीत की अनुमति देने को भी कहा था।
उन्होंने लिखा, "मैं आपके माननीय न्यायाधीशों से कोई विशेष कृपा नहीं मांग रहा हूं। न्याय के तौर पर मेरी केवल यही मांग है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और हमारी स्वास्थ्य समस्याओं का उचित इलाज कराया जाए।"
दिन में 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखने का दावा
इमरान ने आरोप लगाया कि उन्हें दिन में 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखा जाता है। परिवार के सदस्यों और वकीलों से मिलने, किताबें पढ़ने और टीवी देखने की सुविधा भी नहीं दी जा रही है। उनके मुताबिक, वकीलों से मुलाकात भी सीमित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जेल के मेडिकल बोर्ड ने उनकी चिंता और मानसिक तनाव का उल्लेख किया था। बोर्ड ने पत्नी और परिवार से अधिक बार बातचीत करने के साथ पढ़ने की सामग्री और टीवी उपलब्ध कराने की सिफारिश की थी।
तोशाखाना-2 मामले में इमरान और बुशरा को 17 साल की सजा
इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 मामले में 17 साल जेल की सजा सुनाई गई है। यह मामला 2021 में आधिकारिक यात्रा के दौरान सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की ओर से इमरान को उपहार में दिए गए महंगे बुल्गारी आभूषण सेट की खरीद से जुड़ा है।
इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी को जनवरी 2025 में भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इमरान अन्य मामलों में भी जेल की सजा काट रहे हैं। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ लगातार आरोप लगाती रही है कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।
