फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Japan Nepal Israel Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events

Updates: कांगो में नाव पलटी, 86 की मौत; यरुशलम के एक होटल में फलस्तीनी नागिरक ने दो इस्राइलियों पर किया हमला

Fri, 12 Sep 2025 09:28 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 12 Sep 2025 09:28 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Japan Nepal Israel Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

नॉर्थवेस्टर्न कांगो के इक्वेटोर प्रांत में एक मोटराइज्ड नाव पलटने से कम से कम 86 लोगों की मौत हो गई। अधिकांश मृतक छात्र थे। राज्य मीडिया के अनुसार, दुर्घटना बुधवार को बासांकुसु इलाके में हुई। शुरुआती जांच में यह पता नहीं चला कि हादसा कैसे हुआ, लेकिन मीडिया ने “गलत लोडिंग और रात में नौकायन” को जिम्मेदार बताया। स्थानीय अधिकारी दुर्घटना की जांच कर रहे हैं और बचाव अभियान जारी है। मृतकों के परिवारों को राहत और सहायता प्रदान की जा रही है। यह हादसा क्षेत्र में नौकायन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।

विज्ञापन


 यरुशलम के पास होटल में हुए हमले में दो घायल, इस्राइल पुलिस ने बताया आतंकी हमला
यरुशलम के बाहर स्थित एक होटल में फलस्तीन के कर्मचारी ने दो मेहमानों पर चाकू से हमला किया। इस हमले को इस्राइल पुलिस ने आतंकी हमला बताया। पुलिस के अनुसार, हमलावर होटल के किचन से बाहर आया और डाइनिंग हॉल में मेहमानों पर हमला किया। ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी और होटल मैनेजर ने उसे पकड़ लिया। घायल दोनों पुरुषों की उम्र लगभग 25 और 50 वर्ष थी। 50 वर्षीय पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के तुरंत बाद तीन अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। यह घटना हामास द्वारा यरुशलम में हाल ही में हुए हमलों के कुछ ही दिनों बाद हुई। इस्राइल और फलस्तीन में बढ़ते तनाव के बीच यह हमला सुरक्षा चिंता बढ़ा रहा है।
विज्ञापन


पाकिस्तान के केपीके में आतंकियों ने सात सुरक्षा कर्मियों की हत्या की
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच ऑपरेशन के दौरान कम से कम सात सुरक्षा कर्मी मारे गए और 14 घायल हुए। स्थानीय नेताओं और पुलिस के अनुसार, यह घटना लोअर डिर जिले के सड़ बांदा इलाके में हुई। सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन में पुलिस, एलीट फोर्स और डिर स्काउट्स की बड़ी तैनाती रही। सुरक्षा बलों का कहना है कि आतंकियों को भी भारी नुकसान हुआ। लाल किला क्षेत्र कभी टीएनएसएम का गढ़ रहा था। यह घटना पाकिस्तान में आतंकवाद और सुरक्षा चुनौतियों की गंभीरता को दर्शाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वेनेजुएला के जहाज पर हमले को लेकर विवाद
डोमिनिकन रिपब्लिक के सैंटियागो शहर में पुलिस ने बुधवार को पांच संदिग्ध अपराधियों को गोली मार दी। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों ने पहले फायरिंग की थी और उन्होंने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। वहीं, अब पुलिस के इस दावे का विरोध शुरू हो गया है। मानवाधिकार कार्यकर्ता इसे अत्यधिक बल प्रयोग और गैर-न्यायिक हत्याएं बता रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मारे गए लोग अपहरण, ड्रग तस्करी और सुपारी किलिंग में शामिल गिरोह के सदस्य थे। वहीं मानवाधिकार आयोग के प्रमुख मैनुअल मारिया मर्सिडीज ने कहा कि हम संविधान और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के खिलाफ मौत की सजा लागू होते देख रहे हैं। वहीं, विपक्षी दल डोमिनिकन लिबरेशन पार्टी ने मांग की है कि पुलिस मुठभेड़ों की जांच अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से कराई जाए।

इस्राइली हमलों के बीच यमन में बंधक बनीं यूनिसेफ अधिकारी रिहा
यमन की राजधानी सना में हूती विद्रोहियों द्वारा बंधक बनाई गई संयुक्त राष्ट्र की अधिकारी लाना शुकरी कताव को रिहा कर दिया गया है। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। मंत्रालय ने बताया कि यूनिसेफ की डिप्टी डायरेक्टर कताव अब अपने देश लौट रही हैं। गौरतलब है कि कताव को 31 अगस्त को कम से कम 18 अन्य यूएन कर्मचारियों के साथ हूतियों ने हिरासत में लिया था, जब उन्होंने सना में संयुक्त राष्ट्र के दफ्तरों पर छापा मारा था। गौरतलब है कि कताव की रिहाई ऐसे समय में हुई है जब इस्राइल ने बुधवार को यमन पर हवाई हमले किए थे। इसमें कम से कम 35 लोग मारे गए और 130 से अधिक घायल हुए। मारे गए लोगों में दो स्थानीय पत्रकार भी शामिल हैं।

यूक्रेन पहुंचे प्रिंस हैरी
ब्रिटेन के राजकुमार हैरी शुक्रवार को घायल सैनिकों की सहायता के लिए एक आश्चर्यजनक दौरे पर यूक्रेन पहुंचे। यह दूसरी बार है, जब हैरी ने यूक्रेन का दौरा किया है। यह चार वर्षों में इन्विक्टस खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाने वाले देशों में से एक है। उनकी ओर से स्थापित यह खेल प्रतियोगिता घायल, चोटिल और बीमार सैन्य कर्मियों और पूर्व सैनिकों के लिए पैरालंपिक जैसी प्रतियोगिता है।

संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने भूकंप प्रभावित अफगानों की मदद की अपील की
संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी ने अफगानिस्तान में हाल ही में आए भूकंप से प्रभावित हजारों लोगों की मदद के लिए फंड की अपील की है। करीब दो हफ्ते पहले आए इस भूकंप में 2,200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और अब भी लगभग 1.34 लाख लोग सहायता के इंतजार में हैं। पूर्वी पहाड़ी इलाकों में आए इस 6.0 तीव्रता के भूकंप से हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कई लोग खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं और अपने घरों को फिर से बनाने की कोशिश में हैं। राहत एजेंसियों को टेंट और दूसरी मदद पहाड़ों तक पहुंचाने में मुश्किल हो रही है। आने वाले हफ्तों में सर्दियों का मौसम भी चुनौती बन सकता है। अफगानिस्तान में अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के मिशन प्रमुख मिह्युंग पार्क ने कहा, 'हम विस्थापितों के लिए कैंप नहीं बनाना चाहते। लोग अस्थायी हालात में रह रहे हैं और हम कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें उनके ही इलाके के पास मदद पहुंचाई जाए।'


 

ग्वाटेमाला-होंडुरास के बच्चों को अमेरिका से निकालने की कोशिश पर अस्थायी रोक
एरिजोना के एक न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन की उस कोशिश पर अस्थायी रोक लगा दी है, जिसमें अकेले अमेरिका आए ग्वाटेमाला और होंडुरास के बच्चों को शेल्टर होम और फोस्टर केयर से हटाकर वापस भेजा जाना था। यह फैसला बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को टक्सन में अमेरिकी जिला न्यायाधीश रोजमेरी मार्केज ने सुनाया। यह आदेश मजदूर दिवस सप्ताहांत पर दिए गए एक पहले फैसले को बढ़ाता है। बच्चों की तरफ से वकीलों ने कहा कि उनके मुवक्किल अपने देश लौटने से डरते हैं और सरकार उन कानूनों का पालन नहीं कर रही है, जो प्रवासी बच्चों की सुरक्षा के लिए बने हैं। एरिजोना में एक कानूनी सहायता समूह ने 57 ग्वाटेमाला और 12 होंडुरास के बच्चों, जिनकी उम्र तीन से 17 साल है, की ओर से मुकदमा दायर किया। इनमें से ज्यादातर बच्चे अमेरिकी स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग के शरणार्थी पुनर्वास कार्यालय की देखरेख में फीनिक्स और टक्सन के शेल्टरों में रह रहे हैं। इसी तरह के मुकदमे इलिनोइस और वाशिंगटन डीसी में भी दायर किए गए हैं।

द.अफ्रीका में अब पुरुष भी अपना सकेंगे पत्नी का उपनाम
लैंगिक समानता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दक्षिण अफ्रीका की सर्वोच्च अदालत ने पुरुषों को अपनी पत्नी का उपनाम अपनाने की इजाजत दे दी। सांविधानिक कोर्ट ने उस कानून को पलट दिया, जो ऐसा करने से रोकता था। इस फैसले को लागू करने के लिए अब संसद को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम और नियमों में संशोधन करना होगा।

इस मामले में, दो जोड़ों ने जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम को चुनौती दी थी। वह निचली अदालत में भी जीत गए थे, पर सांविधानिक अदालत से पुष्टि जरूरी थी। कोर्ट ने फैसले में कहा, यह कानून लैंगिक भेदभाव के बराबर है। संसद को कानून में संशोधन करने का समय देने के लिए अधिनियम की अमान्य धाराएं 24 माह निलंबित रहेंगी। इस दौरान पुरुषों को अपनी पत्नियों के उपनाम जोड़ने की इजाजत होगी। मामले में हेनरी वैन डेर मेरवे और एंड्रियास निकोलस बोर्नमैन को अपनी पत्नी का उपनाम रखने का हक नहीं मिला था। 

द. कोरियाई कामगारों ने ट्रंप का प्रस्ताव ठुकराया, नहीं रुके
 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के कामगारों को अमेरिका में रहने और अपने नागरिकों को प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन एक को छोड़कर कोई भी इसे नहीं माना।

दक्षिण कोरिया के 315 कामगारों ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने जॉर्जिया में निर्माणाधीन एक बैटरी कारखाने से हिरासत में लिए गए 330 कामगारों को रिहा कर दिया है। इनको बसों से अटलांटा ले जाया गया, जहां से वे एक चार्टर्ड विमान से शुक्रवार दोपहर तक दक्षिण कोरिया पहुंचेंगे। 330 कामगारों में से 316 दक्षिण कोरियाई हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने चार सितंबर को आव्रजन छापे उस निर्माण स्थल पर मारे थे, जो हुंडई के जॉर्जिया स्थित विशाल ऑटोमोबाइल संयंत्र का हिस्सा है। इस घटना से दक्षिण कोरिया में व्यापक आक्रोश फैल गया था। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब सियोल ने ट्रंप प्रशासन के उच्चतम टैरिफ से बचने के लिए बातचीत करते हुए अमेरिका में सैकड़ों अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है।  

राष्ट्रपति म्युंग बोले-अमेरिका में निवेश से अब हिचकिचाएंगी हमारी कंपनियां
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा कि अगर वाशिंगटन ने वीजा प्रणाली को बेहतर नहीं किया तो कोरियाई कंपनियां अमेरिका में आगे निवेश से हिचकिचा सकती हैं। अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर प्रेस वार्ता के दौरान ली ने कहा कि अमेरिकी व दक्षिण कोरियाई अधिकारी अमेरिकी वीजा प्रणाली में संभावित सुधार पर चर्चा कर रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि हिरासत में लिए गए कुछ कर्मचारी अवैध रूप से अमेरिकी सीमा पार कर आए थे। अन्य कामगार वैध रूप से अमेरिका आए थे, लेकिन उनके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी या वे वीजा छूट पर आए थे। इसके कारण उन्हें काम करने से रोका गया था। बता दें कि पिछले दिनों जॉर्जिया में आव्रजन छापे के दौरान पैरों में बेड़ियां पहनाकर दक्षिण कोरियाई नागरिकों को कंपनी से निकाला गया था। इसकी  दक्षिण कोरिया ने कड़ी निंदा की थी।

रूसी ड्रोन की घुसपैठ के बाद पोलैंड ने सैन्य आधुनिकीकरण का जताया संकल्प
 पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बृहस्पतिवार को अपने देश की सेना के लिए एक आधुनिकीकरण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का संकल्प जताया। एक दिन पहले ही रूसी ड्रोन पोलैंड में घुस आए थे और नाटो गठबंधन को पहली बार अपने हवाई क्षेत्र में संभावित खतरे का सामना करना पड़ा। इस बीच, पोलैंड ने बेलारूस से लगती अपनी पूर्वी सीमा पर हवाई यातायात पर प्रतिबंध लगा दिया है। पोलैंड की मांग पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई जाएगी। यूरोपीय अधिकारियों ने पोलैंड में ड्रोन की घुसपैठ को जानबूझकर उकसाने वाला कदम बताया है।  
 

लापरवाही भरा था बाइडन पर दोबारा दांव का फैसला: कमला
अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन के दोबारा चुनाव लड़ने का फैसला उन पर छोड़ना डेमोक्रेट्स की लापरवाही थी। हालांकि, कमला ने बाइडन की क्षमताओं का बचाव किया। बाइडन के कार्यालय ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। द अटलांटिक में बुधवार को प्रकाशित हैरिस की किताब 107 डेज के एक अंश में वह लिखती हैं कि जब यह सवाल उठने लगा कि क्या 81 वर्षीय बाइडन को फिर से चुनाव लड़ना चाहिए, तो उन्होंने और अन्य लोगों ने यह फैसला बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन पर छोड़ दिया। हैरिस ने कहा, क्या यह उदारता थी या लापरवाही? पीछे मुड़कर देखने पर मुझे लगता है कि यह लापरवाही थी। यह पहली बार है जब हैरिस ने सार्वजनिक रूप से बाइडन के फिर से चुनाव लड़ने के फैसले की आलोचना की है।

वेनेज़ुएला के तट पर जहाज पर अमेरिकी सेना के हमले पर विवाद

हाल ही में वेनेजुएला के तट पर अमेरिका सेना ने एक जहाज पर हमला किया, जिस पर विवाद हो गया है। ट्रंप प्रशासन के अनुसार, वेनेज़ुएला से जहाज ड्रग ले जा रहा था, जिस पर अमेरिकी सेना ने गोलीबारी की। अमेरिकी सरकार ने बताया कि हमला उस वक्त हुआ, जब जहाज तट की तरफ मुड़ चुका था और वापस किनारे की ओर जा रहा था। वहीं अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों ने इस भड़काऊ हमले के बारे में और जानकारी की मांग करते हुए नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों ने इस हफ्ते कैपिटल हिल में एक बंद कमरे में बैठक की। इस बैठक में स्वीकार किया कि 11 लोगों को ले जा रही नाव, जिसे ट्रंप प्रशासन ने ट्रेन डे अरागुआ गिरोह की नाव बताया, उसपर इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी सेना ने कई बार गोलीबारी की थी, जब उसने अपना रास्ता बदल लिया था। यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब ट्रंप प्रशासन ने सैन्य हमले को सही ठहराया है, लेकिन कई सीनेटरों, डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने प्रशासन के तर्क से असंतोष व्यक्त किया है और इस कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाए हैं।

ट्रंप ने यूक्रेनी शरणार्थी के हत्यारे को फांसी देने की मांग की

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ट्रेन में यूक्रेनी शरणार्थी की हत्या के आरोपी व्यक्ति को मौत की सजा देने की मांग की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'जिस जानवर ने यूक्रेन की खूबसूरत सी युवती, जो शांति और सुरक्षा की तलाश में अमेरिका आई थी, उसे इतनी बेरहमी से मार डाला, उस पर जल्द मुकदमा चलाया जाना चाहिए, और सिर्फ मौत की सजा दी जानी चाहिए। इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं हो सकता!!!'  ट्रंप की यह मांग उनकी सरकार में अटॉर्नी जनरल, पाम बॉन्डी के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह 34 वर्षीय डेकार्लोस ब्राउन जूनियर के खिलाफ अधिकतम सजा की मांग करेंगी। ब्राउन पर पिछले महीने उत्तरी कैरोलिना के शार्लोट में एक ट्रेन में काम से घर लौट रही 23 वर्षीय इरीना जारुत्स्का की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है।

चीन का नया विमानवाहक पोत पहली बार ताइवान जलडमरूमध्य से होकर गुजरा

चीन की नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि उसका सबसे नया विमानवाहक पोत फुजियान ताइवान जलडमरूमध्य से होकर गुजरा। ताइवान जलडमरूमध्य जलक्षेत्र चीन को ताइवान से अलग करता है। चीन के नए विमानवाहक पोत का ताइवान के जलक्षेत्र में पहुंचने को अमेरिका के लिए चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। चीनी नौसेना ने सोशल मीडिया पर एक साझा एक पोस्ट में कहा कि फुजियान, जो अपने कमीशनिंग से पहले समुद्री परीक्षण कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed