फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Germany Christmas Politics Crime and Global events

World News: गूगल 10 फीसदी कर्मचारियों को निकालने की तैयारी में; इतालवी उप-प्रधानमंत्री को अदालत से बड़ी राहत

Sat, 21 Dec 2024 04:00 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 21 Dec 2024 04:00 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Germany Christmas Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
गूगल निदेशकों और उपाध्यक्षों समेत प्रबंधकीय भूमिका में 10 फीसदी लोगों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। कंपनी के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, ओपन एआई व एआई में बढ़ते प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी को यह फैसला करना पड़ा है। जनवरी, 2022 में गूगल ने 12,000 की कटौती की थी। पिचाई ने कहा, गूगल ने पिछले कुछ सालों में कंपनी के ढांचे को सरल बनाने के लिए बदलाव किए हैं। 10% में से कुछ भूमिकाओं को खत्म कर दिया गया है और कुछ में बदलाव किया गया है। मई 2024 में गूगल ने कोर टीम से 200 नौकरियों में कटौती की थी। कैलिफोर्निया में इंजीनियरिंग टीम से लगभग 50 लोगों की छंटनी की थी। 
विज्ञापन


अवैध हिरासत मामले में इतालवी उपप्रधानमंत्री को अदालत से बड़ी राहत
इटली के उप प्रधानमंत्री साल्विनी को एक बचाव जहाज पर 100 प्रवासियों को अवैध रूप से हिरासत में रखने के मामले में बड़ी राहत मिली है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक सिसिली की एक अदालत ने इस मामले में विस्तार से विचार करने के बाद कहा कि उप प्रधानमंत्री साल्विनी इस मामले में दोषी नहीं पाए गए। बता दें कि यह मामला साल 2019 का है। साल्विनी उस समय आंतरिक मामलों के मंत्री थे। जहाज पर सवार मानवीय प्रवासियों को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था जिसके आधार पर साल्विनी पर गंभीर आरोप लगे थे।
विज्ञापन

जर्मन क्रिसमस बाजार में घुसी बेकाबू कार, एक की मौत
जर्मनी में एक बेकाबू कार की चपेट में आने के कारण शख्स की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोगों के घाय होने की भी खबर है। खबर के मुताबिक कार क्रिसमस से पहले सजे बाजार में भीड़ वाले इलाके में घुस गई। जर्मनी के मागदेबर्ग शहर में हुए इस हादसे के बारे में समाचार एजेंसी रॉयटर्स पर आई खबरों के मुताबिक एमडीआर और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में इस हादसे को हमला मानने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया गया है।
विज्ञापन

गाजा में युद्धविराम की मांग; इस्राइल के खिलाफ 50 हजार हूतियों का प्रदर्शन

World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Germany Christmas Politics Crime and Global events
इस्राइल के खिलाफ 50 हजार हूतियों का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
एक साल से भी ज्यादा समय से चल रहे इस्राइल-हमास युद्ध के बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने फलस्तीन के पक्ष में आवाज बुलंद कर रखी है। हूती विद्रोही आए दिन यमन की राजधानी सना में इस्राइल के खिलाफ प्रदर्शन कर युद्धविराम की मांग करते रहते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भी करीब 50 हजार हूतियों ने सना में इस्राइल के खिलाफ प्रदर्शन कर गाजा में तत्काल युद्धविराम की मांग की। ईरान समर्थित विद्रोहियों ने लाल सागर में कई बार इस्राइली जहाजों को निशाना भी बनाया है। जलडमरूमध्य और अदन की खाड़ी के महत्वपूर्ण नौवहन मार्गों पर जहाजों पर बार-बार ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। ऐसा कर विद्रोही इस्राइल पर पूरा दबाव बनाने का प्रयास करते हैं।
विज्ञापन

मालदीव में आग की घटना की जांच में शामिल हुई भारतीय टीम

मालदीव की राजधानी माले की एक इमारत में भयंकर आग लगने की घटना की जांच के लिए भारत से विशेषज्ञों की एक टीम यहां पहुंची। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में शुक्रवार को कहा गया है कि 'टीनू बिल्डिंग' में आग चार घंटे तक भड़कती रही थी। इसके बाद 12 दिसंबर को भवन को इस्तेमाल के लिए बंद कर दिया गया था। आग के कारण यहां से संचालित हो रहे तीन मंत्रालय प्रभावित हुए हैं। भारतीय टीम मालदीव में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घटना की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।

ग्रीस: द्वीप के पास पलटी स्पीडबोट, आठ प्रवासियों की मौत

ग्रीस के रोड्स द्वीप के निकट प्रवासियों को ले जा रही एक स्पीडबोट शुक्रवार सुबह पलट गई। इसके चलते आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, कम से कम 18 लोगों को बचाया गया है। यूनानी अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब स्पीडबोट गश्ती जहाज से बचने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान प्रवासी समुद्र में गिर गए। फिलहाल तटरक्षक जहाजों और एक हेलिकॉप्टर की मदद से बचाव अभियान जारी है।

हिंदुओं पर अत्याचार के बीच यूनुस ने दुश्मन को गले लगाया
बांग्लादेश में हिंदुओं व अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के बीच अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने दुश्मन को गले लगाने की पहल की है। बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, यूनुस ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ के साथ शुक्रवार को काहिरा में मुलाकात की। यूनुस ने पाकिस्तान से 1971 के मुद्दों को सुलझाने को कहा है, ताकि ढाका को इस्लामाबाद के साथ अपने संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिले। 1971 के मुक्ति आंदोलन के बाद ही बांग्लादेश को पाकिस्तान से आजादी मिली थी। यूनुस व शहबाज की मुलाकात डी-8 सम्मेलन से इतर हुई। इस दौरान यूनुस ने शहबाज से 1971 के मुद्दे को हमेशा के लिए खत्म करने की अपील की।

विदेशी शोध पोतों के लिए जल्द नीति बनाएगा श्रीलंका
चीन की तरफ से बार-बार अपने जासूसी जहाजों के लंगर डालने की मांग से चिंतित श्रीलंका विदेशी शोध पोतों के लिए जल्द ही नीति बनाएगा। चीनी जासूसी जहाजों के श्रीलंका में लंगर डालने की अनुमति दिए जाने पर भारत लगातार चिंता जताता रहा है। श्रीलंकाई विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने शुक्रवार को विदेशी शोध पोतों के लिए नीति बनाने की जानकारी दी। उनकी यह टिप्पणी श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके की भारत दौरे के कुछ ही दिनों बाद आई है। चीन की हरकतों को देख साल की शुरुआत में ही श्रीलंका ने अपने जलक्षेत्र  में विदेशी शोध जहाजों के परिचालन पर 1 वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया था। 

अमेरिकी मिसाइल दागे जाने के बाद रूस ने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
यूक्रेन की तरफ से अमेरिकी मिसाइल के इस्तेमाल किए जाने से गुस्साए रूस ने कीव के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। सूर्योदय से पहले ही कीव में तीन भीषण धमाके सुनाई दिए। यूक्रेनी विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसने रूस की तरफ से दागी गईं छोटी दूरी की पांच इस्कंदर मिसाइलों का पता लगाया है। शहर प्रशासन ने बताया कि हमले के कारण 630 आवासीय भवनों, 16 चिकित्सा सुविधाओं, 30 स्कूलों व किंडरगार्टनों में हीटिंग व्यवस्था ठप हो गई।

सीमा विवाद के समाधान के लिए उचित प्रक्रिया तलाश रहे भारत-चीन
भारत और चीन ने सीमा विवाद के समाधान के लिए निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य ढांचा खोजने के लिए की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इसके लिए दोनों देश 2005 में बनी सहमति, राजनीतिक मापदंडों और मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुरूप काम कर रहे हैं। भारत और चीन के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता (एसआर संवाद) पर उन्होंने कहा, भारत एसआर संवाद के दौरान चीन के बीच बनी सहमति को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा। हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच विशेष प्रतिनिधि संवाद हुआ था।

नेपाल के पीएम ओली ने वैश्विक शांति के लिए योग, ध्यान की वकालत की
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने शनिवार को योग व ध्यान को सभ्यता का स्रोत बताया और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति को रेखांकित किया। मौजूदा वैश्विक हिंसा व संघर्ष के बीच विश्व शांति को बढ़ावा देने के लिए जीवनशैली में इसे अपनाने का आग्रह किया। 

ओली ने 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर काठमांडो के तुइंदेखेल मैदान में 30 मिनट के ध्यान सत्र को संबोधित किया। इस दौरान यहां करीब 5,000 मौजूद थे। ओली ने अपने संबोधन में सकारात्मक सोच और अहिंसा के महत्व पर प्रकाश डाला। ओली ने योग और ध्यान को दैनिक जीवन में शामिल करने की वकालत करते हुए कहा कि हथियारों के खिलाफ हथियारों का इस्तेमाल करके शांति हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित ध्यान की जरूरत पर जोर दिया और इस तरह के प्राचीन ज्ञान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इसे स्कूली पाठ्यक्रम में भी शामिल किया जाना चाहिए।

ओली ने योग और ध्यान के माध्यम से नेपाल को एक स्वस्थ राष्ट्र बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में ओशो तपोवन के प्रमुख स्वामी आनंद अरुण और एलपी भानु शर्मा शामिल थे। नेपाल ने 6 अन्य देशों सहित भारत के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा था। संयुक्त राष्ट्र ने 6 दिसंबर को 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के रूप में मान्यता दी है।

पाकिस्तान: बुशरा बीबी को विरोध प्रदर्शन से जुड़े 32 मामलों में तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत
पाकिस्तान की एक अदालत ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को 26 नवंबर के विरोध प्रदर्शन से जुड़े 32 मामलों में तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत दी है। इनमें एक हत्या का मामला भी है, जो इमरान खान और उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ दर्ज है। इस्लामाबाद में पीटीआई की रैली के दौरान एक कार हादसा हुआ था, कार को कथित तौर पर पीटीआई के समर्थक चला रहे थे। इस हादसे में अर्धसैनिक रेजंर्स के तीन जवानों की मौत हुई थी। जबकि एक अन्य घायल हुआ था। 

भारतीय व्यवसायी डॉ. रवि पिल्लई को मिला बहरीन का सर्वोच्च पुरस्कार
 भारतीय व्यवसायी डॉ. रवि पिल्लई को बहरीन की प्रगति और विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बहरीन के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान 'मेडल ऑफ एफिशिएंसी' से सम्मानित किया गया। वह यह उपाधि पाने वाले एकमात्र विदेशी नागरिक बन गए। बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा ने 16 दिसंबर को आरपी ग्रुप के अध्यक्ष पिल्लई को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया। शाही आदेश के अनुसार, यह पुरस्कार बहरीन में डॉ. पिल्लई के उत्कृष्ट योगदान के लिए महामहिम की गहरी प्रशंसा को दर्शाता है। उन्होंने विशेष रूप से रिफाइनरी संचालन, स्थानीय सामुदायिक विकास और बहरीन की वैश्विक स्थिति को मजबूत करने के क्षेत्र में अहम योगदान दिया है।

गौरतलब है कि पिल्लई का कुल 12 अरब डॉलर का कारोबार है और भारत से बाहर भारतीयों को सबसे अधिक रोजगार देने वाला नियोक्ता है। पिल्लई की कपंनियों में 1,26,000 कर्मचारी काम करते हैं। उनका समूह भारत में सर्वाधिक विदेशी मुद्रा भेजने वाले समूहों में से एक है। पिल्लई भारत के सबसे बड़े निवेशकों में से एक हैं, जहां उनके पास 6 पांच सितारा होटल, 2 अस्पताल और 3 शॉपिंग मॉल हैं। पिल्लई की योजना अगले दो साल में भारत में 2 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed