World: अमेरिका ने चीन-हांगकांग के छह अधिकारियों पर लगाया प्रतिबंध; पश्चिम एशियाई देशों का दौरा करेंगे ट्रंप
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा मई में अपने रूसी और चीनी समकक्षों से मुलाकात करेंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी बैठक व्यापार युद्ध की चिंताओं के बीच होगी, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा व्यापार शुल्क बढ़ाने के बाद।
लूला दा सिल्वा के प्रेस कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति लूला 9 मई को रूस के विजय दिवस समारोह में भाग लेंगे, जो द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 80वीं सालगिरह को मनाता है। इसके बाद वे 12 मई को बीजिंग जाएंगे, जहां वे चीन-लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों के मंच में शामिल होंगे। तीसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद लूला की यह रूस की पहली और चीन की दूसरी यात्रा होगी। पहले कार्यकाल (2003-2010) में उन्होंने रूस और चीन दोनों देशों में कई बार यात्रा की थी।
ब्राजील, रूस और चीन के बीच आर्थिक संबंध काफी मजबूत हैं और ये तीनों देश ब्रिक्स समूह के संस्थापक सदस्य हैं, जिसे 2009 में G7 के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए बनाया गया था। ब्राजील 2025 तक ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा और जुलाई में रियो डि जनेरो में ब्रिक्स की अगली शिखर बैठक आयोजित की जाएगी। चीन ब्राजील का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और 2024 में ब्राजील के कुल निर्यात का 28 फीसदी और आयात का 24.2 फीसदी चीन से हुआ। इसके अलावा, अमेरिका ब्राजील के दूसरे सबसे बड़े व्यापार साझीदार के रूप में 12% आयात और 15.5% निर्यात करता है।
लूला ने जापान में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापार शुल्कों से कोई सकारात्मक परिणाम की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मुक्त व्यापार को नुकसान पहुंचा रहा है और बहुपक्षीयता को कमजोर कर रहा है। इसके अलावा, लूला अप्रैल में होंडुरस जाएंगे, जहां वे सेलेक (लैटिक अमेरिकी और कैरेबियाई देशों का समूह) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और जून में फ्रांस का आधिकारिक दौरा करेंगे।
लिथुआनिया: तीन अमेरिकी सैनिकों के शव मिले, एक अब भी लापता
लिथुआनिया में लापता हुए अमेरिका के तीन सैनिकों के शव उनके सैन्य वाहन में मिला, जिसे सोमवार सुबह दलदल से बाहर निकाला गया। अमेरिकी सेना के यूरोप और अफ्रीका कमान के अनुसार, एक सैनिक अभी भी लापता है। सैनिकों के शवों की तलाश के लिए अमेरिकी, पोलिश और लिथुआनियाई सेनाओं और अधिकारियों ने दिन तक मशक्कत की। जिसके बाद वाहन को पाब्रेडे के जनरल सिल्वेस्ट्रस जुकाउस्कास प्रशिक्षण क्षेत्र से निकाला गया। ये सैनिक एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हो गए थे। अमेरिकी सेना के मुताबिक, मृतकों की पहचान 3वीं इन्फैंट्री डिवीजन के फर्स्ट आर्मर्ड ब्रिगेड कॉम्बैट टीम के सैनिकों के रूप में की गई है, लेकिन परिवारों को सूचित किए बिना उनकी पहचान जारी नहीं की गई है।
अमेरिकी और लिथुआनियाई सेना के सैनिकों और बचावकर्मियों ने घने जंगलों और दलदली इलाके में खोजबीन की। वाहन 4.5 मीटर पानी में डूबा हुआ मिला था। लिथुआनियाई सेना ने बचाव अभियान के लिए सैन्य हेलीकॉप्टर, विमान, ड्रोन और अन्य उपकरण भेजे थे। अमेरिकी नौसेना के गोताखोरों ने कीचड़ के बीच से वाहन को निकाला।
अमेरिका ने 17 अपराधियों को एल सल्वाडोर किया निर्वासित
अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को कहा कि उसने 17 और हिंसक अपराधियों को एल सल्वाडोर निर्वासित कर दिया है। ये सभी ट्रें डे अरागुआ और एमएस-13 गिरोह से जुड़े थे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका के बाहर लोगों को भेजने की नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन की आलोचना हो रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन अपराधियों को रविवार रात निर्वासित किया गया और इनमें हत्यारे और दुष्कर्मी भी शामिल थे। हालांकि, मंत्रालय ने अपराधों या अपराधियों की राष्ट्रीयता की विस्तार से जानकारी नहीं दी। ट्रंप प्रशासन ने आरोप लगाया कि ये गिरोह अमेरिका में घुसकर अपराध कर रहे हैं।
शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण रद्द किया गया छात्र का वीजा: आईसीई
आव्रजन और शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने सोमवार को कहा कि मिनेसोटा विश्वविद्यालय के एक छात्र का वीजा शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण रद्द किया गया था, न कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण। गृह सुरक्षा विभाग ने बयान में कहा, यह छात्र प्रदर्शन से जुड़ा नहीं था, बल्कि उसे एक गलत तरीके से गाड़ी चलाने के अपराध के कारण गिरफ्तार किया गया था।
इस मामले की जानकारी के बाद विश्वविद्यालय में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किए और विश्वविद्यालय व राजनेताओं ने चिंता जताई। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टि नोएम से इस मुद्दे पर बात की थी और अब तक और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, मिनेसोटा विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी कहा कि एक छात्र को आईसीई ने गिरफ्तार किया है, हालांकि विश्वविद्यालय ने छात्र का नाम या अन्य जानकारी साझा नहीं की है। सीनेटर टीना स्मिथ ने कहा, यह एक चिंताजनक पैटर्न बनता जा रहा है, जहां आईसीई छात्रों को बिना किसी स्पष्ट कारण के गिरफ्तार करता है और उनके कानूनी अधिकारों की अनदेखी करता है।
हैती के मिरेबले शहर में सोमवार को भारी हथियारों से लैस गिरोह ने हमला कर स्थानीय जेल पर कब्जा कर लिया। इस हमले में 530 से ज्यादा कैदी भाग निकले। गोलियों की गूंज के बीच सैकड़ों लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, गिरोह के हमलावरों ने जलती हुई गाड़ियों और इमारतों के बीच जीत के नारे लगाए। मिरेबले के लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के आगे टिक नहीं सके।
गिरोह के सदस्य लाल टी-शर्ट पहने थे, जिन पर ‘तालिबान’ और ‘मावोजो’ लिखा था। ये दोनों शक्तिशाली गिरोह हैं, जो राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस सहित कई इलाकों में हावी हैं। इनका मकसद सरकार गिराना और सत्ता पर कब्जा जमाना बताया जा रहा है। हैती में पहले से ही 85 फीसदी राजधानी पर गिरोह का कब्जा है। विशेषज्ञों का कहना है कि ये गिरोह अब अपने प्रभाव क्षेत्र को बढ़ाने और सरकार को पूरी तरह से अस्थिर करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
वेनेजुएला को मिलेंगी पहली महिला पादरी, वेटिकन से मंजूरी
पोप फ्रांसिस ने सोमवार को वेनेजुएला की मरिया कार्मेन रेंदिलेस के कैनोनाइजेशन (पादरी बनाने की घोषणा) को मंजूरी दे दी, जिससे वह देश की पहली महिला पादरी बनेंगी। हालांकि, उनके पादरी बनने की आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं हुई है।
कौन हैं मरिया कार्मेन रेंदिलेस?
मरिया कार्मेन रेंदिलेस का जन्म 11 अगस्त 1903 को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुआ था। उन्होंने अपने पिता की मृत्यु के बाद कम उम्र में ही परिवार की मदद शुरू कर दी थी। 1927 में उन्होंने एक फ्रांसीसी धार्मिक संघ में प्रवेश किया और बाद में 1961 में अपना खुद का धार्मिक संगठन स्थापित किया। उनका एक हाथ नहीं था, लेकिन इस शारीरिक कमजोरी के बावजूद उन्होंने ईसाई धर्म का अनुकरणीय जीवन जिया।
राहत सामग्री लेकर म्यांमार पहुंचे भारतीय नौसेना के जहाज
म्यांमार में हाल ही में आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से मची तबाही के बाद भारत ने त्वरित राहत अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री सोमवार को यंगून पहुंचे, जहां उन्होंने 50 टन से अधिक राहत सामग्री प्रभावित लोगों को सौंपी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस राहत अभियान की जानकारी देते हुए लिखा, 'ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री आज यंगून पहुंचे और राहत सामग्री वितरित की।'
इससे पहले, म्यांमार में भारतीय दूतावास ने भी एक्स पर पोस्ट किया, आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री द्वारा लाई गई 50 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री को आज यांगून में राजदूत अभय ठाकुर ने सौंपा। भारतीय वायु सेना के छह विमानों और भारतीय नौसेना के पांच जहाजों के माध्यम से भारत ने बड़े पैमाने पर राहत सामग्री यंगून, नेपीडॉ और मांडले में पहुंचाई है।
दक्षिण अफ्रीका के मंदिरों में हनुमान चालीसा की 60,000 प्रतियां बांटीं
दक्षिण अफ्रीकी हिंदू संगठन ‘एसए हिंदूज’ ने देश के आठ मंदिरों में हनुमान चालीसा की 60,000 प्रतियां वितरित की हैं। संगठन के सदस्यों ने विभिन्न क्लबों के मोटरसाइकिल सवारों के नेतृत्व में अभियान चलाया और जरूरतमंदों के लिए लगभग दो टन किराने का सामान भी जुटाया।
‘एसए हिंदूज’ की संस्थापक पंडिता लूसी सिगबन ने कहा, हमें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि बहुत सारे भक्त मंदिरों में आए और खासकर क्वाजुलू-नताल (केजेडएन) जैसे पास के प्रांतों के भी लोग इस पहल का बड़े ही उत्साह के साथ समर्थन कर रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के हिंदुओं ने सबसे पहले 24 अगस्त 2024 को भक्ति के उत्सव के दौरान ‘शेरेनो प्रिंटर्स’ और ‘इलेक्ट्रो ऑनलाइन मीडिया’ के साथ साझेदारी में 10 लाख हनुमान चालीसा की प्रतियां वितरित करने की पहल की शुरुआत की। उनकी योजना 2029 तक 10 लाख प्रतियां वितरित करने की है।
अमेरिका से दुर्व्यवहार करने वाले हर देश पर टैरिफ : व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले किसी भी देश को टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है। इससे दो दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वे व्यापक और पारस्परिक टैरिफ की घोषणा करेंगे।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने संवाददाताओं से कहा, अमेरिकी लोगों के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले किसी भी देश को बुधवार को बदले में टैरिफ की उम्मीद करनी चाहिए। उन्होंने आगे कोई विवरण देने से इन्कार कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या किसानों को छूट दी जाएगी, तो उन्होंने कहा, इस समय कोई छूट नहीं है।
टेस्ला डीलरशिप में हुई आगजनी के पीछे आतंकवाद : एलन मस्क
रोम। इटली की राजधानी रोम स्थित टेस्ला के एक डीलरशिप में रविवार की रात लगी आग में 17 कारें जल गईं। टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने कहा, यह आतंकी कृत्य था।
इटली की विशेष पुलिस इकाई डिगोस इस संभावना की जांच कर रही है कि इतालवी राजधानी के पूर्वी बाहरी इलाके में क्या अराजकतावादियों ने कारों में आग लगाई। मस्क की दक्षिणपंथी विचारधारा और इसे सक्रियता से लागू करने के जवाब में टेस्ला की कारों को कई देशों में तोड़फोड़ का निशाना बनाया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के भी मालिक मस्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में शामिल हैं और यूरोप की कट्टर दक्षिणपंथी पार्टियों के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।
पाकिस्तानी सेना को अमेरिकी प्रौद्योगिकी देने के आरोप में कनाडाई नागरिक गिरफ्तार
पाकिस्तान मूल के एक कनाडाई नागरिक को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन कर लाखों डॉलर की अमेरिकी प्रौद्योगिकी को पाकिस्तान के सैन्य एवं हथियार कार्यक्रमों से जुड़ी संस्थाओं तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद जावेद अजीज (67) के रूप में की गई है। उसे 21 मार्च को वाशिंगटन के ‘वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट’ में कनाडा से अमेरिका में प्रवेश करने का प्रयास करते समय गिरफ्तार किया गया। मोहम्मद जावेद अजीज को मिनेसोटा जिले में स्थानांतरित किए जाने तक हिरासत में रखा गया है।
बांग्लादेश की छात्राओं को अमेरिकी सम्मान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन गत वर्ष बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की अगुवाई करने वाली महिला छात्र नेताओं को उनके ‘साहस, ताकत और नेतृत्व’ के लिए सम्मानित करेगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप मंगलवार को ‘इंटरनेशनल विमेन ऑफ करेज’ पुरस्कार समारोह की मेजबानी करेंगे।
व्हार्टन स्कूल में अजय नेतृत्व के लिए नामित
प्रतिष्ठित व्हार्टन स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में भारतवंशी कार्यकारी अजय आनंद को नेतृत्व की भूमिका के लिए नामित किया गया है। वह एआई व एनालिटिक्स क्षेत्र में संकाय को सलाह, मार्गदर्शन देंगे। जॉनसन एंड जॉनसन में वैश्विक सेवाओं, रणनीति और व्यापार सेवाओं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय आनंद को व्हार्टन स्कूल में उद्घाटन कार्यकारी के रूप में नामित किया गया है।