वर्ल्ड अपडेट्स: चटगांव से ढाका जेल भेजे गए संत चिन्मय दास; चीन यात्रा पर किम जोंग से मिल सकते हैं ट्रंप
बांग्लादेश के प्रमुख हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार को अचानक चटगांव सेंट्रल जेल से ढाका सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। इस अचानक हुए तबादले को लेकर उनके वकीलों और समर्थकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता चिन्मय दास को सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव से ढाका ले जाया गया, जहां उनका वाहन स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंचा। चिन्मय कृष्ण दास के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी एक वैष्णव संत और कठोर शाकाहारी हैं, जो केवल अपने हाथ का बना भोजन ही ग्रहण करते हैं। वकील ने बताया कि संत चिन्मय लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और हर तरह का खाना नहीं खा सकते। ढाका सेंट्रल जेल में खुद खाना बनाने की सुविधा न होने के कारण वे अब तक केवल फल खाकर ही रह रहे हैं। इससे उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
चीन में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग से मुलाकात कर सकते हैं ट्रंप, परमाणु कार्यक्रम पर होगी बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि चीन यात्रा के दौरान वह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ फिर से बातचीत शुरू करना चाहता है। ट्रंप की एशिया यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद उनका प्रशासन वाशिंगटन में बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि वह शेनझेन में अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे। एशियाई यात्रा पर रवाना होने से पहले ट्रंप ने मीडिया के साथ बातचीत में यूक्रेन को अपना पसंदीदा विषय बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोग यूक्रेन को खो रहे हैं। रूस को हर महीने 25 हजार सैनिकों का नुकसान हो रहा है। एशियाई यात्रा के दौरान ट्रंप का ध्यान आर्थिक समझौतों पर भी होगा। एशिया की उनकी यह यात्रा मनीला से शुरू होकर चीन के तकनीकी केंद्र शेनझेन तक जाएगी।
