फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Hamas Ceasefire Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events

World News: अमेरिका में गोलीबारी में एक की मौत; रूस ने दी मॉस्को में तालिबान के राजदूत की नियुक्ति को स्वीकृति

Sun, 01 Jun 2025 12:48 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 01 Jun 2025 12:48 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Hamas Ceasefire Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
पश्चिमी उत्तरी कैरोलिना में गोलीबारी की वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। गोलीबारी की घटना कैटावबा काउंटी के शहर हिकोरी में देर रात 12:45 बजे हुई। एक पीड़ित की हालत गंभीर है। अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है। गोलीबारी किसने और क्यों की इसकी जानकारी भी अभी नहीं है। फिलहाल अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उत्तरी कैरोलिना स्टेट ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन और हिकोरी पुलिस विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन


रूस ने दी मास्को में तालिबान के राजदूत को स्वीकृति
रूस ने आधिकारिक तौर पर मास्को में तालिबान के राजदूत को स्वीकार कर लिया है। रूस से पहले चीन ने 2023 में तालिबान से राजदूत स्तर पर राजनयिक को स्वीकार करने वाला पहला देश बना था। उसके बाद से कई देशों ने इसका अनुसरण किया है, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल है। अफगान विदेश मंत्रालय ने इस पर खुशी जताते हुए रविवार को कहा कि दोनों प्रतिबंधों से प्रभावित देशों के बीच आर्थिक और राजनीतिक संबंध बढ़ रहे हैं। तालिबान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने कहा, हमें उम्मीद है कि यह नया चरण दोनों देशों को विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने की अनुमति देगा। इससे पहले रूस ने इस साल अप्रैल में तालिबान पर लगाए गए अपने प्रतिबंध को भी हटा दिया था। यह प्रतिबंध करीब दो दशकों तक था।
विज्ञापन


जर्मनी में पुलिस पर गोलीबारी करने वाला व्यक्ति मारा गया
जर्मनी और चेक गणराज्य की सीमा के पास शनिवार को एक व्यक्ति ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह जानकारी जर्मन पुलिस ने रविवार को दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, घटना शिरंडिंग और म्यूनचेनरॉयथ के बीच एक सड़क पर हुई, जो जर्मनी की सीमा के भीतर है। संघीय पुलिस की एक गश्ती टीम ने एक कार को जांच के लिए रोका। कार चालक बाहर निकला और पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाब में गोलीबारी की और उसे मार गिराया। मरने वाला व्यक्ति कार में अकेला था और उसकी पहचान एक 47 वर्षीय ईरानी नागरिक के रूप में हुई है, जो कई वर्षों से जर्मनी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से मैनहाइम इलाके में रह रहा था।


हवाई हमले में हिजबुल्लाह के शीर्ष कमांडर जमौल को मार गिराया: आईडीएफ
इस्राइली सेना बल (आईडीएफ) ने ने दक्षिणी लेबनान में एक हवाई हमले में हिजबुल्ला के शीर्ष कमांडर मोहम्मद अली जमौल को मार गिराया है। यह जानकारी आईडीएफ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी। आईडीएफ ने बताया कि जमौल दक्षिणी लेबनान के डेर अल-जहरानी क्षेत्र में हिजबुल्ला के शाकिफ इलाके का कमांडर था। वह लंबे समय से रॉकेट हमलों का संचालन का काम कर रहा था। इसमें कई आईडीएफ जवानों और नागरिकों को निशाना बनाया गया था। मौजूदा वक्त में वह दक्षिणी लेबनान में फिर से हिजबुल्ला आतंकवादी संगठन के बुनियादी ढांचे को स्थापित करने के प्रयासों में शामिल था। आईडीएफ ने बताया कि मोहम्मद अली की गतिविधियां इस्राइल और लेबनान के बीच हुए समझौते का उल्लंघन थीं।

पाकिस्तान में संघीय सरकार से अफगान नीति समीक्षा की मांग
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर संघीय सरकार से अपनी अफगान नीति की समीक्षा करने का आह्वान किया है। इस प्रस्ताव में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की कैबिनेट ने क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए प्रांतीय अधिकारियों को पड़ोसी देश के साथ सीधी बातचीत करने की अनुमति देने की भी मांग की है।

भारत ने नेपाल के अछाम में नवनिर्मित स्कूल भवन सौंपा
नेपाल में भारतीय दूतावास ने अछाम जिले के लिए संफेबागर नगर पालिका का स्कूल भवन श्री महेंद्र माध्यमिक विद्यालय को सौंप दिया है। दूतावास के अनुसार, शनिवार को ललित बहादुर कुंवर, प्रमुख, जिला समन्वय समिति, अछाम, राजेंद्र बहादुर कुंवर, महापौर, संफेबागर नगर पालिका और सुमन शेखर, प्रथम सचिव, भारतीय दूतावास, काठमांडो द्वारा संयुक्त रूप से विद्यालय भवन को औपचारिक रूप से विद्यालय, अछाम के प्रबंधन को सौंप दिया गया।

द. सूडान पर हथियार संबंधी प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई
संयुक्त राष्ट्र। सुरक्षा परिषद ने दक्षिण सूडान पर हथियार संबंधी प्रतिबंध की अवधि बढ़ाने के पक्ष में मतदान किया है। दक्षिण सूडान में बढ़ते राजनीतिक तनाव के कारण यूएन ने चेताया है कि देश फिर से गृहयुद्ध में फंस सकता है। हथियारों पर प्रतिबंध समेत अन्य प्रतिबंधों की अवधि बढ़ाने के लिए अमेरिका द्वारा प्रायोजित प्रस्ताव के समर्थन में नौ देशों ने मतदान किया जो प्रस्ताव पारित कराने के लिए कम संख्या है। रूस, चीन समेत 6 देश मतदान से   बाहर रहे। 

यूक्रेन की सीमा से सटे रूस में भीषण रेल हादसा
रूस में भीषण रेल हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है। हादसे का कारण पुल का ढहना है। पुल ढहने के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और कई लोग हताहत हुए। स्थानीय राहत और बचाव कार्य एजेंसियां मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

पीएम शहबाज बोले- मित्र देश नहीं चाहते हम कटोरा लेकर उनके सामने जाएं
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि हमारे मित्र देश हमसे भीख का कटोरा लेकर आने की उम्मीद नहीं करते। वह हमारे साथ व्यापार करना चाहते हैं, जो पारस्परिक रूप से फायदेमंद हो। क्वेटा में शनिवार को सेना के अधिकारियों को संबोधित करते हुए शहबाज ने कहा कि चीन पाकिस्तान का सबसे पुराना दोस्त है। सऊदी अरब पाकिस्तान का सबसे भरोसेमंद और सच्चा दोस्त है। इसी तरह तुर्किये, कतर और संयुक्त अरब अमीरात भी पाकिस्तान के अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कहा, मैं यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर दूं कि वे हमसे यह अपेक्षा रखते हैं कि हम उन्हें व्यापार, वाणिज्य, नवाचार, शोध एवं विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, लाभदायक उपक्रमों में निवेश में शामिल करें। शहबाज ने जोर देते हुए कहा कि अब ये देश यह उम्मीद नहीं करते कि हम भीख का कटोरा लेकर उनके पास जाएं। उन्होंने कहा, मैं फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ इस बोझ को अपने कंधे पर उठाने वाला आखिरी व्यक्ति हूं, क्योंकि यह बोझ अंततः हमारे कंधों पर आता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने प्राकृतिक और मानव संसाधनों का इस्तेमाल करना चाहिए।

मलयेशिया के अस्पताल से डिस्चार्ज हुए ब्रूनेई के सुल्तान

थकान की शिकायत के बाद मलयेशिया के अस्पताल में भर्ती ब्रूनेई के सुल्तान हस्सानल बोलकिया अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। ब्रूनेई सुल्तान दुनिया के सबसे अमीर इंसानों में से एक हैं। वह बीते पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। ब्रूनेई की सरकार ने शनिवार को बताया कि 78 वर्षीय सुल्तान अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद राजधानी कुआलालंपुर के एक होटल में ठहरे हैं, जहां वे अगले कुछ दिन आराम करेंगे। इसके बाद वे ब्रूनेई रवाना होंगे। सुल्तान हस्सानल दक्षिण एशियाई देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने कुआलालंपुर पहुंचे थे, वहीं उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुल्तान साल 1984 से ब्रूनेई की सत्ता पर काबिज हैं और अपनी लग्जरी भरी लाइफ स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। 

अलास्का में गैस पाइपलाइन और तेल खनन की तैयारी शुरू

ट्रंप प्रशासन ने अलास्का में गैस पाइपलाइन बिछाने और कच्चे तेल की ड्रिलिंग करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पहले कैबिनेट के तीन सदस्यों को अलास्का भेजा जा रहा है। ये दोनों प्रोजेक्ट वर्षों से अटके हुए हैं। अलास्का जाने वाले नेताओं में आंतरिक मामलों के मंत्री डग बर्गमैन, उर्जा मंत्री क्रिस राइट और पर्यावरण सुरक्षा एजेंसी के प्रशासक ली जेल्डिन शामिल हैं। ट्रंप ने इस साल की शुरुआत में ही तेल और गैस की ड्रिलिंग बढ़ाने का एलान किया था और इसे लेकर एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर भी किए थे। 

जर्मनी के अस्पताल में आग, तीन मरीजों की मौत

जर्मनी के हैंबर्ग शहर में स्थित एक अस्पताल में आग लगने से तीन मरीजों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। अस्पताल में आग मध्य रात्रि में लगी। आग अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित गैरियार्ट्रिक वार्ड में लगी, जो जल्द ही ऊपर के फ्लोर में भी फैल गई। पूरी बिल्डिंग में धुंआ भर गया। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग की घटना में तीन मरीजों की मौत हुई है और 50 से ज्यादा घायल हैं। घायलों में 16 गंभीर रूप से घायल हैं और 36 को मामूली चोटें आई हैं। 
 

नेपाल: पूर्व गृहमंत्री कमल थापा और अन्य गिरफ्तार, प्रदर्शन के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कर रहे थे कोशिश
नेपाल के पूर्व गृहमंत्री कमल थापा और लगभग आधा दर्जन अन्य लोगों को रविवार को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे राजतंत्र के समर्थन में हो रहे प्रदर्शन के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।

राजतंत्र की बहाली और नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय प्रजातन्त्र पार्टी (आरपीपी) और आरपीपीप नेपाल समेत कई राजतंत्र समर्थक संगठनों ने काठमांडू के नारायण चौर में चौथे दिन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई आरपीपी प्रमुख अध्यक्ष राजेंद्र लिंगदेन कर रहे थे, जो खुले तौर पर राजतंत्र के समर्थक हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास बालुवाटार की ओर बढ़ने लगे और पुलिस से झड़प हो गई। काठमांडू घाटी पुलिस के प्रवक्ता अपिल बोहरा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थापा और अन्य को नारायणहिटी पैलेस म्यूजियम के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्र का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

ब्रिटेन में एक बार ही इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर लगी रोक
ब्रिटेन सरकार ने एक बार ही इस्तेमाल होने वाले वेप (इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट) पर पूरी तरह से रोक लगा दी। इसका मकसद बच्चों को वेप से बचाना, सड़कों और जगह-जगह पड़े कूड़े को कम करना और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने से बचाना है। अब कोई भी दुकान या ऑनलाइन वेप नहीं बेच सकता, चाहे उसमें निकोटिन हो या न हो। लेकिन जो वेप दोबारा इस्तेमाल किए जा सकें, वे बिक सकते हैं।

पहले स्कूलों में बच्चे बहुत ज्यादा एक बार ही इस्तेमाल होने वाले वेप का इस्तेमाल कर रहे थे और बहुत सारा कूड़ा भी पैदा हो रहा था। हर हफ्ते लगभग 50 लाख वेप फेंके जाते हैं, जो रिसायकल नहीं होते। इन वेप को रिसायकल करना भी मुश्किल है क्योंकि इन्हें खोलना पड़ता है और इनके बैटरी से आग लगने का खतरा भी होता है। इसलिए सरकार ने इन्हें बंद करने का फैसला किया। दुकानदारों को पहले से छह महीने का समय दिया गया था, ताकि वे अपने पास जो वेप हैं, वे बेच सकें। लेकिन अब इस नियम लागू के बाद वे बेचेंगे तो जुर्माना या जेल हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed