फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Visa Scam UK UN West Asia Greenland Politics Crime and Global events

World Updates: चीन दौरे पर जाएंगे उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग; अमेरिका दौरे पर इस्राइली विदेश मंत्री

Thu, 28 Aug 2025 09:38 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 28 Aug 2025 09:38 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Visa Scam UK UN West Asia Greenland Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

सीरिया की राजधानी दमिश्क के एक दक्षिणी उपनगर किस्वा में इस्राइल ने ड्रोन से हमला किया। इस हमले में सीरिया के 8 सैनिकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। सीरिया के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की। साथ ही कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन है। मंत्रालय के मुताबिक, इस्राइल बार-बार ऐसे हमले करता है जिससे इस क्षेत्र की शांति और स्थिरता बिगड़ रही है। हालांकि, इस्राइल की सेना ने इस हमले पर कोई बयान नहीं दिया है। 

विज्ञापन


सूडान मानवीय संकट पर यूनिसेफ ने दी चेतावनी
सूडान के पश्चिमी छोर पर बसे शहर एल-फाशेर से जुड़े एक अनुमान के मुताबिक यहां लगभग 2.6 लाख लोग रहते हैं। इनमें आधे बच्चे हैं। भयानक मानवीय संकट का सामना कर रहे इस शहर के हालात पर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है। शहर में 16 महीने से सहायता बंद होने के कारण लोग भूख, बीमारी और हिंसा से जूझ रहे हैं। यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि करीब 6,000 बच्चे गंभीर कुपोषण के कारण मौत की कगार पर हैं। एल-फाशेर दारफुर क्षेत्र में सेना का अंतिम गढ़ माना जाता है। अप्रैल 2024 से ही अर्धसैनिक बल (रैपिड सपोर्ट फोर्सेज- RSF) ने यहां की घेराबंदी कर रखी है। यूनिसेफ ने कहा कि मानवीय सहायता को रोकना बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। यूनिसेफ ने मदद के मार्ग तत्काल खोले जाने की मांग की। बता दें कि सूडान में अप्रैल 2023 से सेना और RSF के बीच युद्ध छिड़ा है। अब तक लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। हजारों लोग मारे गए हैं। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यहां होने वाले अत्याचारों की जांच कर रहा है।
विज्ञापन


इस्राइली हवाई हमले से दहला यमन की राजधानी
यमन की राजधानी सना में गुरुवार को इस्राइली वायुसेना ने हवाई हमले किए, जिसकी पुष्टि हूती विद्रोहियों के मीडिया कार्यालय ने की। हमले के दौरान शहर के दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यह ताजा हमला उस वारदात के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें रविवार को सना में इस्राइली हमले से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी।खबरों के अनुसार, हमले के वक्त हूथी संगठन का अल-मसीरा चैनल उनके शीर्ष नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती का पूर्व रिकॉर्डेड भाषण प्रसारित कर रहा था। इस्राइली  सेना ने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हमले से कुछ घंटे पहले इस्राइल ने हूथियों द्वारा छोड़े गए ड्रोन को मार गिराया था। यह एक हफ्ते में यमन से इस्राइल पर तीसरा हमला था।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्षेत्रीय तनाव उस समय और बढ़ गया जब फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन ने ईरान पर परमाणु कार्यक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इन सख्त प्रतिबंधों के लागू होने पर ईरान की विदेशों में संपत्तियां फ्रीज हो सकती हैं और उसके हथियार सौदों पर रोक लग सकती है।

शिकागो के पास सैन्य अड्डे से आव्रजन अभियान को समर्थन की मांग
ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन विरोधी अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए शिकागो के बाहर स्थित एक सैन्य अड्डे से सहयोग मांगा है। नौसेना स्टेशन ग्रेट लेक्स ने गुरुवार को पुष्टि की कि गृह सुरक्षा विभाग ने वहां से सीमित सहयोग की मांग की है। प्रवक्ता मैट मोगल ने बताया कि सहयोग में सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और अन्य लॉजिस्टिक मदद शामिल हो सकती है। हालांकि अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और सैन्य अड्डे को नेशनल गार्ड की तैनाती के लिए औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशासन की यह कोशिश आव्रजन विरोधी कार्रवाई को अन्य शहरों तक फैलाने की दिशा में एक कदम है। इस कदम से स्थानीय स्तर पर बहस तेज हो गई है, क्योंकि सैन्य अड्डों को आंतरिक सुरक्षा अभियानों में शामिल करने को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।

अमेरिका में बनेगा पहला तमिल देवी मंदिर
अमेरिका में तमिल समुदाय को अब देवी समयपुरम मरियम्मन का पहला मंदिर मिलने जा रहा है। यह मंदिर टेक्सास की लेक तवाकोनी के पास 10 एकड़ भूमि पर बन रहा है। इस पहल की शुरुआत चेन्नई मूल के थरगरम बाश्याम और उनकी पत्नी सरस्वती ने की है। मंदिर का स्वरूप तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित प्रसिद्ध समयपुरम मरियम्मन मंदिर जैसा होगा। इसकी मूर्तियां मामल्लापुरम के कारीगर थिरु सेल्वनाथ स्थपति द्वारा बनाई जा रही हैं। पहली बार अम्मन मंदिर की मूर्तियां भारत से बाहर स्थापित की जाएंगी।

समिति के अनुसार, मंदिर में देवी मरियम्मन के साथ करुप्पन्नासामी, मुनीश्वरन, अय्यनार और अन्य देवताओं की मूर्तियां होंगी। यहां तमिल परंपरा के सभी धार्मिक अनुष्ठान होंगे, साथ ही भोजन और सामुदायिक आयोजनों की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिर पूरा होने पर यह तमिल और भारतीय प्रवासी समुदाय का प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र बनेगा।


 

नए कोविड टीकों को FDA से मंजूरी, फिलहाल सीमित इस्तेमाल
अमेरिकी दवा नियामक- FDA ने नए कोविड टीकों को मंजूरी दी है। फिलहाल इसके सीमित इस्तेमाल की अनुमति होगी। अमेरिकी नियामकों ने नई वैक्सीन को मंजूरी देने के संबंध में कहा कि अपडेट किए गए कोविड-19 टीकों को मंजूरी दी गई है, लेकिन अब उनका उपयोग सीमित कर दिया गया है। नई शर्तों के मुताबिक फाइजर, मॉडर्ना और नोवावैक्स के नए टीके सभी वरिष्ठ नागरिक लगवा सकते हैं। बच्चों, किशोरों और वयस्कों को ये टीके केवल तभी लगाए जाएंगे जब उन्हें अस्थमा, मोटापा जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं या कोई उच्च जोखिम हो। एफडीए ने बताया, अब पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फाइजर टीके का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। अब केवल मॉडर्ना का टीका लगाया जा सकेगा, वह भी केवल गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे बच्चों को। नोवावैक्स का टीका 12 वर्ष से अधिक उम्र वालों को ही लगाया जा सकेगा। नई नीति को लेकर कई अमेरिकी चिकित्सा संगठनों ने आपत्ति भी जताई है। इनका कहना है कि बच्चों पर सीमित इस्तेमाल, बीमा कवरेज और राज्यों के कानूनों के चलते टीकों का इस्तेमाल जटिल हो सकता है। बिना बीमा वाले लोगों को वैक्सीन के लिए लगभग 150 डॉलर तक भुगतान करना पड़ सकता है।

फ्लोरिडा में एलीगेटर अल्काट्राज नामक आव्रजन हिरासत केंद्र कुछ दिनों होगा खाली
फ्लोरिडा के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि एवरग्लेड्स स्थित विवादित आव्रजन हिरासत केंद्र कुछ ही दिनों में खाली हो जाएगा। इस केंद्र को एलीगेटर अल्काट्राज भी कहते हैं। यह वही केंद्र है, जिसे फ्लोरिडा के रिपब्लिकन गवर्नर रॉन डेसेंटिस और संघीय सरकार बंद करने के न्यायाधीश के आदेश का विरोध कर रहे हैं।  अदालत ने आदेश दिया था कि इस केंद्र को अक्तूबर के अंत तक पूरी तरह बंद करना होगा। 22 अगस्त को दक्षिण फ्लोरिडा के रब्बी मारियो रोज्जमैन को इस केंद्र में पादरी सेवाएं प्रदान करने से संबंधित एक संदेश में, फ्लोरिडा आपातकालीन प्रबंधन विभाग के कार्यकारी निदेशक केविन थुथरी ने कहा, 'संभवत: कुछ ही दिनों में हमारे पास केवल 0 व्यक्ति ही बचे रहेंगे।' यह केंद्र दो महीने पहले तेजी से बनाया गया था ताकि ट्रंप प्रशासन की योजना के तहत अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों को यहां रखा जा सके। इसमें 3,000 लोगों को रखने की क्षमता थी। कभी यहां लगभग 1,000 बंदी थे, लेकिन हाल ही में यहां केवल 300 से 350 लोग ही बचे हैं। अब तीन मुकदमे इस केंद्र के खिलाफ चल रहे हैं। इनमें से एक मुकदमे में कहा गया कि कम से कम 100 बंदियों को पहले ही निर्वासित किया जा चुका है और बाकी को दूसरे केंद्रों में भेजा जा रहा है।

इंडियाना के सांसदों ने ट्रंप से की मुलाकात
इंडियाना के रिपब्लिकन सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में निजी मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने पुनर्वितरण पर चर्चा की। हालांकि यह साफ नहीं है कि इंडियाना भी उन राज्यों में शामिल होगा या नहीं, जो अगले साल होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले कांग्रेस के चुनावी नक्शे बदलना चाहते हैं। कई इंडियाना सांसदों ने शुरू में ट्रंप की इस कोशिश पर झिझक दिखाई थी कि उनकी पार्टी को 2026 के चुनावों में फायदा मिले। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी वॉशिंगटन आए इंडियाना नेताओं से इस विषय पर बातचीत की। इन बैठकों के बाद इंडियाना के कई सांसदों ने मध्य-चक्र नक्शा बदलने का समर्थन किया। यह तब हुआ जब कैलिफोर्निया के डेमोक्रेट्स ने मतदाताओं को तय करने दिया कि टेक्सास में रिपब्लिकन को चुनौती दी जाए या नहीं। वहां नया चुनावी नक्शा तैयार है और अब राज्यपाल की मंजूरी का इंतजार है।

फ्लोरिडा में इंद्रधनुषी क्रॉसवॉक हटाने का विवाद
फोर्ट लॉडरडेल शहर के नेता बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को एक आपात बैठक करेंगे। इस बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि राज्य सरकार के आदेश का कैसे जवाब दिया जाए, जिसमें कहा गया है कि सड़कों पर बने इंद्रधुनषी रंग के क्रॉसवॉक और दूसरी स्ट्रीट आर्ट को हटाना होगा। अगर शहर ने ऐसा नहीं किया तो उन्हें लाखों डॉलर की फंडिंग गंवानी पड़ सकती है। यह आदेश फ्लोरिडा के रिपब्लिकन गवर्नर रॉन डेसेंटिस के नेतृत्व वाले परिवहन विभाग ने दिया है। राज्य का कहना है कि सभी क्रॉसवॉक और स्ट्रीट आर्ट अगले महीने तक हटा दिए जाएं। ज्यादातर ये क्रॉसिंग LGBTQ+ और अश्वेत समुदाय जैसे हाशिए पर रहने वाले लोगों को सम्मान देने के लिए बनाए गए थे। आलोचकों का कहना है कि डेसेंटिस प्रशासन लगातार LGBTQ+ समुदाय के खिलाफ फैसले ले रहा है। इससे पहले भी उन्होंने बच्चों के लिए जेंडर बदलने वाली देखभाल पर रोक लगाई और 'डोंट से गे' नामक कानून बनाया, जिससे स्कूल की कुछ कक्षाओं में यौन पहचान और लिंग पर बात करने पर रोक लग गई।

सिएटल में भारतीय वाणिज्य दूतावास का नया कार्यालय शुरू
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने सिएटल में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। वाणिज्य दूतावास ने बताया, यह कार्यालय ऐतिहासिक ‘फेडरल रिजर्व बिल्डिंग’ में 1015 सेकंड एवेन्यू पर स्थित है। इमारत की पहली मंजिल पर सार्वजनिक सेवाओं के लिए वाणिज्य दूतावास अनुभाग है और 11वीं मंजिल पर प्रशासनिक एवं वाणिज्यिक शाखाएं हैं।

इमरान की पार्टी करेगी उपचुनाव का बहिष्कार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी राष्ट्रीय व प्रांतीय विधानसभाओं के आगामी उपचुनाव का बहिष्कार करेगी। खान अभी जेल में बंद हैं। नौ मई, 2023 के दंगों में संलिप्तता के लिए खान की पार्टी (पीटीआई) के नेताओं को दोषी ठहराने के बाद नेशनल असेंबली और प्रांतीय विधानसभाओं की कई सीट खाली हो गई थीं। उपचुनावों का बहिष्कार का फैसला पार्टी की राजनीतिक समिति ने लिया। इस निर्णय के बाद, पीटीआई ने नेशनल असेंबली की सभी स्थायी समितियों से इस्तीफा दे दिया।

फ्लोरिडा के गवर्नर बोले, एच-1बी वीजा एक घोटाला
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के कई नेताओं में एच-1बी वीजा के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों में फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस भी जुड़ गए हैं। उन्होंने एच-1बी वीजा को एक घोटाला कार्यक्रम बताया। वह बोले, इसका कारण अमेरिकियों की बढ़ती छंटनी है, ताकि विदेशी कामगारों के लिए अमेरिका में रोजगार का रास्ता बनाया जा सके। इन दिनों माइक्रोसॉफ्ट, इंटेल समेत कई बड़ी टेक कंपनियों में छंटनी की वजह से एच-1बी वीजा चर्चा में है। डेसेंटिस ने कहा, कंपनियां अमेरिकी कामगारों को नौकरी से निकाल रही हैं और एच-1बी वीजा वालों को सस्ते में काम पर लिया जा रहा है। 

इस्राइली विदेश मंत्री से मिले मार्को रूबियो

वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और इस्राइली विदेश मंत्री गिदोन सार की मुलाकात हुई। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य सहयोग की बात दोहराई गई। मुलाकात में इस्राइली विदेश मंत्री ने गाजा युद्ध में अमेरिकी मदद के लिए धन्यवाद भी दिया। दोनों नेताओं के बीच मध्य पूर्व एशिया के हालात पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों नेताओं की बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठा। साथ ही अगले महीने होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक पर भी बात हुई।

अमेरिकी विदेश मंत्री से मिले IAEA प्रमुख ग्रोसी

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की। अगले महीने विएना में एजेंसी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक होनी है। दोनों के बीच वैश्विक परमाणु सुरक्षा और एजेंसी के ईरान में किए गए प्रयासों पर चर्चा हुई। मार्को रूबियो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। 

चीन दौरे पर जाएंगे उत्तर कोरियाई तानाशाह

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन अगले सप्ताह चीन की राजधानी बीजिंग में एक सैन्य परेड में शामिल होने के लिए चीन जाएंगे। चीन द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बुधवार को परेड आयोजित करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed