फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Pakistan Politics Asia Europe US UK UN West Asia Crime and Global events

Updates: स्पेसएक्स के रॉकेट की लॉन्चिंग टली; गाजा में अस्पताल पर हुए इस्राइली हमले पर नेतन्याहू ने जताया दुख

Mon, 25 Aug 2025 11:28 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 25 Aug 2025 11:28 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Pakistan Politics Asia Europe US UK UN West Asia Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

अमेरिका ने पिछले कई महीनों से यूक्रेन के रूस पर लंबी दूरी वाली मिसाइलें दागने पर रोक लगा रखी रखी है। इसके कारण यूक्रेन रूस पर कोई बड़ा हमला नहीं कर पा रहा। ये खुलासा अमेरिकी मीडिया संस्थान वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अधिकारियों के हवाले से किया है। इसमें बताया गया है कि ये रोक बसंत के मौसम से ही जारी है। लेकिन इसे अब तक गुप्त रखा गया था।

विज्ञापन


अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एक उच्च-स्तरीय अनुमोदन प्रक्रिया के तहत अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने यूक्रेन को रूसी क्षेत्र में आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम (एमटीएसीएमएस) दागने से रोक दिया है। यूक्रेन ने हाल में एक बार इस्तेमाल की मंजूरी मांगी लेकिन उसे मना कर दिया गया। जो बाइडन के कार्यकाल में यूक्रेन को 2024 में रूस पर एमटीएसीएमएस इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई थी। लेकिन बाद में पेंटागन के नीति प्रमुख एल्ब्रिज कोल्बी ने ऐसे किसी हमले के लिए पूर्व अनुमति लेने की व्यवस्था लागू कर दी। इसकी वजह से यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइलें इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है।

विज्ञापन

भारत के नेतृत्व में बिग कैट एलायंस से जुड़ा नेपाल
नेपाल बड़ी बिल्लियों की सात प्रजातियों के संरक्षण के लिए वैश्विक पहल इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) का आधिकारिक तौर पर सदस्य बन गया है। आईबीसीए भारत की पहल वाला गठबंधन है, जिसमें बड़ी बिल्लियों की प्रजातियों के संरक्षण में रुचि रखने वाले 90 देश शामिल हैं। आईबीसीए ने शनिवार को कहा, नेपाल ने मसौदा समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ ही वह आईबीसीए से जुड़ गया है। नेपाल में हिम तेंदुए, बाघ व सामान्य तेंदुए पाए जाते हैं। उसके आईबीसीए में शामिल होने से इस प्रजाति के अन्य जीवों के संरक्षण में वैश्विक सहयोग मजबूत होगा। आईबीसीए ने साझा पारिस्थितिकी सुरक्षा की दिशा में उठाए गए इस अहम कदम के लिए नेपाल सरकार को बधाई दी। नेपाल में ताजा गणना के अनुसार 2022 तक बाघ की संख्या लगभग तीन गुना बढ़कर 355 हो गई जो 2009 में मात्र 121 थी।  

विज्ञापन

उत्तर कोरिया ने दो नई मिसाइलों का किया परीक्षण
दक्षिण कोरिया व अमेरिका के वार्षिक सैन्य अभ्यास के बीच उत्तर कोरिया ने हवाई हमलों को रोकने में सक्षम दो नई मिसाइलों का परीक्षण किया। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन इस परीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि शनिवार को हुए परीक्षण ने दर्शाया कि ये मिसाइलें ड्रोन व क्रूज मिसाइल के हमलों से निपटने में सक्षम हैं। यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है, जब दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ली जे म्यूंग शिखर सम्मेलन के लिए टोक्यो की यात्रा पर हैं।  
विज्ञापन

मंडेला के देश में मना भारत दिवस  वैश्विक आतंकवाद से निपटने पर जोर
रंगभेद विरोधी आंदोलन के नेता व दक्षिण अफ्रीकी लोकतांत्रिक सरकार के पहले राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की धरती से आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद हुई है। जोहानिसबर्ग के इंडिया क्लब में आयोजित 16वें वार्षिक भारत दिवस समारोह में वैश्विक आतंकवाद से निपटने की भारत की प्रतिबद्धता पर जोर रहा। इंडिया क्लब प्रवासी भारतीयों का एक संगठन है। इसकी स्थापना 16 वर्ष पहले की गई थी। भारत दिवस समारोह का आयोजन शनिवार को हुआ। इसमें हजारों लोग शामिल हुए। यह आयोजन अगस्त में भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में किया जाता है। इसमें भारतीय प्रवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। द. अफ्रीका में मौजूद भारतीय कंपनियों ने विभिन्न स्टॉल पर अपने उत्पाद भी प्रदर्शित किए। द.अफ्रीका के वाणिज्यिक केंद्र सैंडटन के मध्य में स्थित मैदान के प्रवेश द्वार पर वैश्विक आतंकवाद पर  एक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें दिखाया गया कि किस प्रकार न केवल भारत, बल्कि पूरा विश्व दशकों से आतंकी हमलों की चपेट में है। प्रदर्शनी में भारत सहित दुनिया भर के विभिन्न स्थानों पर हुए हमलों की टाइमलाइन शामिल थी।  

मॉस्को शॉपिंग सेंटर में हुए धमाके में एक की मौत, तीन घायल
रूस की महानगरीय राजधानी मॉस्को की एक मशहूर वाणिज्यिक इमारत में रविवार को हुए धमाके में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। रूसी आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक,यह धमाका मध्य मॉस्को स्थित लुब्यंका स्क्वायर के सेंट्रल चिल्ड्रन स्टोर शॉपिंग मॉल की तीसरी मंजिल पर हुआ। सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने बताया कि धमाका एक गैस सिलिंडर में विस्फोट से हुआ था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ब्रिटेन में अपराधियों को यात्रा व पब में जाने की नहीं होगी इजाजत
ब्रिटेन सरकार की ओर से रविवार को घोषित नए दंड नियमों के तहत अपराधियों के पब जाने, संगीत समारोहों में शामिल होने व खेल स्पर्धाओं को देखने पर प्रतिबंध रहेगा। नए उपायों के तहत देश के न्यायाधीश अपराधियों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगा सकेंगे तथा उन पर ड्राइविंग प्रतिबंध, यात्रा प्रतिबंध व निशिद्ध क्षेत्रों तक सीमित रहने जैसे प्रतिबंध भी लागू कर पाएंगे। ब्रिटेन के कानून मंत्रालय ने कहा कि इन बदलावों से सामुदायिक दंड को कठोर बनाया जाएगा, जिससे दोबारा अपराध करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

वेनेजुएला में 13 राजनीतिक बंदियों की रिहाई, विपक्ष ने बताया एक सकारात्मक कदम
वेनेजुएला में विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने रविवार को बताया कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार द्वारा पिछले साल के विवादित चुनावों के बाद किए गए दमन के तहत गिरफ्तार किए गए 13 लोगों को रिहा किया गया है। हालांकि सरकार की ओर से इन रिहाइयों की तुरंत पुष्टि नहीं की गई, लेकिन विपक्षी नेता हेनरिक कैप्रिलेस ने सोशल मीडिया पर इस कदम का स्वागत किया और इसे “जेल में बंद लोगों के लिए एक आगे बढ़ने वाला कदम” बताया। उन्होंने बताया कि 8 लोगों को पूरी तरह रिहा किया गया, जबकि 5 को घर में नजरबंद किया गया है।

कैप्रिलेस ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “आज कई परिवार अपने अपनों से फिर मिल पाए हैं। हम जानते हैं कि अभी भी बहुत से लोग बंद हैं, और हम उन्हें नहीं भूलेंगे। हम उनके लिए लड़ाई जारी रखेंगे। यह रिहाई उस चुनाव के एक साल बाद हुई है जिसे लेकर भारी विवाद हुआ था। जुलाई में हुए राष्ट्रपति चुनाव में मादुरो की जीत घोषित की गई, लेकिन चुनाव आयोग ने वोटों की गिनती से जुड़े जरूरी दस्तावेज (“एक्टास”) साझा करने से इनकार कर दिया। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय समुदाय और विपक्ष ने चुनाव नतीजों को खारिज कर दिया।

स्पेसएक्स के स्टारशिप की लॉन्चिंग टली

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के विशाल स्टारशिप रॉकेट की लॉन्चिंग टल गई है। लॉन्चिंग से करीब आधा घंटे पहले ही रॉकेट की लॉन्चिंग टाल दी गई। हालांकि आधिकारिक बयान जारी कर कंपनी ने लॉन्चिंग टालने की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि ग्राउंड सिस्टम में अज्ञात तकनीकी दिक्कत के चलते लॉन्चिंग टाली गई है। स्पेसएक्स के इस रॉकेट की लॉन्चिंग इसलिए भी अहम है क्योंकि हाल के समय में कंपनी के रॉकेट में धमाकों की घटनाएं हुई हैं। 

अमेरिका में पहली बार मिला इंसानी मांस खाने वाला परजीवी का मामला

अमेरिका में पहली बार इंसानी मांस खाने वाले परजीवी का मामला सामने आया है। अमेरिका के मेरीलैंड के एक व्यक्ति के शरीर में इंसानी मांस खाने वाले परजीवी स्क्रूवर्म की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। यह परजीवी गर्म खून वाले जीवों के शरीर में पाए जाते हैं और इंसानी मांस को खाकर जिंदा रहते हैं। इस परजीवी के संक्रमण में धीरे-धीरे संक्रमित जगह से मांस खत्म होना शुरू हो जाता है और यह संक्रमण जानलेवा हो सकता है। जिस व्यक्ति में परजीवी की पुष्टि हुई है, वो अल सल्वाडोर की यात्रा से लौटा था। बता दें कि यह परजीवी दक्षिणी मेक्सिको में बीते साल आपदा ला चुका है। अब अमेरिका में इसके मिलने से चिकित्सा जगत चिंतित है। 

अल्जीरिया की सेना ने सेना प्रमुख द्विवेदी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर 
अल्जीरिया दौरे पर गए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अल्जीरियाई सेना ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। थल सेना प्रमुख ने अल्जीरिया की थल सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुस्तफा स्माली से भी बातचीत की। चर्चा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं, दोनों सेनाओं के बीच सैन्य संबंधों को और मज़बूत करना और शांति एवं सुरक्षा के प्रति आपसी प्रतिबद्धता को बढ़ाना था।

जापानी संसद के निचले सदन के स्पीकर से मिले भारतीय राजदूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने सोमवार को संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के स्पीकर फुकुशिरो नुकागा से मुलाकात की। इस दौरान जॉर्ज और नुकागा ने भारत-जापान के द्विपक्षीय विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी दी। दूतावास ने कहा, बातचीत में मानव संसाधन के आदान-प्रदान को और गहराने पर भी जोर दिया गया। भारतीय राजदूत जॉर्ज ने सुमितोमो मित्सुई ट्रस्ट ग्रुप के अध्यक्ष तोरू ताकाकुरा से भी मुलाकात की और दोनों देशों के वित्तीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने टोक्यो के त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर में धार्मिक मामलों के उप-प्रमुख तोमोहीरो किमुरा से मुलाकात कर बौद्ध आदान-प्रदान को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। जॉर्ज और जापानी संसद के निचले सदन के स्पीकर नुकागा के बीच यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भारतीय प्रधानमंत्री मोदी महीने के अंत में जापान की यात्रा करेंगे।

एलन मस्क ने एप्पल और ओपनएआई पर दायर किया मुकदमा
अरबपति उद्यमी एलन मस्क के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस स्टार्टअप एक्सएआई ने सोमवार को टेक्सास स्थित अमेरिकी संघीय अदालत में एप्पल और चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई पर मुकदमा दायर किया है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा को विफल करने के लिए अवैध रूप से साजिश रचने का आरोप लगाया है। मस्क ने इस महीने की शुरुआत में एप्पल पर मुकदमा करने की धमकी दी थी। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा था कि एप्पल इस तरह से व्यवहार कर रहा कि ओपनएआई के अलावा किसी भी एआई कंपनी के लिए एप स्टोर में नंबर एक पर पहुंचना असंभव हो गया है।

नेतन्याहू ने जताया दुख
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि गाजा पट्टी के एक अस्पताल पर इस्राइली हमला दुखद दुर्घटना थी। उसमें पांच पत्रकारों समेत 20 लोग मारे गए। उन्होंने कहा कि इस्राइल पत्रकारों, चिकित्सा कर्मचारियों और सभी नागरिकों के काम को महत्व देता है और सेना इसकी जांच कर रही।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed