फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Tarrif Congo Unrest Politics Crime and Global events

World News: खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने 10 आतंकियों को मार गिराया; बांग्लादेश पहुंचे यूएन चीफ गुटेरस

Thu, 13 Mar 2025 08:38 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 13 Mar 2025 08:38 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Tarrif Congo Unrest Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
दक्षिण इटली के शहर नेपल्स में गुरुवार को 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे मामूली नुकसान हुआ। एक छत गिरने से 11 लोगों को चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से कुछ लोग मामूली चोटों के साथ अस्पताल पहुंचे, जबकि अन्य को शीशे के टूटने से चोटें आईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन


अधिकारियों के मुताबिक, आज सुबह भूकंप के झटके महसूस करने के बाद लोगों को सड़क पर आकर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। भूकंप के कारण कुछ इमारतों की बाहरी दीवारों से पत्थर और सीमेंट गिरने लगा। इसका केंद्र समुद्र के किनारे पोज्जुलोई के पास था, जो नेपल्स का उपनगर है। 
विज्ञापन


हिरासत में लिए गए फिलीपींस के पूर्व राष्ट्र्पति
एशियाई देश फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटेर्टे अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की हिरासत में हैं। नीदरलैंड के द हेग में स्थानीय समयानुसार बुधवार को जारी बयान के मुताबिक संदिग्ध के पहुंचने पर मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। डुटेर्टे के लिए हवाई अड्डे पर एहतियाती उपाय के रूप में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई थी। बता दें कि मानवता के खिलाफ अपराध के एक मामले में आईसीसी के आदेश के बाद फिलीपीन की पुलिस ने पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटेर्टे को मंगलवार को मनीला के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने वारंट जारी किया। अब डुटेर्टे पर पद पर रहते हुए मादक पदार्थ रोधी कार्रवाई से संबंधित मुकदमा चलाया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया पर अमेरिका ने 25 फीसदी टैरिफ लगाया
मैक्सिको, कनाडा और चीन के बाद अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया के उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का एलान किया है। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने फैसले को अनुचित बताया है। हालांकि, इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने जवाबी शुल्क नहीं लगाने का फैसला लिया है। अल्बनीज ने कहा, वह ऑस्ट्रेलियाई छूट के लिए प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि साल 2018 की छूट को हासिल करने में कई महीने लगे। यह इस बात का साफ संकेत था कि अमेरिका ने अपने साथ संबंध रखने वाले देशों में किसी को भी छूट नहीं दी है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि शुल्क और बढ़ते व्यापारिक तनाव आर्थिक आत्म-क्षति का ही एक रूप है। उपभोक्ताओं को महंगाई के रूप में इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बता दें कि अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर ऑस्ट्रेलिया के सभी इस्पात और एल्युमीनियम आयातों पर शुल्क बढ़ाकर 25 फीसदी कर दिया है।

कुवैत ने जेल में बंद अमेरिकियों को रिहा किया
पश्चिम एशियाई देश कुवैत ने जेल में बंद अमेरिकियों के एक समूह को रिहा कर दिया है। इनमें पूर्व सैनिक और सैन्य ठेकेदार भी शामिल हैं। सभी कैदी नशीली दवाओं से संबंधित आरोपों में वर्षों से जेल में बंद थे। इस कदम को दो सहयोगी देशों के बीच सद्भावना के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप प्रशासन के शीर्ष दूतों में शुमार एडम बोहलर हाल ही में कुवैत दौरे पर गए थे। विदेशी जेलों में बंद अमेरिकी नागरिकों की वापसी के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में यह रिहाई हुई है। रिहा किए गए कैदियों के नाम  सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

ब्रिटेन से रूसी राजनयिक और एक नौकरशाह का जीवनसाथी निष्कासित
रूस के राजनयिक और एक अन्य नौकरशाह के जीवनसाथी को ब्रिटेन की सरकार ने निष्कासित कर दिया है। यह कदम इस सप्ताह की शुरुआत में मॉस्को में ब्रिटिश दूतावास के दो कर्मचारियों के निष्कासन के बाद उठाया गया है। विदेश विभाग ने कहा, ब्रिटेन में रूसी राजदूत आंद्रेई केलिन को 'ब्रिटिश राजनयिकों के खिलाफ बढ़ते आक्रामक और समन्वित उत्पीड़न अभियान' के बाद तलब किया गया है।

कांगो सरकार और एम23 विद्रोही समूह 18 मार्च को शांति वार्ता करेंगे
मध्य अफ्रीकी देश अंगोला ने कांगो सरकार और एम23 विद्रोही समूह की वार्ता पर अहम जानकारी दी है। दोनों गुट 18 मार्च को शांति वार्ता में भाग लेंगे। अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंको की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, वे अंगोला की राजधानी लुआंडा में 'प्रत्यक्ष शांति वार्ता' शुरू करेंगे।बता दें कि अंगोला ने पूर्वी कांगो में संघर्ष में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। जनवरी के अंत में इस क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था, जब रवांडा समर्थित विद्रोहियों ने आगे बढ़कर पूर्वी कांगो के रणनीतिक शहर गोमा पर कब्जा कर लिया था।

दक्षिण अफ्रीका स्वास्थ्य और रक्षा पर अधिक खर्च करेगा
USAID के तहत फैसलों के बाद अमेरिका ने कई देशों को मिलने वाली वित्तीय मदद में कटौती का एलान किया है। अब दक्षिण अफ्रीका स्वास्थ्य और रक्षा पर अधिक खर्च करने की योजना बना रहा है। साथ ही 0.5 प्रतिशत मूल्य वर्धित कर भी लगाया जाएगा। इसके कारण जीवनयापन की लागत बढ़ जाएगी। उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों और सेवाओं सहित अन्य वस्तुओं के लिए अधिक भुगतान करना पड़ेगा। वित्त मंत्री हनोक गोडोंगवाना ने कहा कि 2025 के बजट में स्वास्थ्य व्यय के लिए अतिरिक्त 28.9 बिलियन रैंड (1.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर) आवंटित किए जाएंगे। अतिरिक्त धनराशि से क्लीनिकों और अस्पतालों में कार्यरत लगभग 9,300 चिकित्साकर्मियों और लगभग 800 नव-योग्य डॉक्टरों के वेतन का भुगतान किया जाएगा।

इंडोनेशियाई मछुआरों ने लगाया पिटाई का आरोप
चार इंडोनेशियाई मछुआरों ने डिब्बाबंद समुद्री खाद्य कंपनी पर उन्हें पीटने का आरोप लगाया। मछुआरों के वकीलों ने कहा कि उन्हें पीटा गया और उन जहाजों पर फंसाया गया जो वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा थे और बम्बल बी सीफूड्स को टूना प्रदान करते थे। वकीलों ने बुधवार को डिब्बाबंद समुद्री खाद्य कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया। आरोपियों के वकील एग्निस्का फ्रिजमैन ने बताया कि यह किसी अमेरिकी समुद्री खाद्य कंपनी के खिलाफ समुद्र में जबरन श्रम कराने का पहला मामला है। फ्राइजमैन ने कहा कि जो अमेरिकी कंपनियां जबरन श्रम से लाभ उठाती हैं और अन्य व्यवसायों को नुकसान पहुंचाती हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। यह वास्तव में विनाशकारी है।

मुकदमा सैन डिएगो में मुख्यालय वाली कंपनी पर तस्करी पीड़ित संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाता है। मुकदमे के अनुसार मछुआरे सभी इंडोनेशिया के गांवों से हैं और चीनी कंपनियों के स्वामित्व वाले लॉन्गलाइन जहाजों के लिए काम करते हैं, जिनसे बम्बल बी को अल्बाकोर टूना मिलता है। उनका कहना है कि उनके कप्तानों द्वारा उन्हें नियमित रूप से पीटा जाता था।

मालिक को कुत्ते ने गोली मारी
एक अमेरिकी कुत्ते के मालिक को उसके पालतू कुत्ते ने गोली मार दी। कुत्ता अपने मालिक के बिस्तर पर कूदा और भरी हुई बंदूक से गोली चल गई। टेनेसी के मेम्फिस का युवक महिला साथी के साथ बिस्तर पर सो रहा था। इस दौरान उसका 
ओरियो नामक एक 12 वर्षीय पिटबुल बिस्तर पर कूदा। उसका पंजा बंदूक के ट्रिगर गार्ड में फंस गया और ट्रिगर दब गया। गोली उसके मालिक की बाएं जांघ पर लगी। उसका अस्पताल में इलाज किया गया। घटना को दुर्घटनावश हुई चोट के रूप में दर्ज किया गया।
 

चीन की घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ताइवान जवाबी कदम उठाएगा: राष्ट्रपति चिंग ते
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीन ने हमारे खिलाफ घुसपैठ अभियान को तेज कर दिया है। उन्होंने ताइवान पक कब्जा करने के बीजिंग के प्रयासों से निपटने के लिए जवाबी काईरवाई करने का वादा किया।

वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए लाई ने कहा कि बीजिंग ने संगठित अपराध समूहों, मीडिया और पूर्व सैन्य अधिकारियों की मदद से ताइवान के लोकतंत्र को तोड़ने की कोशिश की है। कहा, चीन हमारे देश में विभाजन, विनाश और तोड़फोड़ जैसी गतिविधियों को तेज कर रहा है, जो काबिले बर्दाश्त नहीं। इस बीच लाई की टिप्पणियों पर, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि लाई के प्रशासन ने चाहे जो भी कहा हो इससे यह तथ्य नहीं बदलेगा कि ताइवान चीन का हिस्सा है। बता दें कि चीन ने हाल के वर्षों में ताइवान की खुफिया जानकारी हासिल करने के लिए कई बार जासूसी और सैन्य घुसपैठ की कोशिश कर चुका है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले साल ताइवान ने चीन के 64 लोगों पर जासूसी के आरोप लगाए गए थे, जो 2021 की तुलना में तीन गुना अधिक है।

सेवानिवृत्त वायुसेना प्रमुख ने चीनी खुफिया एजेंसी को डाटा किया लीक : ताइवान
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेवानिवृत्त वायुसेना प्रमुख शिह चुन-चेंग ने चीनी खुफिया एजेंटों को वायुसेना से जुड़े खुफिया दस्तावेज लीक किए हैं। ताइपे टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, लीक की गई जानकारी में वायुसेना के विमान पर लगे ह्सिउंग फेंग III एंटी-शिप मिसाइलों के शोध कार्य की जानकारी थी।

ताइपे टाइम्स के अनुसार राष्ट्रीय रक्षा मंत्री वेलिंगटन कू ने बताया कि मंत्रालय को पहली बार जनवरी 2023 में सैन्य कर्मियों से रिपोर्ट मिली कि कोई है जो उनकी खुफिया जानकारी चीन एजेंटों को साझा कर रहा है। इसके बाद कू ने एक संयुक्त रक्षा प्रतिक्रिया और सैन्य पुलिस के साथ समन्वित जांच के आदेश दिए। अखबार के अनुसार, कू ने यह भी उल्लेख किया कि मंत्रालय अमेरिका के समान एक मॉडल अपनाएगा, जहां गोपनीय जानकारी तक केवल समीक्षा पास करने वाले व्यक्तियों को ही पहुंच प्रदान की जाएगी। न कि किसी विशेष रैंक वाले व्यक्ति को। नेशनल चुंग-शान इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सीईओ चेंग यी-चेंग ने कहा कि ह्सिउंग फेंग III के विकास विवरण की जानकारी लीक होने से शोध पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है, क्योंकि लीक हुई जानकारी परियोजना के पहले चरण से आई थी।

नेल्सन मंडेला पुरस्कार के लिए नामित हुए दो बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मानवाधिकारों के लिए काम करने वाले दो बलोच कार्यकर्ताओं को प्रतिष्ठित नेल्सन मंडेला पुरस्कार-2025 के लिए नामित किया गया है। मामा कादिर बलोच वॉयस फॉर बलोच मिसिंग पर्सन्स (वीबीएमपी) के उपाध्यक्ष हैं। फोकस एशिया फाउंडेशन (एफएएफ) ने कदीर के अलावा मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस बलोच (हारून) को नेल्सन मंडेला पुरस्कार के लिए नामित किया है।

मामा कादिर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में जबरन गायब किए लोगों के लिए एक मुखर आवाज हैं। एफएएफ के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र का यह प्रतिष्ठित सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और शांति के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। पिछले 15 वर्षों से मामा कादिर और नरगिस बलोच जबरन गायब किए जाने और मानवाधिकारों के हनन के खिलाफ सक्रिय रूप से आवाज उठाते रहे हैं। दोनों मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के प्रयासों से न केवल लापता लोगों के परिवारों को एक मंच उपलब्ध हुआ है, बल्कि इस मुद्दे पर वैश्विक ध्यान भी गया है।

बांग्लादेश में दुष्कर्म की शिकार 8 साल की बच्ची की मौत, पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों पर लगाई रोक
बांग्लादेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ते आंदोलन के बीच दुष्कर्म की शिकार 8 साल की एक बच्ची बृहस्पतिवार को जिंदगी की जंग हार गई। राजधानी ढाका के एक सैन्य अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। हिंसा और विरोध को देखते हुए बांग्लादेश पुलिस ने राजधानी ढाका के महत्वपूर्ण स्थानों पर विरोध प्रदर्शनों पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है।

ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बृहस्पतिवार को 13 मार्च से अगले आदेश तक बांग्लादेश सचिवालय, जमुना और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की बैठक, रैलियां, सामूहिक समारोह, जुलूस आदि पर प्रतिबंध लगाया गया है। 8 मार्च को आठ साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद से ही बांग्लादेश में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बच्ची की मौत को देखते हुए ढाका पुलिस ने एहतियात के तौर यह कदम उठाया है। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह सैन्य अस्पताल में बच्ची को दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसे बचाया नहीं जा सके। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने बच्ची की मौत पर गहरा दुख जताया है। साथ ही उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है।

टेक्सास टेक यूनिवर्सिटी में मेनहोल में विस्फोट लगी आग, गुल हुई बिजली, कक्षाएं रद्द
टेक्सास टेक यूनिवर्सिटी के कैंपस में बुधवार रात एक मेनहोल में हुए विस्फोट के बाद आग लग गई। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद प्रशासन ने आसपास के भवनों को खाली कराने का आदेश दिया। यूनिवर्सिटी में शुक्रवार तक की सभी कक्षाएं रद्द कर दी गईं। विश्वविद्यालय पुलिस ने बताया कि विस्फोट इंजीनियरिंग सेक्शन में हुआ, जिसे तुरंत खाली करा लिया गया।

विश्वविद्यालय पुलिस प्रवक्ता केटलिन जेफरीज ने कहा कि मरम्मत कार्य के चलते पूरे कैंपस की बिजली काट दी गई है। उन्होंने सार्वजनिक और गैर-जरूरी कर्मचारियों से कैंपस न आने की अपील की। एक प्रेस ब्रीफिंग में जेफरीज ने कहा, छात्र स्प्रिंग ब्रेक के लिए घर जा सकते हैं। अगले कुछ दिनों के लिए कैंपस बंद रहेगा। लब्बॉक फायर रेस्क्यू के कैप्टन जॉन टनेल के अनुसार, अग्निशमन दल शाम करीब 7 बजे कैंपस पहुंचे, जहां गैस लीक की आशंका थी। उन्होंने कहा, कई मेनहोल कवर से आग और धुआं निकल रहा था। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सेना को 60 और दिनों के लिए मिलीं मजिस्ट्रेट की शक्तियां  
अंतरिम सरकार ने देशभर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सेना को 60 और दिनों के लिए मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान की हैं। तीसरी बार यह कदम उठाया गया है। लोक प्रशासन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बांग्लादेश सशस्त्र बलों के कप्तान और उससे ऊपर के अधिकारियों को देशभर में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान की गई हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि नौसेना और वायुसेना के अधिकारियों को भी कार्यकारी मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान की गई हैं, ताकि वे नागरिक प्रशासन की मदद कर सकें, जिसमें बांग्लादेश तटरक्षक बल और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) में तैनात सेना और नौसेना के अधिकारी भी शामिल हैं।

रोहिंग्या शिविरों का निरीक्षण करने के लिए बांग्लादेश पहुंचे गुटेरस
 संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस बांग्लादेश में 10 लाख से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए यहचार दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश पहुंचे हैं। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने बृहस्पतिवार को ढाका के मुख्य हवाई अड्डे पर गुटेरेस का स्वागत किया।

बांग्लादेश की यह उनकी दूसरी यात्रा है। गुटेरेस की यह यात्रा इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यूएसएड बंद होने के बाद से दुनिया भर में चल रही तमाम सहायता कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। इसमें विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) भी शामिल है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को उम्मीद है कि यह यात्रा रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए सहायता जुटाने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को बढ़ावा देगी। इस महीने की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र खाद्य एजेंसी की ओर से भेजे गए एक पत्र में कहा गया था कि अगले महीने से कॉक्स बाजार में खाद्य राशन में कटौती लागू हो सकती है। गौरतलब है कि कॉक्स बाजार में ही रोहिंग्या शरणार्थियों के दर्जनों शिविर हैं।

खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला, सुरक्षा बलों ने 10 आतंकवादियों को मार गिराया

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को खैबर पख्तूनख्वा में फ्रंटियर कॉर्प्स कैंप के चेकपोस्ट पर आतंकी हमले को नाकाम कर दिया और 10 आतंकवादियों को मार गिराया। जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि दक्षिण वजीरिस्तान जिले के जंडोला में जोरदार विस्फोट के बाद भारी गोलीबारी की आवाज सुनी गई। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने एफसी कैंप के पास गाड़ी में खुद को उड़ा लिया। बता दें कि यह हमला सुरक्षा बलों की ओर से बलूचिस्तान में जफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक करने और यात्रियों को बंधक बनाने वाले सभी 33 हमलावरों को मार गिराने के एक दिन बाद हुआ है।

अमेरिका: डेनवेर में विस्फोट और आग लगने से 10 लोग घायल, कई लोग बेघर हुए 
अमेरिका के डेनवेर में एक जीवन सहायता केंद्र में विस्फोट और ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण दस लोग घायल हो गए और कई लोग बेघर हो गए। घायलों को असपताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। घटना बुधवार को ईस्टर्न स्टार मैसनिक रिटायरमेंट कैंपस में हुई। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगो की स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। 87 लोग घरों से बेघर हो गए हैं और उन्हें सुरक्षित जगह पर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि निर्माण कार्य के दौरान एक बिजली का तार टूटने से विस्फोट हुआ। 

कांगो से सेनाएं वापस बुलाएंगे दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और मलावी
कांगो के पूर्वी हिस्से में विद्रोहियों से लड़ने के लिए भेजी गई दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और मलावी की सेनाएं अब वहां से वापस लौटेंगी। इन देशों की सेनाएं 2023 में कांगो में भेजी गई थीं, लेकिन जनवरी में विद्रोहियों ने दक्षिण अफ्रीकी के 14 और मलावी के तीन शांति सैनिकों को मार डाला, जिसके बाद लोगों ने इन सैनिकों को वापस बुलाने की मांग तेज हुई। 

अफ्रीकी देशों के एक सम्मेलन में यह फैसला लिया गया कि सैनिकों को वापस बुलाया जाएगा, लेकिन यह वापसी धीरे-धीरे होगी। कांगो में अलग-अलग सेनाएं और कई समूह लड़ रहे हैं, जिनमें कांगो की सरकार, संयुक्त राष्ट्र के सैनिक और कई स्थानीय लड़ाके शामिल हैं। एम23 विद्रोहियों को रवांडा से समर्थन मिलता है और उन्होंने कांगो के बड़े शहरों पर कब्जा कर लिया है। कांगो में शांति की कोशिशें अभी भी जारी हैं और अंगोला शांति वार्ता की मेजबानी करेगा। 

सीडीसी निदेशक के डेविड वेल्डन के नामांकन को ट्रंप प्रशासन ने वापस लिया 
व्हाइट हाउस ने फ्लोरिया से पूर्व कांग्रेस (संसद) सदस्य डॉ. डेविड वेल्डन का नामांकन वापस ले लिया है। उन्हें रोग नियत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) का प्रमुख बनाने के लिए नामांकित किया गया था, लेकिन अब यह नामांकन रद्द कर दिया गया है। सीनेट की स्वास्थ्य समिति ने घोषणा की कि वेल्डन की सुनवाई को रद्द कर दिया गया है, क्योंकि उन्हें नामांकन के लिए जरूरी वोट नहीं मिल रहे थे। वेल्ड को रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर का करीबी माना जाता है, जो एक प्रमुख टीकाकरण-विरोधी कार्यकर्ता हैं। वेल्डन भी टीकाकरण और सीडीसी के आलोचक रहे हैं।  

मिस्र में ट्रेन और मिनीबस की टक्कर में 8 की मौत, 12 घायल

मिस्र के उत्तरी इलाके में गुरुवार को एक यात्री ट्रेन ने अनाधिकृत रेलवे क्रॉसिंग पर मिनीबस से टक्कर मार दी, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। सरकार ने बताया कि यह हादसा स्वेज नहर प्रांत इस्माइलिया में हुआ। यहां घटनास्थल पर 15 से अधिक एम्बुलेंस तैनात की गईं। मिस्र रेलवे प्राधिकरण के अनुसार, ट्रेन अपने नियमित मार्ग पर चल रही थी, जब मिनीबस ने गैर-अनुमति वाले स्थान पर पटरी पार करने की कोशिश की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। सभी पीड़ितों को पूर्वी कंटारा सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना मिस्र की जर्जर रेलवे प्रणाली और प्रबंधन में लापरवाही को एक बार फिर उजागर करती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed