फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN Houthi West Asia Politics Crime and Global events

World: वेस्ट बैंक में इस्राइल ने ढेर किए तीन फलस्तीनी उग्रवादी; बांदा सागर क्षेत्र में 6.5 तीव्रता का भूकंप

Tue, 28 Oct 2025 11:15 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 28 Oct 2025 11:15 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN Houthi West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

इस्राइली पुलिस ने कहा है कि उन्होंने ने मंगलवार को वेस्ट बैंक के इस्राइली कब्जे वाले इलाके में तीन फलस्तीनी उग्रवादियों को ढेर कर दिया। इस्राइली पुलिस ने बताया के ये लोग जेनिन के करीब एक सुरंग से बाहर निकले थे और दावा किया कि ये लोग इस्राइली पुलिस पर हमले की योजना बना रहे थे। हालांकि इस्राइली पुलिस ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। जेनिन का इलाका फलस्तीनी विद्रोहियों का गढ़ माना जाता है। बयान में कहा गया कि इस्राइली वायुसेना हवाई हमले कर सुरंगों को तबाह कर रही थी, उसी दौरान ये तीनों लोग सुरंग से बाहर निकले, तभी उन्हें ढेर कर दिया गया। हालांकि फलस्तीनी अथॉरिटी का दावा है कि निर्दोष नागरिकों को उग्रवादी बताकर मारा जा रहा है। 

विज्ञापन


बांदा सागर क्षेत्र में 6.5 तीव्रता का भूकंप  
राष्ट्रीय भूकंपीय विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को बांदा सागर क्षेत्र में 6.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह भूकंप भारतीय समयानुसार रात 8:10 बजे समुद्र तल से 148 किलोमीटर की गहराई पर आया। यह क्षेत्र ऑस्ट्रेलियाई और सुंडा प्लेटों के जटिल मिलन बिंदु पर स्थित है, जहां कई सूक्ष्म प्लेटें एक-दूसरे से टकराती रहती हैं। यही कारण है कि बांदा सागर विश्व के सबसे अधिक भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में गिना जाता है। इतिहास में यहां 600 किलोमीटर तक की गहराई वाले कई बड़े भूकंप आ चुके हैं, जिनमें 1938 का 8.5 तीव्रता वाला भूकंप प्रमुख है। हालांकि, इस प्रकार के गहरे भूकंप आमतौर पर सतह पर व्यापक नुकसान नहीं पहुंचाते। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह क्षेत्र पृथ्वी की टेक्टॉनिक गतिविधियों का अध्ययन करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन


आइवरी कोस्ट के राष्ट्रपति अलासाने औटारा चौथी बार चुने गए, शुरुआती नतीजों में 89.7% वोट से जीत
आइवरी कोस्ट के राष्ट्रपति अलासाने औटारा को चौथी बार देश का राष्ट्रपति चुना गया है। शुरुआती नतीजों के अनुसार, 83 वर्षीय औटारा को 89.7 प्रतिशत वोट मिले हैं। रविवार को हुए चुनाव में मतदाता उपस्थिति कम रही और अबीजान की सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। औटारा वर्ष 2011 से सत्ता में हैं और उन्हें देश की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने का श्रेय दिया जाता है। हालांकि, विपक्ष ने उन पर सत्ता पर पकड़ मजबूत करने और लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए हैं। इस चुनाव में उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित किया गया था, जिससे औटारा की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। अंतिम नतीजे नवंबर की शुरुआत तक घोषित किए जा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


लगभग तीन साल बाद एफएटीएफ की 'ग्रे लिस्ट' से बाहर हुआ दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका को लगभग तीन साल बाद फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स की 'ग्रे लिस्ट' से बाहर कर दिया गया है। पेरिस में हुई एफएटीएफ की तीन दिवसीय पूर्ण बैठक के समापन के बाद यह निर्णय लिया गया। इस सूची में शामिल देशों की निगरानी बढ़ा दी जाती है और उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग व आतंकी वित्तपोषण से निपटने के लिए अपनी रणनीतिक खामियां दूर करनी होती हैं। दक्षिण अफ्रीका के नेशनल ट्रेजरी ने कहा कि बीते 32 महीनों के दौरान देश ने एफएटीएफ की टीम के साथ मिलकर एक्शन प्लान के सभी बिंदुओं पर सुधार किए। इस दौरान सरकार ने वित्तीय पारदर्शिता, आतंकवाद विरोधी उपायों और मनी ट्रेल की निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया, जिसके बाद एफएटीएफ ने उसे सूची से हटाने का निर्णय लिया।

पाकिस्तान-बांग्लादेश में रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति
पाकिस्तान और बांग्लादेश के सैन्य नेतृत्व ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। पाकिस्तान के संयुक्त चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल साहिर शमशाद मिर्जा बांग्लादेश के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने ढाका स्थित आर्मी हेडक्वार्टर में बांग्लादेश सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमान से मुलाकात की।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग के विस्तार की सकारात्मक दिशा की सराहना की और सैन्य नेतृत्व के विभिन्न स्तरों पर नियमित आदान-प्रदान जारी रखने का निर्णय लिया। चर्चा में वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य, संयुक्त प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास और आतंकवाद-रोधी अनुभव साझा करने पर भी जोर दिया गया।

दोनों देशों ने दुष्प्रचार और सूचना युद्ध जैसी नई चुनौतियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की और इनसे निपटने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता दोहराई। पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर के अनुसार, दोनों देशों ने आपसी सहयोग को नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता जताई है, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता और रक्षा साझेदारी को बल मिलेगा।

चीनी विदेश मंत्री ने रुबियो से बात की
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की चीनी विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। इस दौरान वांग ने कहा, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच लंबे समय से आदान-प्रदान और एक-दूसरे का सम्मान है। मंत्रालय के अनुसार, उन्होंने शी और ट्रंप के संबंधों को चीन-अमेरिका संबंधों में सबसे मूल्यवान रणनीतिक संपत्ति बताया। यह बातचीत बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग सीईओ शिखर सम्मेलन के दौरान शी और ट्रंप के बीच होने वाली संभावित बैठक से पहले हुई।

सोमवार की बातचीत के बारे में चीन की ओर से जारी बयान में सीधे तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं की गई कि दोनों मिलेंगे, लेकिन व्हाइट हाउस ने पहले कहा था कि वे मिलेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि रुबियो और वांग ने दोनों देशों के नेताओं के बीच अमेरिका-चीन संबंधों के महत्व और आगामी बैठक पर चर्चा की, हालांकि उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। दोनों देशों के वार्ताकारों ने सप्ताहांत में मलेशिया में मुलाकात की ताकि राष्ट्रपतियों के लिए सोयाबीन और टिकटॉक जैसे मुद्दों पर विचार करने हेतु एक रूपरेखा व्यापार समझौते पर बातचीत की जा सके। अपेक्षाकृत शांत अवधि के बाद हाल के हफ्तों में दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार तनाव फिर से बढ़ गया है। बीजिंग अपने दुर्लभ मृदा नियंत्रण का विस्तार कर रहा है और वाशिंगटन चीनी जहाजों पर अतिरिक्त बंदरगाह शुल्क लगाने पर जोर दे रहा है।

डच सांसद की वजह से अप्रवासन मुद्दे पर नीदरलैंड में फिर चुनाव
नीदरलैंड में प्रवासी-विरोधी सांसद गीर्ट वाइल्डर्स के कारण नीदरलैंड में एक बार फिर अचानक चुनाव हो रहे हैं। दरअसल, वाइल्डर्स ने अपने दक्षिणपंथी एजेंडे के चलते गठबंधन सरकार से अपने मंत्रियों को हटा दिया था, जिससे जून में फिर से चुनावों का एलान हुआ। अप्रवासन को नियंत्रित करने का मुद्दा इस बार नीदरलैंड चुनाव अभियान में हावी रहा है। हालांकि, एग्जिट पोल बताते हैं कि अगर वाइल्डर्स फिर से जीतते भी हैं, तब भी उनके के लिए बहुमत का गठबंधन बनाना मुश्किल होगा। वाइल्डर्स ने नीदरलैंड में अप्रवासन को पूरी तरह रोकने के लिए 10 सूत्रीय योजना पर ध्यान केंद्रित किया है। जर्मनी में प्रोफेसर लियोनी डी जोंग ने कहा है कि यह दूर-दक्षिणपंथ की वैश्विक बढ़ोतरी के अनुरूप है।

तिब्बती व्यक्ति को अमेरिका में दो साल से अधिक की जेल
तिब्बत के एक व्यक्ति को वित्तीय लाभ के लिए फर्जी शरण आवेदन जमा करने की साजिश में शामिल होने के लिए दो साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। जानकारी के मुताबिक, तेनजिन नोरबू (56) को 27 महीने की जेल और 170,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भुगतान करने का आदेश दिया गया है। जांच से पता चला कि 2007 से 2018 के बीच, नोरबू ने अपने और कई अन्य लोगों के शरण आवेदन तैयार किए थे, जिनमें झूठी कहानियां गढ़ी गई थीं। जांच के दौरान नोरबू अमेरिका से कनाडा भाग गया था। लेकिन, पांच साल बाद उसे अमेरिका को सौंप दिया गया। कोर्ट के दस्तावेजों में कहा गया है कि यह मामला लगभग 100 लोगों को प्रभावित कर रहा है।

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा इलाज के लिए सिंगापुर रवाना
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस (एनसी) के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा सोमवार रात इलाज के लिए सिंगापुर रवाना हो गए। देउबा पिछले महीने हुए हिंसक ‘जेन-जेड’ प्रदर्शनों में गंभीर रूप से घायल हुए थे।

एनसी के मुख्य सचिव कृष्ण प्रसाद पौडेल ने बताया कि 79 वर्षीय देउबा अपनी पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के साथ काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रात 11 बजकर 5 मिनट पर रवाना हुए। सितंबर में हुए जनरेशन-जेड प्रदर्शनों के दूसरे दिन देउबा दंपती अपने काठमांडू स्थित आवास से सेना द्वारा बचाए गए थे। दोनों को सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के मुताबिक देउबा के सिर और गर्दन पर 12 टांके आए थे।

युगांडा के राष्ट्रपति ने भारतीय समुदाय संग मनाया दिवाली पर्व
युगांडा गणराज्य के राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी ने 26 अक्तूबर 2025 को एंटेब्बे स्थित स्टेट हाउस में भारतीय समुदाय के सम्मान में डिनर का आयोजन किया। यह विशेष आयोजन दिवाली पर्व के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर भारतीय दूतावास, युगांडा के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

वेनेजुएला ने त्रिनिदाद के साथ ऊर्जा समझौते रद्द करने की दी धमकी
वेनेजुएला ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के साथ ऊर्जा समझौतों को रद्द करने की चेतावनी दी है। दरअसल, त्रिनिदाद ने अमेरिकी युद्धपोत USS ग्रेवली को अपने तट पर ठहरने की अनुमति दी है, जो मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में शामिल है। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने इसे अमेरिका की युद्ध छेड़ने वाली नीति का हिस्सा बताया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से 2015 के प्राकृतिक गैस समझौते से हटने की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद का यह कदम वेनेजुएला के खिलाफ एक शत्रुतापूर्ण कार्रवाई है। वहीं, त्रिनिदाद सरकार का कहना है कि अमेरिका के साथ ऐसे सैन्य अभ्यास नियमित रूप से होते रहते हैं।

श्रीलंकाई नौसेना ने पोत चालक दल के 9 भारतीयों समेत 14 लोगों को बचाया
वाणिज्यिक पोत ‘इंटीग्रिटी स्टार’ के इंजन में खराबी आने के बाद श्रीलंकाई नौसेना द्वारा बचाए गए उसके चालक दल के 14 सदस्यों में नौ भारतीय भी शामिल हैं। नौसेना प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपत ने बताया कि श्रीलंका से 100 समुद्री मील दक्षिण में स्थित पोत इंजन की खराबी के कारण संकट में आ गया था और उसका चालक दल बहुत ही परेशान था। श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता संपत ने बताया कि पोत के संकट में होने की सूचना मिलने के बाद रक्षा मंत्रालय के निर्देशों के तहत ‘समुद्रा’ पोत को खोज और बचाव अभियान में तैनात किया गया और उसे दक्षिणी बंदरगाह हंबनटोटा लाया गया।

मेडागास्कर: पूर्व राष्ट्रपति राजोइलिना की नागरिकता छीनी
मेडागास्कर के सैन्य शासन ने तख्तापलट करने के एक सप्ताह बाद अपदस्थ राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना की नागरिकता छीन ली है। राजोइलिना विरोध प्रदर्शन के बाद देश छोड़कर चले गए हैं। उनके पास फ्रांसीसी नागरिकता भी है। नए पीएम हेरिन्त्सलामा राजोनारिवेलो ने एक ऐसे कानून पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें अन्य देश की नागरिकता वाले देशवासियों की नागरिकता वापस लेने का प्रावधान है।

अमेरिका में शटडाउन से हजारों उड़ानें लेट
यातायात नियंत्रण की कमी से पूरे अमेरिका में 8,000 से ज्यादा उड़ानें लेट हैं। यातायात नियंत्रकों की अनुपस्थिति ने हवाई यात्रा बाधित की और संघीय सरकार का बंद (शटडाउन) 26वें दिन भी जारी रहा। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा, संघीय उड्डयन प्रशासन को 22 जगह हवाई कर्मियों की कमी झेलनी पड़ी। इसके चलते आगामी दिनों में और उड़ानों में देरी व रद्दीकरण संभव है। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट, फ्लाइटअवेयर के अनुसार, 1 अक्तूबर को सरकारी शटडाउन शुरू होने के बाद से देरी औसत से ज्यादा रही है।

मध्य इंग्लैंड के नेशनल मेमोरियल आर्बोरेटम में आयोजित हुआ बड़ा समारोह
किंग चार्ल्स तृतीय ने सोमवार को ब्रिटेन के पहले राष्ट्रीय स्मारक को समर्पित किया, जो LGBTQ+ (लेस्बियन, गे, बाइसेक्शुअल और ट्रांसजेंडर) सैनिकों के सम्मान में बनाया गया है। यह समारोह मध्य इंग्लैंड के नेशनल मेमोरियल आर्बोरेटम में आयोजित हुआ। स्मारक को उन सैनिकों की याद में बनाया गया है जिन्हें 1967 से 2000 के बीच समलैंगिक या ट्रांसजेंडर होने के कारण सेना से निष्कासित कर दिया गया था। किंग चार्ल्स ने समारोह में फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 1999 में यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय के आदेश के बाद ब्रिटेन ने सेना में समलैंगिकता पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया था। 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इस अन्याय के लिए औपचारिक माफी मांगी थी और पीड़ित सैनिकों को मुआवजा देने की योजना शुरू की थी।
 

नेपाल में लगे भूकंप के झटके

भारत के पड़ोसी देश नेपाल में मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 रही और इसका केंद्र नेपाल कोसी राज्य के संखुवसाभा जिला रहा। अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप के झटके मंगलवार सुबह 7.32 बजे महसूस किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed